Begin typing your search...

मुंबई में छठ पूजा पर क्यों छिड़ी सियासी जंग? आमने-सामने राज ठाकरे और बीजेपी, 15 Points में जानें पूरा मामला

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के मौके पर बजाए जा रहे भोजपुरी गाने शिवसेना (UBT) और MNS के विरोध के बाद बंद कर दिए गए. राज ठाकरे ने बीजेपी पर यूपी चुनाव के लिए मुंबई में सांस्कृतिक विवाद खड़ा करने और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया. शिवसेना नेता आनंद दुबे ने छठ पूजा की परंपरा का समर्थन किया, जबकि रेलवे संगीत बजाने के फैसले को यात्रियों के लिए उत्सवी माहौल बनाने की पहल बता चुका है.

Mumbai Bhojpuri Music Row Raj Thackeray Accuses BJP of Using Chhath Puja for Political Gains
X

Mumbai Chhath Puja Controversy: मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के मौके पर बजाए जा रहे भोजपुरी गानों को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है. मध्य रेलवे ने छठ के अवसर पर स्टेशनों और टर्मिनस पर भोजपुरी संगीत बजाने की व्यवस्था की थी, ताकि यात्रियों के बीच त्योहार का माहौल बनाया जा सके, लेकिन शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इस पर आपत्ति जताई. उनका आरोप था कि महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय संस्कृति थोपने की कोशिश की जा रही है. विरोध बढ़ने के बाद रेलवे ने भोजपुरी गाने बजाना बंद कर दिया। इस मुद्दे पर MNS प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबी पोस्ट लिखकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी छठ पूजा के बहाने मुंबई में सांस्कृतिक विवाद खड़ा करना चाहती है और इसके पीछे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति है.

राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में बीजेपी की राजनीति को 'बांटो और राज करो' की रणनीति बताया. उनका आरोप है कि बीजेपी चुनाव के समय कभी हिंदू-मुस्लिम, कभी जाति और कभी क्षेत्रीय पहचान के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करती है. उन्होंने मराठी लोगों से अपील की कि वे बीजेपी के बनाए विवादों में न उलझें और महाराष्ट्र की राजनीति का जवाब अपने तरीके से दें.

दूसरी तरफ, शिवसेना नेता आनंद दुबे ने छठ पूजा का विरोध करने वालों पर सवाल उठाते हुए कहा कि छठी मैया प्रकृति की देवी हैं और उत्तर भारत के लोग जहां भी रहते हैं, वहां यह पर्व श्रद्धा से मनाते हैं. उनके मुताबिक, महाराष्ट्र की संस्कृति हमेशा से एकता और भाईचारे की रही है. वहीं, बीजेपी नेता राम कदम ने कहा कि राज ठाकरे का पोस्ट लगातार चुनावों में मिली हार पर उनकी हताशा और निराशा को दिखाता है.

ऐसे में सवाल है कि छठ पूजा के लिए रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने का मामला इतना बड़ा राजनीतिक विवाद कैसे बन गया? राज ठाकरे के आरोपों के पीछे क्या सियासी वजह है और रेलवे ने आखिर गाने बंद क्यों किए? आइए 15 Points में समझते हैं...

1. छठ पूजा पर रेलवे स्टेशनों में भोजपुरी गाने क्यों बजाए जा रहे थे?

छठ पूजा बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में बड़े पैमाने पर मनाया जाने वाला पर्व है. मुंबई और आसपास के इलाकों में भी उत्तर भारतीय समुदाय की बड़ी आबादी रहती है. छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांव और शहरों में त्योहार मनाने के लिए जाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे ने अपने कुछ प्रमुख स्टेशनों और टर्मिनस पर भोजपुरी संगीत बजाने की व्यवस्था की थी.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे बोर्ड के निर्देश पर यात्रियों के बीच त्योहार का माहौल बनाने के लिए ऐसा किया गया था. रेलवे के सार्वजनिक उद्घोषणा सिस्टम पर सामान्य दिनों में भी गाने, जिंगल और जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाते हैं. छठ के मौके पर इस सप्ताह उत्तर भारतीय संगीत बजाया जा रहा था.

