Begin typing your search...

"ममता बनर्जी पर कीचड़ ही फेंका जाएगा, फूल नहीं", कहने वाले Sudipta Das कौन?

ममता बनर्जी की गाड़ी पर उत्तर 24 परगना में पथराव को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है. ममता ने पुलिस की मौजूदगी में हमले का आरोप लगाया, जबकि बीजेपी ने घटना से दूरी बनाते हुए कार्रवाई की मांग की. इसी बीच बीजपुर विधायक सुदीप्त दास की विवादित टिप्पणी ने सियासी बहस को और तेज कर दिया है.

BJP MLA Sudipta Das comment on Mamata Banerjee car attack
X

Sudipta Das comment on Mamata Banerjee car attack: पश्चिम बंगाल में पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी की गाड़ी पर पथराव की घटना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. उत्तर 24 परगना में एक TMC कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रहीं ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में उनकी कार पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए. उन्होंने कहा कि अगर कार की खिड़कियां खुली होतीं तो उन्हें गंभीर चोट लग सकती थी।

ममता बनर्जी के इस आरोप के बाद बीजेपी और TMC के बीच बयानबाजी शुरू हो गई. बीजेपी ने घटना की निंदा करते हुए खुद को इससे अलग बताया, जबकि बीजपुर से बीजेपी विधायक सुदीप्त दास ने ममता के आरोपों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सिर्फ कीचड़ फेंकना किसी की जान लेने की कोशिश नहीं है. उन्होंने ममता पर राजनीति को खराब करने का आरोप भी लगाया.

ममता बनर्जी ने क्या आरोप लगाया?

ममता बनर्जी रविवार को उत्तर 24 परगना में एक दिवंगत TMC कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जा रही थीं. उनके साथ लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी और राज्यसभा सांसद डोला सेन भी मौजूद थीं. इसी दौरान उनकी गाड़ी पर कथित तौर पर हमला हुआ. ममता ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों के सामने उनकी कार पर बड़े पत्थर फेंके. उन्होंने कहा कि हमला इतना गंभीर था कि अगर कार की खिड़कियां खुली होतीं तो उनके सिर पर गंभीर चोट लग सकती थी और जान का खतरा पैदा हो सकता था.

ममता ने घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में हमला हुआ और पुलिस बीजेपी को सुरक्षा दे रही थी. मौके पर भीड़ की ओर से ‘चोर भगाओ’ के नारे लगाए जाने की बात भी सामने आई.

बीजेपी ने क्या कहा?

घटना के बाद बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने हमले की निंदा की और कहा कि पार्टी इस घटना से जुड़ी नहीं है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करने की मांग की. भट्टाचार्य ने इसे जनता और TMC के बीच का मामला बताते हुए कहा कि यदि कोई कानून तोड़ता है तो पुलिस को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.

सुदीप्त दास ने ममता के आरोपों पर क्या कहा?

बीजपुर के बीजेपी विधायक सुदीप्त दास ने ममता बनर्जी के आरोपों पर अलग रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी वहां राजनीति करने के लिए आई थीं और किसी के द्वारा कीचड़ फेंके जाने को जान से मारने की कोशिश नहीं कहा जा सकता. सुदीप्त दास ने कहा कि अगर किसी की जान लेने की वास्तविक कोशिश की बात करनी है तो पहले उन घटनाओं को देखना चाहिए, जिनमें बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले हुए. उन्होंने जेपी नड्डा और खगेन मुर्मू पर हुए कथित हमलों का भी जिक्र किया.

दास यही नहीं रुके. उन्होंने ममता बनर्जी पर राजनीतिक माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दीदी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को दूषित किया है. इसी क्रम में उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके ऊपर कीचड़ नहीं तो क्या फूल फेंका जाएगा.

कौन हैं सुदीप्त दास?

सुदीप्त दास पश्चिम बंगाल बीजेपी के नेता और बीजपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं. उन्होंने 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC उम्मीदवार सुबोध अधिकारी को हराकर बीजपुर सीट जीती. उनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास बताई गई है. चुनावी हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति करीब 3.3 लाख रुपये बताई गई है. उनके ऊपर कोई देनदारी नहीं है. हलफनामे के मुताबिक, उनके खिलाफ 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनका संबंध राजनीतिक विरोध और आंदोलनों से बताया गया है.

अब आगे क्या?

ममता बनर्जी की गाड़ी पर कथित हमले के बाद मामला सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक और बड़ा विवाद बन गया है. एक तरफ ममता बनर्जी पुलिस की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रही हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी घटना से खुद को अलग बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रही है.

सुदीप्त दास का बयान इस राजनीतिक टकराव को और तीखा करता दिखाई दे रहा है. अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि वास्तव में हमला किसने किया, क्या गाड़ी पर पत्थर फेंके गए और इस घटना के पीछे कौन लोग जिम्मेदार थे।

Politicsममता बनर्जी
अगला लेख