कभी भी बदल सकता है मौसम का मूड, पूरी तरह से नहीं गई है ठंडी; पहाड़ी राज्यों बारिश का अलर्ट
देशभर में तापमान बढ़ने के बीच IMD ने 27-28 फरवरी को कुछ राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ेगी, जबकि दिल्ली, यूपी और राजस्थान में गर्मी का असर तेज होगा.
आजकल मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है. कई लोग सोच रहे होंगे कि अब सर्दी पूरी तरह खत्म हो गई और गर्मी का दौर शुरू हो गया है. हां, यह बात काफी हद तक सही है, क्योंकि ज्यादातर इलाकों में तापमान बढ़ने लगा है और दिन काफी गर्म महसूस हो रहे हैं. लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने अभी एक ऐसी जानकारी दी है, जो थोड़ी चिंता वाली है. उन्होंने बताया है कि आज यानी 27 फरवरी 2026 को कुछ राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. खासकर पहाड़ी इलाकों में। इससे वहां ठंड फिर से बढ़ सकती है और आस-पास के मैदानी इलाकों पर भी इसका कुछ असर पड़ सकता है.
IMD के अनुसार, अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है यानी गर्मी और बढ़ेगी. गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है. लेकिन दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण 27-28 फरवरी और फिर 2-4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.
बारिश का अलर्ट
ये बर्फबारी ज्यादा भारी नहीं होगी, लेकिन पहाड़ों पर ठंडक जरूर बढ़ा देगी. इसके अलावा, 26 फरवरी को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में और 27-28 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. केरल, तमिलनाडु, असम और मेघालय जैसे राज्यों में भी गरज-बिजली गिरने और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कुल मिलाकर, देश के कुछ हिस्सों में अभी भी मौसम का मिजाज बदल रहा है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली और आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तेज हवाएं चल रही हैं. इन हवाओं की वजह से प्रदूषण काफी कम हुआ है और हवा साफ-सुथरी हो गई है. AQI में अच्छी गिरावट आई है, जो लोगों के लिए राहत की बात है. मौसम विभाग कहता है कि आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम बना रह सकता है. आज यानी 27 फरवरी को आसमान साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम को हल्के बादल छा सकते हैं. हल्की धुंध भी सुबह-शाम दिख सकती है. तापमान की बात करें तो आज अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा और न्यूनतम 14-16 डिग्री के बीच. आने वाले 2-3 दिनों में तापमान धीरे-धीरे और बढ़ेगा. तो गर्म कपड़े अब धीरे-धीरे अलमारी में रख सकते हैं, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंडक अभी बनी रहेगी.
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी अब सर्दी पीछे हट रही है और गर्मी आगे बढ़ रही है. अगले एक हफ्ते में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा रह सकता है यानी दिन काफी गर्म होंगे। फिलहाल राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी का अलर्ट नहीं है. मौसम शुष्क और साफ रहेगा. बस हल्की धुंध सुबह के समय हो सकती है. बिहार में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. मार्च शुरू होते ही गर्मी और तेज हो जाएगी, तापमान 4 डिग्री तक ज्यादा हो सकता है. अगले 2-3 दिनों में कोई खास बदलाव नहीं दिख रहा. बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. दिन गर्म और रातें अब थोड़ी कम ठंडी होंगी.
हिमाचल प्रदेश और राजस्थान का मौसम
हिमाचल प्रदेश में अभी गर्म कपड़े संभाल कर रखिए, क्योंकि ठंड अभी गई नहीं है. मौसम विभाग ने 27 फरवरी को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. फिर 2 से 4 मार्च के बीच भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है. पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ेगी, सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं, और पर्यटकों को सावधानी बरतनी होगी. राजस्थान में अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहेगा. दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी. बाड़मेर जैसे सीमावर्ती इलाकों में कल भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री से ऊपर रहा था. आज भी ऐसा ही रह सकता है, जैसे बाड़मेर में 36 डिग्री के आस-पास और फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री के आस-पास. कोई बारिश नहीं, बस गर्मी बढ़ती रहेगी.




