NEET PG 2026 New Rules: 180 सवाल, 210 मिनट और घर के पास परीक्षा केंद्र; 10 पॉइंट्स में जानें कौन-कौन से हुए बदलाव
नीट पीजी 2026 की परीक्षा 30 अगस्त को होने वाली है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने कुछ बदलाव किए हैं. अब छात्रों को अपने घर के पास एग्जाम सेंटर पाने का मौका मिलेगा.
NEET PG 2026 new rules
NEET-PG 2026 के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई बड़े बदलावों की घोषणा की है. अब अभ्यर्थियों को दूर-दराज के शहरों में परीक्षा देने के लिए लंबी यात्रा करने की परेशानी से राहत मिल सकती है. नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्र आवंटन, परीक्षा पैटर्न और सुरक्षा व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 30 अगस्त को होने वाली NEET-PG 2026 परीक्षा से पहले उम्मीदवारों के हित में इन बदलावों की जानकारी दी है. सरकार का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाना है, ताकि सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिल सके.
कौन-कौन से हुए बदलाव?
1. NEET-PG 2026 में सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा केंद्र आवंटन प्रणाली में किया गया है. अब पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर केंद्र नहीं दिए जाएंगे. नई व्यवस्था के अनुसार, उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के लिए तीन पसंदीदा राज्यों का चयन करना होगा. इस बदलाव से उम्मीदवारों को उनके घर के आसपास परीक्षा केंद्र मिलने की संभावना बढ़ेगी.
2. पहले कई उम्मीदवारों को परीक्षा शहर और केंद्र की जानकारी परीक्षा से कुछ दिन पहले मिलती थी, जिससे यात्रा और रहने की व्यवस्था करने में परेशानी होती थी. अब NEET-PG 2026 के उम्मीदवारों को परीक्षा से करीब तीन सप्ताह पहले ही परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी.
3. NEET-PG 2026 के लिए कुल 2,73,183 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है. यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में करीब 12.5 प्रतिशत अधिक है. बढ़ती उम्मीदवार संख्या को देखते हुए परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
4. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किया है. अब उम्मीदवारों को कुल 180 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे. परीक्षा की अवधि 210 मिनट होगी.
पहले परीक्षा में 200 प्रश्न होते थे और अधिकतम अंक 800 निर्धारित थे.
5. पिछली कुछ परीक्षाओं में परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित करनी पड़ी थी. लेकिन NEET-PG 2026 को एक ही शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा. मंत्रालय का कहना है कि इससे सभी उम्मीदवारों के लिए प्रश्न पत्र के स्तर और कठिनाई में समानता बनी रहेगी और मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष होगी.
6. परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा केंद्र दोनों स्तरों पर आधार आधारित प्रमाणीकरण लागू किया गया है. यदि फिंगरप्रिंट सत्यापन में समस्या आती है, तो उम्मीदवारों की पहचान के लिए आइरिस आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण का इस्तेमाल किया जाएगा.
7. मंत्रालय ने प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए कई स्तरों वाली सुरक्षा प्रणाली लागू की है. इसमें कई स्तरों का एन्क्रिप्शन, सुरक्षित ऑफलाइन प्रश्न पत्र तैयारी, परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्रश्न पत्रों को अंतिम रूप देना और परीक्षा समय पर नियंत्रित डिजिटल डिक्रिप्शन शामिल हैं.
8. NBEMS ने परीक्षा में प्रतिरूपण (Impersonation), दलाली और अन्य अनुचित गतिविधियों की शिकायत के लिए एक विशेष ईमेल व्यवस्था शुरू की है. इसके अलावा उम्मीदवारों को लगातार जागरूकता संदेश और दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे.
9. NEET-PG 2026 परीक्षा देशभर के लगभग 340 शहरों, 1,300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 60,000 से अधिक परीक्षा कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी.
10. परीक्षा की निगरानी के लिए कई सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे. इनमें परीक्षा केंद्रों की पहले से सीलिंग और जांच, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, उम्मीदवारों की तलाशी, सिग्नल जैमर, डायनेमिक कंप्यूटर आवंटन, केंद्रीय और क्षेत्रीय कमांड सेंटर से लाइव निगरानी और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों और मूल्यांकनकर्ताओं की तैनाती शामिल हैं.