2. छठ पूजा के दौरान मुंबई से चलती हैं स्पेशल ट्रेनें

छठ पूजा के दौरान मुंबई से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, नौकरीपेशा लोग और उनके परिवार त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौटते हैं. यात्रियों की इस भीड़ को देखते हुए रेलवे हर साल विशेष ट्रेनों का संचालन करता है. इस बार भी छठ पूजा के मद्देनजर मुंबई के प्रमुख टर्मिनस से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जा रही है. रेलवे का कहना था कि भोजपुरी गाने बजाने का उद्देश्य इसी त्योहार के माहौल को ध्यान में रखना था... लेकिन यह पहल राजनीतिक विवाद में बदल गई.

3. शिवसेना (UBT) और MNS ने क्यों जताई आपत्ति?

भोजपुरी गाने बजाए जाने पर सबसे पहले शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से विरोध सामने आया. दोनों दलों ने इसे महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय संस्कृति थोपने की कोशिश बताया. इन पार्टियों की राजनीति लंबे समय से मराठी अस्मिता और स्थानीय लोगों के अधिकारों के मुद्दों के इर्द-गिर्द रही है. शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने भी इस मामले पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मुंबई में उत्तर भारतीय मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रही है. राउत ने सवाल किया कि रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने क्यों बजाए जा रहे हैं, जबकि दिवाली, ईद और क्रिसमस जैसे त्योहारों पर इस तरह संगीत बजाने की व्यवस्था नहीं की जाती.

4. रेलवे ने विरोध के बाद भोजपुरी गाने बजाना क्यों बंद किया?

इस विवाद के बढ़ने के बाद मध्य रेलवे ने स्टेशनों और टर्मिनस पर भोजपुरी संगीत बजाना बंद कर दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे कर्मचारी संगठन महाराष्ट्र नवनिर्माण रेलवे कामगार सेना के प्रमुख जीतू पाटिल ने डिविजनल रेलवे मैनेजर से मुलाकात की थी। इसके बाद गाने बंद किए जाने की जानकारी सामने आई. हालांकि, रेलवे की ओर से शुरुआत में यह स्पष्ट किया गया था कि संगीत बजाने का फैसला रेलवे बोर्ड के निर्देश पर लिया गया था. रेलवे का उद्देश्य छठ पूजा के मौके पर यात्रियों के लिए उत्सव जैसा माहौल तैयार करना था... लेकिन विरोध के बाद यह व्यवस्था जारी नहीं रखी गई. इस फैसले ने एक बार फिर मुंबई में उत्तर भारतीय और मराठी अस्मिता की राजनीति को चर्चा में ला दिया.

5. राज ठाकरे ने बीजेपी पर क्या आरोप लगाए?

MNS प्रमुख राज ठाकरे ने X पर पोस्ट लिखकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके सोशल मीडिया तंत्र की ओर से छठ पूजा के मुद्दे का इस्तेमाल मुंबई में तनाव पैदा करने के लिए किया जा रहा है. उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर छठ पूजा की परंपराओं से जुड़े वीडियो और रील साझा करके इसे महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमले के तौर पर पेश किया जा रहा है.

राज ठाकरे ने यह भी कहा कि कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिश की गई, जिसे MNS ने रोक दिया. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को इस बात से परेशानी है कि मुंबई में वह विवाद खड़ा नहीं हो पाया, जिसकी उसे उम्मीद थी. राज ठाकरे के मुताबिक, यह पूरी कवायद अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर की जा रही है.

6. राज ठाकरे ने बीजेपी की 'बांटो और राज करो' राजनीति पर क्या कहा?

राज ठाकरे ने अपनी पोस्ट में बीजेपी पर चुनावी फायदे के लिए अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव पैदा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय हिंदू-मुस्लिम मुद्दे उठाए जाते हैं, जबकि राज्यों के चुनाव के दौरान जाति और क्षेत्रीय पहचान के आधार पर विवाद खड़े किए जाते हैं. उन्होंने पिछले साल मुंबई में कबूतरखाने के मुद्दे का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि BMC चुनाव से पहले गुजराती और मराठी समुदायों के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश की गई थी.

राज ठाकरे का कहना है कि बीजेपी अपनी सरकार के कामकाज के आधार पर चुनाव जीतने के बजाय अलग-अलग समूहों के बीच टकराव की राजनीति करती है. उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी कटाक्ष किया

7. मराठी लोगों से राज ठाकरे की क्या अपील?

