पहले बीरभूम और अब कोलकाता, 2 दिन में 2 बड़े अग्निकांड... मरने वाले 9 बांग्लादेशी होटल में क्या कर रहे थे, जांच में क्या आया सामने?- 8 पॉइंट्स
कोलकाता के न्यू मार्केट के पास फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, सभी 9 लोग बांग्लादेशी बताए जा रहे हैं. इससे पहले 17 अगस्त को बीरभूम में भी एक होटल में आग लगी थी, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई थी.
Kolkata New Market Hotel Fire
कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया. न्यू मार्केट के पास फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में करीब रात 2 बजे आग भड़क उठी, जिसके बाद इमारत में मौजूद कई लोग अंदर फंस गए. हादसे में एक बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत की खबर है. 2 दिन के अंदर ये बंगाल में दूसरा बड़ा अग्निकांड है, जिसके बाद काफी सवाल उठ रहे हैं.
दमकल विभाग के अनुसार, मृतकों में सभी नौ बांग्लादेशी नागरिक थे, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे. आग की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती जानकारी में एयर कंडीशनर में विस्फोट को आग की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
8 पॉइंट्स में जानें दोनों घटनाक्रम
1. हादसा बुधवार तड़के करीब 2 बजे हुआ. फ्री स्कूल स्ट्रीट का इलाका न्यू मार्केट के नजदीक होने के कारण काफी व्यस्त और घनी आबादी वाला माना जाता है. आग लगते ही होटल के भीतर मौजूद मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग इमारत के अंदर फंस गए, जिसके बाद बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया.
2. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. इसके अलावा आपदा प्रबंधन दल ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान में हिस्सा लिया. दमकलकर्मियों ने होटल के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया.
3. होटल के भीतर धुआं इतना घना था कि दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया "घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों से चढ़कर ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में कठिनाई हुई. नौ लोगों की मौत हो चुकी है, और अधिक लोगों के मरने की आशंका है."
4. शुरुआती रिपोर्टों में एयर कंडीशनर में विस्फोट को आग लगने की संभावित वजह बताया गया है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसे आग का अंतिम कारण नहीं माना है. पुलिस और दमकल विभाग की ओर से आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने कहा "हमारी प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को बचाना और आग लगने के कारणों का पता लगाना है. आग पर काबू पा लिया गया है और शीतलन प्रक्रिया जारी है."
5. दमकल विभाग के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी नौ लोग बांग्लादेशी नागरिक थे. बताया गया है कि वे इलाज के लिए कोलकाता आए थे. हादसे में एक बच्चे की भी मौत हुई है. बचाव अभियान पूरा होने के बाद अधिकारियों ने मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है.
6. कोलकाता होटल हादसा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हुए एक अन्य भीषण होटल अग्निकांड के महज दो दिन बाद हुआ है. 17 अगस्त की सुबह तारापीठ स्थित होटल बिदेशिनी में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे. बीरभूम की घटना ने भी होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे.
7. होटल बिदेशिनी में आग सुबह करीब 4:30 बजे लगी थी. पांच मंजिला होटल के भूतल पर आग भड़कने के समय ज्यादातर मेहमान सो रहे थे. होटल तारापीठ मंदिर के पास एक पवित्र तालाब के किनारे स्थित था. आग फैलने के बाद होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
8. तारापीठ हादसे में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हुई थी. मृतकों में दो बच्चे भी शामिल थे। बताया गया कि परिवार होटल की सबसे ऊपरी मंजिल पर ठहरा हुआ था. आग का पता चलने के बाद परिवार ने बच्चों के साथ बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन नीचे आने के दौरान वे आग की लपटों में फंस गए.




