Begin typing your search...

बक्से में सीमेंट डालकर लाश छिपाई, फिर खुद ही दर्ज कराई मिसिंग रिपोर्ट, पत्नी की हत्या का खौफनाक राज बेटे के एक कदम से खुला!

गुजरात के सूरत में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर शव को लकड़ी के बक्से में छिपाकर सीमेंट से ढक दिया.

बक्से में सीमेंट डालकर लाश छिपाई, फिर खुद ही दर्ज कराई मिसिंग रिपोर्ट, पत्नी की हत्या का खौफनाक राज बेटे के एक कदम से खुला!
X
( Image Source:  AI GENERATED IMAGE- GEMINI )

Surat News: गुजरात के सूरत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करा दी.

आरोपी की पहचान 40 वर्षीय विशाल साल्वी के रूप में हुई है. उसने पुलिस को बताया कि उसकी 39 साल की पत्नी शिल्पा साल्वी, जो पेशे से डाइटिशियन थीं, चार दिन पहले लापता हो गई हैं. इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

कैसे हुआ मामले में खुलासा?

जांच के दौरान मामला उस समय पलट गया जब पुलिस को दंपति के घर से एक हाथ से लिखा नोट मिला. यह नोट कथित तौर पर विशाल साल्वी ने ही लिखा था. यह नोट उनके नाबालिग बेटे को मिला, जिसने इसे पुलिस को सौंप दिया. इसमें आरोपी ने कनफैशन जैसा मैसेज लिखा था, जिसमें उसने कहा कि उससे बड़ी गलती हुई है और शिल्पा अब जीवित नहीं हैं.

पुलिस ने क्या किया?

इसके बाद पुलिस ने जांच का रुख बदलते हुए इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की. सुरागों के आधार पर पुलिस सलाबतपुरा थाना क्षेत्र में एक पुराने, खाली पड़े मकान तक पहुंची, जो आरोपी से जुड़ा बताया जा रहा है.

बक्से में लाश डालकर डाला था सीमेंट?

जब पुलिस ने उस मकान का ताला तोड़ा तो कमरे के एक कोने में रखे लकड़ी के बक्से से तेज बदबू आ रही थी. बक्से के अंदर लापता महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. बताया गया कि शव को छिपाने के लिए उस पर कच्चा सीमेंट भी डाला गया था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने से लगभग चार से पांच दिन पहले की गई हो सकती है.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कनन देसाई ने पुष्टि की कि जांच गुमशुदगी की शिकायत के बाद शुरू हुई थी, लेकिन नोट मिलने के बाद मामला हत्या की ओर मुड़ गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है.

क्या चल रहा था विवाद?

शुरुआती पूछताछ और परिचितों के बयानों से पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोप है कि पति को पत्नी के कथित अवैध संबंधों पर शक था, जिसे जांच में एक संभावित कारण माना जा रहा है. फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी तलाश में जुटी हैं.

अगला लेख