राज ठाकरे ने अपनी पोस्ट में मराठी समाज से अपील की कि वह बीजेपी के तय किए हुए विवादों में न उलझे. उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की गुरिल्ला युद्ध रणनीति का जिक्र करते हुए कहा कि मराठी लोगों को यह तय करना चाहिए कि कब और किस तरीके से जवाब देना है. उनका संदेश था कि महाराष्ट्र के लोगों को किसी दूसरे के बनाए राजनीतिक मैदान में लड़ने की जरूरत नहीं है.

ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों को अपने राज्य के हितों और मराठी अस्मिता से जुड़े मुद्दों पर सजग रहना चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधन एक बड़े उद्योगपति और उनके सहयोगियों को सौंपे जा रहे हैं.

8. महाराष्ट्र की राजनीति और उद्योगपतियों को लेकर भी बीजेपी पर निशाना

राज ठाकरे ने अपनी पोस्ट को केवल छठ पूजा और भोजपुरी संगीत तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने महाराष्ट्र में जमीन, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों को लेकर भी राज्य और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए. उनका आरोप है कि महाराष्ट्र के संसाधनों को चुनिंदा उद्योगपतियों के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने सह्याद्री पर्वत श्रृंखला का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के जंगलों और जमीनों को लेकर भी चिंता बढ़ रही है. ठाकरे ने मराठी समाज से अपील की कि वह राज्य में हो रहे बदलावों को लेकर सजग रहे और केवल किसी एक घटना पर प्रतिक्रिया देकर बाकी मुद्दों को न भूले.

9. शिवसेना नेता आनंद दुबे ने क्या कहा?

इस पूरे विवाद पर शिवसेना नेता आनंद दुबे ने छठ पूजा के महत्व को सामने रखा. उन्होंने कहा कि छठी मैया को प्रकृति की देवी माना जाता है और धार्मिक मान्यता के अनुसार वह भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री और सूर्यदेव की बहन हैं. उत्तर भारत के लोग दुनिया के जिस भी हिस्से में रहते हैं, वहां महिलाएं अपने बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना के लिए यह व्रत करती हैं.

आनंद दुबे ने कहा कि कुछ लोगों की ओर से इस पर्व का विरोध किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. हालांकि, रेलवे स्टेशनों पर संगीत बजाने के सवाल पर उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे स्टेशन यात्रियों को जरूरी जानकारी देने के लिए होते हैं और रेलवे प्रशासन को सुविधाओं का इस्तेमाल उनके निर्धारित उद्देश्य के अनुसार करना चाहिए. उन्होंने महाराष्ट्र की संस्कृति को एकता और भाईचारे की संस्कृति बताया.

10. बीजेपी नेता राम कदम ने क्या कहा?

राज ठाकरे की X पोस्ट पर BJP नेता राम कदम ने कहा कि राज ठाकरे की पोस्ट हाल ही में हुए नगर निगम और विभिन्न विधानसभा चुनावों में मिली हार से उपजी उनकी हताशा और निराशा को दर्शाती है. भाषा को लेकर विवाद खड़ा करके राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश करना, केवल ओछी राजनीति है..'

राम कदम ने पूछा कि क्या छठ पूजा कोई चुनावी मुद्दा हो सकता है? यह आस्था और श्रद्धा का त्योहार है, जिसे अनगिनत लोग पूरी श्रद्धा के साथ मनाते हैं... लोगों को यह बिल्कुल पसंद नहीं आता कि हर मुद्दे को ओछी राजनीति का रूप दे दिया जाए, और यही कारण है कि जनता ने आपको हर चुनाव में नकार दिया है..."

11. किशोरी पेडनेकर और MNS ने भी उठाए सवाल

शिवसेना (UBT) की BMC पार्षद और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी भोजपुरी गाने बजाने पर आपत्ति जताई. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया. साथ ही, उन्होंने तेज आवाज में संगीत बजाने को ध्वनि प्रदूषण के नियमों से जोड़कर सवाल उठाए. वहीं, MNS के मुंबई प्रमुख और पार्षद यशवंत किल्लेदार ने भी रेलवे के फैसले का विरोध किया. उन्होंने बताया कि रेलवे कामगार सेना के प्रमुख जीतू पाटिल की DRM से मुलाकात के बाद गाने बंद किए गए. इस बीच बांगंगा टैंक में छठ पूजा आयोजन को लेकर भी आपत्ति जताई गई. MNS की ओर से D वार्ड के सहायक नगर आयुक्त से इस आयोजन को रोकने की मांग की गई, ताकि ऐतिहासिक जलाशय में प्रदूषण न हो.

