Begin typing your search...

किस्से नेताओं के : बंगाल के मुस्लिम नेता 'गनी दा' की कहानी, जिन्हें माना जाता था मालदा ईकोसिस्टम का क्रिएटर

गनी दा यानी A. B. A. Ghani Khan Choudhury की कहानी, जिन्होंने मालदा को एक मजबूत राजनीतिक इकोसिस्टम में बदला. जानिए कैसे वे क्षेत्रीय नेता से राष्ट्रीय पहचान बने और क्यों उन्हें आज भी “मालदा का वास्तुकार” कहा जाता है.

किस्से नेताओं के : बंगाल के मुस्लिम नेता गनी दा की कहानी, जिन्हें माना जाता था मालदा ईकोसिस्टम का क्रिएटर
X

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की वजह से वहां की राजनीति चरम पर है. खास बात यह है कि वहां से ए.बी.ए. गनी खान चौधरी एक मात्र ऐसे मुस्लिम नेता था, जिन्होंने मालदा जैसे पिछड़े क्षेत्र से राजनीति शुरू कर नेशनल पॉलिटिक्स के चर्चित चेहरा बने. बंगाल की राजनीति में उनका नाम सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे इलाके की राजनीति का ढांचा खड़ा करने वालों में वे आज भी याद किए जाते हैं. बंगाल के लोग प्यार से 'गनी दा' कहते थे. यही वजह है कि उन्हें सिर्फ एक नेता कहना, उनकी भूमिका को छोटा करना होगा, क्योंकि उन्होंने मालदा को एक “पॉलिटिकल इकोसिस्टम” में बदलने का काम किया था.

चौंकाने वाली बाता यह है कि जो नेता इतना लोकप्रिय रहा हो और नेशनल पॉलिटिक्स में भी चर्चित रहा, उन पर कोई खास पुस्तक नहीं है. हां, 'गनी दा' रिसर्च पेपर्स और अकादमिक ग्रंथों में काफी स्थान पाने में सफल हुए. उनकी चर्चा कांग्रेस संगठन पर लिखे गए स्टडी पेपर्स, मालदा जिले के राजनीतिक इतिहास और पॉलिटिकल कमेंट्री बहुत आता है. इन सभी में उन्हें शोधार्थियों ने एक “क्षेत्रीय शक्ति केंद्र” (regional power center) के रूप में रखा है.

1. मालदा से ऐसे शुरू हुई सियासी कहानी

1 नवंबर 1927 को मालदा में जन्मे गनी खान चौधरी ऐसे परिवार से आते थे, जहां सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता पहले से मौजूद थी. बचपन से ही उनमें नेतृत्व की झलक दिखाई देती थी. आजादी के बाद जब भारत में लोकतंत्र अपनी जड़ें मजबूत कर रहा था, तब उन्होंने सक्रिय राजनीति का रास्ता चुना और कांग्रेस से जुड़ गए.

उनकी राजनीति की शुरुआत किसी बड़े पद से नहीं, बल्कि जमीन से जुड़ाव से हुई. गांव-गांव जाना, लोगों की समस्याएं समझना और उन्हें हल करने की कोशिश करना—यही उनकी अलग पहचान बनी.

2. विधानसभा से लोकसभा तक: जीत का सिलसिला

गनी दा का राजनीतिक करियर स्थिरता और भरोसे का प्रतीक था 1957 में पहली बार विधायक बने. उसके बाद 1962, 1967, 1971 और 1972 में लगातार जीत दर्ज की. 1972–1977 तक पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे. राजनीति में उनका वो दौर था जब उन्होंने प्रशासनिक पकड़ मजबूत की और संगठन को गहराई तक फैलाया.

फिर 1980 में उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में एंट्री ली और मालदा से लोकसभा चुनाव जीता. इसके बाद उन्होंने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो आज भी मिसाल है. वह लगातार 8 बार यानी 1984 से 2004 तक लगातार लोकसभा का चुनाव जीते. उन्होंने अपने काम के दम पर मालदा को खुद के लिए सुरक्षित सीट तो कांग्रेस के लिए सियासी किले (fortress) में तब्दील कर दिया था.

3. कब बने रीजनल लीडर से नेशनल फेस

गनी खान चौधरी के करियर का सबसे निर्णायक मोड़ तब आया जब वे 1982 में केंद्र सरकार में रेल मंत्री बने. उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के साथ काम किया. रेल मंत्री के रूप में उन्होंने सिर्फ फाइलों पर काम नहीं किया, बल्कि जमीन पर बदलाव लाए.

उत्तर बंगाल में रेलवे नेटवर्क का विस्तार, सीमावर्ती इलाकों को कनेक्टिविटी से जोड़ना और कोलकाता में मेट्रो और सर्कुलर रेलवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाना एवं मालदा टाउन स्टेशन को एक प्रमुख हब बना दिया. गनी दा कहते थे, “कनेक्टिविटी ही विकास की कुंजी है”, जिसे उन्होंने सच साबित भी किया.

