केरल CM की रेस में थे केसी वेणुगोपाल, विधायकों का भी था साथ, नहीं मिला पद तो ऐसे दी प्रतिक्रिया
केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कई दिनों से जारी सस्पेंस खत्म हो गया है. कांग्रेस ने वीडी सतीशन को नया मुख्यमंत्री घोषित किया है. सीएम पद की रेस में माने जा रहे केसी वेणुगोपाल का अब रिएक्शन सामने आया है.
Kerala में मुख्यमंत्री पद को लेकर कई दिनों से चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है. कांग्रेस हाईकमान ने वरिष्ठ नेता VD Satheesan को केरल का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है. इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता KC Venugopal का रिएक्शन सामने आया है. केसी सीएम की रेस में माने जा रहे थे.
केली वेणुगोपाल ने कहा कि वह पार्टी के फैसले का स्वागत करते हैं और इस फैसले का पूरे दिल से समर्थन करते हैं. ज्ञात हो कि ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा था कि वेणुगोपाल को ही सीएम का पद मिल सकता है.
क्या बोले केसी वेणुगोपाल?
दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा,"अंतिम फैसला आ चुका है और कांग्रेस हाईकमान ने वीडी सतीशन को केरल सरकार के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है. मैं इस फैसले का पूरे दिल से स्वागत करता हूं."
उन्होंने सतीशन को बधाई देते हुए कहा कि केरल की जनता ने UDF के पक्ष में बड़ा जनादेश दिया है और उन्हें विश्वास है कि नई सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी. वेणुगोपाल ने कहा, “हम पूरी तरह केरल सरकार के साथ खड़े हैं.”
केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर लगातार मंथन चल रहा था. करीब 10 दिनों तक यह सस्पेंस बना रहा कि पार्टी आखिर किस चेहरे पर भरोसा जताएगी.
क्यों वेणुगोपाल को माना जा रहा था अहम चेहरा?
राजनीतिक चर्चाओं के बीच केसी वेणुगोपाल को भी मुख्यमंत्री पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान के कुछ नेताओं, जिनमें Rahul Gandhi का नाम भी शामिल था, का झुकाव वेणुगोपाल की ओर माना जा रहा था. हालांकि अंत में वीडी सतीशन को सहयोगी दलों, पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के बीच ज्यादा समर्थन मिलने के बाद मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई.
कौन हैं वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं. 2026 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की बड़ी जीत के बाद वह राज्य की राजनीति के सबसे प्रमुख चेहरों में शामिल होकर उभरे. 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में UDF ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की. मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम के ऐलान के बाद अब कांग्रेस की केरल इकाई राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी.