12. क्या छठ पूजा का विरोध है या भोजपुरी संगीत बजाने के तरीके पर विवाद?

इस पूरे मामले में एक अहम अंतर समझना जरूरी है. छठ पूजा एक धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है, जिसे मुंबई सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में लाखों लोग मनाते हैं. रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की व्यवस्था को लेकर विरोध सामने आया है, लेकिन इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि सभी विरोध करने वाले लोग छठ पूजा के खिलाफ हैं.

विवाद के केंद्र में रेलवे के सार्वजनिक उद्घोषणा सिस्टम का इस्तेमाल, महाराष्ट्र की क्षेत्रीय अस्मिता और उत्तर भारतीय संस्कृति को लेकर राजनीतिक आरोप हैं. कुछ नेताओं ने इसे सांस्कृतिक हस्तक्षेप बताया, जबकि दूसरे पक्ष ने इसे त्योहार के माहौल से जोड़कर देखा. ऐसे में छठ पूजा की धार्मिक आस्था और रेलवे स्टेशन पर संगीत बजाने के प्रशासनिक फैसले को अलग-अलग समझना जरूरी है.

13. यूपी चुनाव से मुंबई की राजनीति को जोड़ने की वजह क्या है?

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. मुंबई में उत्तर प्रदेश और बिहार से आए लोगों की बड़ी आबादी है. ऐसे में उत्तर भारतीय मतदाता महाराष्ट्र की राजनीति में भी अहम भूमिका निभाते हैं. इसी सामाजिक और राजनीतिक समीकरण को ध्यान में रखकर राज ठाकरे और संजय राउत ने भोजपुरी संगीत के मुद्दे को यूपी चुनाव से जोड़कर देखा है.

Follow us on Whatsapp

राज ठाकरे का आरोप है कि बीजेपी उत्तर भारतीय मतदाताओं को साधने के लिए मुंबई में इस तरह के मुद्दे उठा रही है. वहीं, विरोध करने वाले दल इसे महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ रहे हैं. दूसरी ओर, छठ पूजा के समर्थकों का कहना है कि लोगों को अपने त्योहार मनाने और धार्मिक परंपराओं का पालन करने की पूरी आजादी होनी चाहिए. इस विवाद ने दिखाया है कि मुंबई में त्योहार, भाषा और क्षेत्रीय पहचान किस तरह चुनावी राजनीति का हिस्सा बन सकते हैं.

14. त्योहार, भाषा और सियासत के बीच फंसा मुंबई

मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने और फिर बंद करने का मामला अब केवल रेलवे के एक फैसले तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें मराठी अस्मिता, उत्तर भारतीय समुदाय की सांस्कृतिक पहचान, छठ पूजा की परंपरा और आगामी यूपी चुनाव की राजनीति जैसे कई पहलू जुड़ गए हैं.

Follow us on Instagram

राज ठाकरे ने बीजेपी पर समाज को बांटने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे नेताओं ने छठ पूजा के सम्मान और महाराष्ट्र की एकता की बात कही है. असल चुनौती यही है कि त्योहारों को राजनीतिक टकराव का मुद्दा बनाए बिना हर समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान कैसे किया जाए.

15. ठाकरे ने क्या छठ पूजा का किया था विरोध?

फरवरी 2008 में MNS के उत्तर भारतीय विरोधी अभियान के दौरान राज ठाकरे ने मुंबई में होने वाले छठ पूजा आयोजनों का खुलकर विरोध किया था. उन्होंने छठ पूजा को 'नाटक' और उत्तर भारतीयों का 'शक्ति प्रदर्शन' (show of arrogance) करार दिया था. हालांकि, अक्टूबर-नवंबर तक भारी विरोध और कानूनी कार्रवाई के बाद ठाकरे ने अपना रुख थोड़ा नरम किया था. उन्होंने कहा कि वे धार्मिक रूप से छठ पूजा मनाने के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसके नाम पर होने वाले 'राजनीतिक तमाशे' और शक्ति प्रदर्शन का विरोध करते हैं.

अगला लेख