Begin typing your search...
'तुम चाहते हो मुझे हार्ट अटैक आ जाए, लेकिन मैं तुम्हारा अंत देखकर रहूंगी', ममता बनर्जी का BJP पर बड़ा हमला- 10 Points
TMC में जारी बगावत के बीच ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी चाहती है कि उन्हें हार्ट अटैक आ जाए... लेकिन वह बीजेपी का अंत देखने के लिए जिंदा रहेंगी. उन्होंने मदन मित्रा के पार्टी छोड़ने के लिए ED की कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराया और अभिषेक बनर्जी का बचाव किया.
Mamata Banerjee
( Image Source:
ANI )
पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक मदन मित्रा के बागी गुट में शामिल होने के बाद ममता ने साफ कहा कि जो लोग जाना चाहते हैं, वे जा सकते हैं, लेकिन इससे पार्टी कमजोर नहीं होगी.
फेसबुक लाइव के दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "बीजेपी चाहती है कि मुझे हार्ट अटैक आ जाए, लेकिन मैं जिंदा रहूंगी और तुम्हारा अंत देखकर रहूंगी." उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी और परिवार को लगातार राजनीतिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उन्होंने कभी समझौता नहीं किया.
ममता बनर्जी ने क्या कहा?
- ममता बनर्जी ने कहा कि मदन मित्रा का पार्टी छोड़ने का कारण अभिषेक बनर्जी नहीं हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मदन मित्रा की पत्नी और दोनों बेटों को पूछताछ के लिए समन भेजा, जिसके बाद उन्होंने यह फैसला लिया.
- पूर्व सीएम ने कहा, "अभिषेक को सिर्फ बहाना बनाया जा रहा है. उनके परिवार को भी कई बार समन भेजे गए, लेकिन उन्होंने कभी राजनीतिक लड़ाई से पीछे हटने या समझौता करने की कोशिश नहीं की. उन्होंने डटकर मुकाबला किया और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है."
- बागी नेताओं पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि जो नेता पार्टी छोड़कर गए हैं, वे डर की वजह से ऐसा कर रहे हैं.
- पूर्व सीएम ने कहा, "मैं जनता से गद्दारों की ओर से माफी मांगती हूं. मैंने राजनीति बचाने के लिए कभी अपना जमीर नहीं बेचा. अगर मैं समझौता कर लेती, तो मुझे और मेरे परिवार को इतना उत्पीड़न नहीं झेलना पड़ता."
- ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी केंद्रीय एजेंसियों और पुलिस का इस्तेमाल कर नेताओं पर दबाव बना रही है और इसी वजह से कई नेता पार्टी छोड़ रहे हैं.
- ममता बनर्जी ने दावा किया कि तमाम मुश्किलों के बावजूद उनकी पार्टी मजबूत है. लोकसभा और राज्यसभा में अब भी 18 सांसद उनके साथ हैं.
- पूर्व सीएम ने कहा कि जो सांसद या विधायक बागी गुट में गए हैं, उन्होंने ऐसा जांच एजेंसियों और पुलिस के डर से किया है.
- बुधवार को मदन मित्रा ने ममता बनर्जी का साथ छोड़कर रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट का दामन थाम लिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ विधानसभा में अपना 'कमरा बदला' है.
- मित्रा का कहना है कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मांग की थी कि अभिषेक बनर्जी छह महीने के लिए पद से हट जाएं, ताकि पार्टी को दोबारा मजबूत किया जा सके, लेकिन जब उनकी यह मांग नहीं मानी गई, तो उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया.
- TMC के वरिष्ठ नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने कहा कि मदन मित्रा का पार्टी छोड़ना दुखद है. ED द्वारा उनकी पत्नी और बेटों को समन भेजे जाने के बाद वे मानसिक दबाव में आ गए और यही वजह रही कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी.




