Begin typing your search...

हर साल 3 फ्री सिलेंडर, फ्री बस यात्रा, नया एयरपोर्ट टर्मिनल... सीएम विजय ने तमिलनाडु की जनता के लिए क्या-क्या किए बड़े ऐलान?- 8 पॉइंट्स

तमिलनाडु के सीएम विजय ने जनता के लिए सरकार का खजाना खोल दिया है. उन्होंने हर साल 3 फ्री सिलेंडर और महिलाओं के लिए बसों में फ्री यात्रा की घोषणा की है.

Tamil Nadu CM Vijay
X

Tamil Nadu CM Vijay

( Image Source:  ANI )

तमिलनाडु के सीएम विजय ने विधानसभा में कई अहम योजनाओं और फैसलों की घोषणा की. इनमें 25 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का विस्तार और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए फ्री बस सेवा जैसे बड़े ऐलान शामिल हैं. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चेन्नई के पास परंदूर में प्रस्तावित एयरपोर्ट को लेकर सरकार का रुख साफ किया और मीनांबक्कम स्थित मौजूदा चेन्नई एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल 5 बनाने की घोषणा की.

सीएम विजय ने क्या-क्या किए बड़े ऐलान?

1. तमिलनाडु सरकार की 'अन्नपूर्णी सुपर सिक्स' योजना के तहत 25 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले पात्र परिवारों को हर साल तीन एलपीजी सिलेंडर की लागत सरकार की ओर से दी जाएगी. यह योजना पोंगल 2027 से लागू होने की बात कही गई है. सरकार के अनुमान के मुताबिक, करीब 13 लाख परिवारों को इसका लाभ मिलेगा.

2. योजना के तहत लाभार्थी एलपीजी सिलेंडर खरीदेंगे और उसकी लागत सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी. इस योजना पर राज्य सरकार को हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे.

3. सीएम विजय ने योजना की घोषणा करते हुए खाड़ी क्षेत्र में चल रही युद्ध की स्थिति का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इससे खाना पकाने वाली गैस की उपलब्धता और कीमतों को लेकर परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है. गौरतलब है कि चुनाव से पहले तमिलगा वेट्ट्री कज़गम ने हर साल छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का वादा किया था.

4. सरकार ने महिलाओं के लिए चल रही 'वेट्री पयाना थिट्टम' योजना का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है. अब महिलाओं को सामान्य बसों के अलावा एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. यह सुविधा अंतर-जिला बस सेवाओं तक भी बढ़ाई जाएगी.

5. मौजूदा व्यवस्था में महानगरों और शहरी क्षेत्रों में सामान्य तथा पहाड़ी मार्गों पर चलने वाली बसों में महिलाओं को 40 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती थी. एक्सप्रेस, एलएसएस, डीलक्स और उपनगरीय सेवाएं इस दायरे में नहीं आती थीं, नई व्यवस्था में महानगरों और शहरी इलाकों की एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स सरकारी बसों में भी महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी.

6. विजय सरकार के इस फैसले से राज्य के खजाने पर हर साल करीब 6,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ने का अनुमान है. मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा "इस सरकार का प्राथमिक लक्ष्य सामाजिक न्याय का सिद्धांत है, जिसके तहत तमिलनाडु के किसी भी हिस्से में रहने वाली किसी भी महिला को परिवहन लागत के कारण अपने अवसरों से वंचित नहीं होना चाहिए."

7. मुख्यमंत्री ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए भी मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की है. सरकार के इस कदम का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को अधिक समावेशी बनाना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत देना बताया गया है.

8. मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई के पास परंदूर में प्रस्तावित एयरपोर्ट को लेकर सरकार का रुख दोहराया. उन्होंने कहा कि सरकार मौजूदा प्रस्तावित स्थल पर परियोजना को आगे नहीं बढ़ाएगी. परियोजना का स्थानीय किसानों और निवासियों की ओर से विरोध किया जाता रहा है. विजय ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक स्थानों की तलाश कर रही है.

अगला लेख