‘एक देश, एक नेता, एक पार्टी का नारा पागलपन', PM-BJP पर फिर क्यों भड़कीं ममता बनर्जी? समझें मायने
सीएम ममता बनर्जी ने BJP पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है. उन्होंने ‘एक देश, एक नेता, एक पार्टी’ के नारे को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए इसके सियासी मायनों पर भी सवाल उठाए.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ने केंद्र की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में 'एक देश, एक नेता और एक पार्टी' की राजनीति थोपने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है. ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि बीजेपी सरकार की ओर से केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल पश्चिम बंगाल को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है. इस पूरे मुद्दे को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है. पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का यह बयान हाल ही प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्यपाल को बदले जाने और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की एक बयान के बाद आया है.
ममता बनर्जी ने BJP पर क्या आरोप लगाए?
सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया, 'बीजेपी लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल कर रही है. उनके मुताबिक आज जो हालात देश में बन रहे हैं, वे पहले कभी नहीं देखे गए और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद पर सीधा हमला है.' BJP ने अपने जोनो-विरोधी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर लोकतांत्रिक संस्था और हर संवैधानिक पद को व्यवस्थित रूप से हथियार बना लिया है.
क्या केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया?
ममता बनर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सरकार को घेरने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और कुछ राष्ट्रीय आयोगों का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गुलाम गोदी मीडिया के एक हिस्से और न्यायपालिका के कुछ तत्वों को भी इस राजनीतिक संघर्ष में शामिल किया जा रहा है. मुख्यमंत्री का कहना है कि यह सब राज्य की सरकार और बंगाल के लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश का हिस्सा है.
वोटर लिस्ट को लेकर क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए भी संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. उनका कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए वोटरों के अधिकारों से छेड़छाड़ की जा रही है. उनके मुताबिक यह स्थिति लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
संविधान को लेकर क्यों जताई चिंता?
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि BJP संविधान के ढांचे को बदलने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि देश का संविधान बीआर अम्बेडकर द्वारा तैयार किया गया था और इसे किसी भी राजनीतिक एजेंडे के तहत बदला नहीं जा सकता. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह संविधान के साथ किसी भी तरह के छेड़छाड़ का विरोध करेंगी और इसके लिए हमेशा खड़ी रहेंगी.
धर्मतला के विरोध प्रदर्शन का क्या मकसद?
मुख्यमंत्री ने कोलकाता के धर्मतला इलाके में हुए अपनी पार्टी के धरने का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन बंगाल के लोगों को डराने और अपमानित करने की कोशिशों के खिलाफ था. उनके मुताबिक यह आंदोलन उन सभी नीतियों के खिलाफ है, जिन्हें वह “बंगाल विरोधी एजेंडा” मानती हैं.
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर विवाद क्यों बढ़ा?
टीएमसी प्रमुख का यह बयान उस समय आया जब हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान दार्जिलिंग में आयोजित एक कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर विवाद सामने आया. राष्ट्रपति ने आयोजन स्थल और कुछ व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई थी. इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य और केंद्र की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है.
क्या फिर बढ़ेगा BJP और TMC के बीच टकराव?
ममता बनर्जी के ताजा बयान के बाद राज्य और केंद्र की राजनीति के बीच टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है. आने वाले समय में यह मुद्दा राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बन सकता है, खासकर तब जब देश में कई अहम चुनावी मुकाबले सामने हैं.
ममता बनर्जी के बयान के मायने क्या?
दरअसल, ममता बनर्जी ने खुद को संघीय ढांचे और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करने वाले नेता के रूप में पेश की है. वह लगातार यह संदेश देने की कोशिश करती रही हैं कि राज्यों की स्वायत्तता और संविधान की मूल भावना को बनाए रखना जरूरी है. वह विपक्षी राजनीति को एकजुट करने का संकेत भी दे रही हैं. “एक देश, एक नेता” जैसे नारे पर सवाल उठाकर वह यह बताने की कोशिश कर रही हैं कि देश में बहुदलीय लोकतंत्र ही मजबूत व्यवस्था है, जहां अलग-अलग विचार और राजनीतिक दल मौजूद रहते हैं.ममता का यह बयान सिर्फ एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीति, संघीय ढांचे और विपक्ष की रणनीति से जुड़ा हुआ बड़ा सियासी संदेश माना जा रहा है.