4. Ghani Khan Zone कैसे बना मालदा पॉलिटिकल इकोसिस्टम

मालदा में उनकी पकड़ इतनी मजबूत थी कि लोग इसे “Ghani Khan Zone” कहने लगे. यह सिर्फ एक उपनाम नहीं, बल्कि एक राजनीतिक हकीकत थी. उनकी ताकत के तीन बड़े स्तंभ थे. इनमें पहला बूथ स्तर तक कांग्रेस का नेटवर्क खड़ा किया. हर गांव में कार्यकर्ता, हर इलाके में संपर्क, उनकी रणनीति थी. दूसरा गनी दा लोगों के लिए “नेता” नहीं, बल्कि “अपने आदमी” थे. शादी-ब्याह से लेकर संकट तक, वे हर जगह मौजूद रहते थे. तीसरी बात ये कि उन्होंने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों को साथ लेकर राजनीति की. यही वजह थी कि उनका जनाधार बेहद व्यापक था.

5. राजनीति से आगे विकास का विजन

गनी खान चौधरी सिर्फ सत्ता के खिलाड़ी नहीं थे, बल्कि विकास के योजनाकार भी थे. उन्हें मालदा और आसपास के क्षेत्र का वास्तुकार भी कहा जाता है. ऐसा इसलिए कि उन्होंने बंगाल के पिछड़े क्षेत्र में शिक्षा संस्थानों को बढ़ावा दिया. युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मुहैया कराए. सड़क, संचार और बुनियादी ढांचे पर जोर देकर ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी. उनकी राजनीति का केंद्र शहर नहीं, बल्कि गांव थे. वे मानते थे कि असली ताकत वहीं बसती है.

6. क्यों माने गए लीडर-सेंट्रिक पॉलिटिक्स का मास्टर

अगर उनकी राजनीति को समझना हो, तो एक शब्द काफी है, और वो है Leader-centric विजन. कांग्रेस मालदा में उनके नाम पर चलती थी. वोटर पार्टी को नहीं, “गनी दा” को वोट देता था. उनका जनाधार विकास और भरोसे पर टिका था. वे दिल्ली या कोलकाता तक सीमित नहीं थे, उनकी मौजूदगी हर गांव में महसूस होती थी. यही उनकी असली ताकत थी.

7. आलोचना, विवाद में कैसे फंसे?

हर बड़े नेता की तरह गनी दा भी विवादों से अछूते नहीं रहे. कांग्रेस संगठन पर अत्यधिक व्यक्तिगत नियंत्रण, स्थानीय नेताओं पर मजबूत पकड़ और परिवार आधारित राजनीति करने के आरोप उन पर लगे. आलोचक इसे “केंद्रीकरण” कहते थे, लेकिन समर्थक मानते थे कि यही उनकी ताकत थी. उनके बिना संगठन बिखर सकता था और हुआ भी वही.

8. गनी दा के बाद : क्यों बिखर गया मालदा का किला?

14 अप्रैल 2006 को कोलकाता में उनके निधन के साथ ही मालदा की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया. इसके बाद जो हुआ, वह उनकी ताकत को और साफ करता है. कांग्रेस का संगठन मालदा में कमजोर पड़ गया. उनके निधन के बाद तृणमूल कांग्रेस ने ने धीरे-धीरे जगह बनाई. भारतीय जनता पार्टी ने भी मालदा में नए समीकरण खड़े किए. मालदा की राजनीति अब “वन-मैन शो” से “मल्टी-पार्टी कॉम्पिटिशन” में बदल गई है. पहले जहां “गनी दा = मालदा” था, अब वहां कई ताकतें सक्रिय हो गईं.

9. एक नेता नहीं, एक सिस्टम क्यों थे गनी दा?

A. B. A. Ghani Khan Choudhury सिर्फ एक राजनेता नहीं थे. वे एक “पॉलिटिकल इकोसिस्टम क्रिएटर” थे. उन्होंने यह दिखाया कि अगर नेतृत्व मजबूत हो, तो एक पिछड़ा इलाका भी राजनीति और विकास का केंद्र बन सकता है. उनकी मौजूदगी में मालदा की राजनीति संगठित, स्थिर और प्रभावशाली रही. लेकिन उनके जाने के बाद वही राजनीति बिखराव, प्रतिस्पर्धा और नए प्रयोगों का मैदान बन गई. आज भी बंगाल की राजनीति में “गनी दा” का नाम एक बेंचमार्क की तरह लिया जाता है. एक ऐसे नेता के रूप में, जिसने क्षेत्र, संगठन और सत्ता तीनों को एक साथ साधा.

किस्‍से नेताओं केविधानसभा चुनाव 2026
अगला लेख