Begin typing your search...

परीक्षा में नकल का आरोप, ChatGPT और आखिरी कॉल... IIT बॉम्बे छात्र साहिल केस में अब तक क्या-क्या सामने आया?- 8 पॉइंट्स

आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे सुसाइड केस में लगातार खुलासे हो रहे हैं. मुंबई क्राइम ब्रांच सभी तथ्यों, डिजिटल सबूतों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अभी तक 20 लोगों से पूछताछ हो चुकी है.

IIT Bombay student death case
X

IIT Bombay student death case

आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। क्राइम ब्रांच ने अब तक करीब 20 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इनमें साहिल के दोस्त, परीक्षा के दौरान मौजूद छात्र और संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं. जांच का एक अहम हिस्सा साहिल की थर्मोडायनामिक्स परीक्षा और उसके बाद के घटनाक्रम पर केंद्रित है. पुलिस के मुताबिक, साहिल से उसकी मौत से पहले फोन पर बात करने वाला आखिरी व्यक्ति उसका एक दोस्त था.

दोस्त ने पूछताछ में परीक्षा को लेकर साहिल की चिंता के बारे में बताया. साहिल ने यह भी कहा था कि वह परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया था. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अब बयानों, सीसीटीवी और डिजिटल सबूतों के जरिए यह समझने की कोशिश कर रही है कि साहिल की मौत से पहले आखिर क्या-क्या हुआ था.

8 पॉइंट्स में जानें क्या-क्या हुआ

1. पुलिस के अनुसार, साहिल की मौत से पहले फोन पर उससे बातचीत करने वाला आखिरी व्यक्ति उसका एक दोस्त था. क्राइम ब्रांच ने दोस्त का बयान दर्ज किया है. पूछताछ में उसने बताया कि बातचीत के दौरान साहिल ने अपनी थर्मोडायनामिक्स परीक्षा का जिक्र किया था. दोस्त के मुताबिक, साहिल परीक्षा में अच्छे नंबर लाना चाहता था और अपने प्रदर्शन को लेकर परेशान था.

2. बयान के अनुसार, साहिल को उम्मीद थी कि परीक्षा में उसका प्रदर्शन अच्छा रहेगा, लेकिन परिणाम उसकी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने की चिंता उसे थी. इसी दौरान उसने कथित तौर पर परीक्षा से जुड़ी एक गंभीर बात दोस्त को बताई.

3. साहिल के दोस्त ने पुलिस को बताया कि फोन पर बातचीत के दौरान 22 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर कहा था कि वह परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया था. हालांकि, पुलिस के सामने आया यह दावा अभी जांच का हिस्सा है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

4. आईआईटी बॉम्बे ने पहले कहा था कि परीक्षा के दौरान साहिल को अपने मोबाइल फोन पर ChatGPT का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. इसके बाद परीक्षा से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच में यह पहलू भी महत्वपूर्ण हो गया.

5. क्राइम ब्रांच के मुताबिक, अब तक करीब 20 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं. इसके अलावा पुलिस उन लोगों की जानकारी भी जुटा रही है, जिन्होंने साहिल की मौत से कुछ घंटे पहले उससे संपर्क किया था.

6. साहिल का मोबाइल फोन पैटर्न लॉक से सुरक्षित है. फोरेंसिक विशेषज्ञ फोन तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं. जांचकर्ताओं की नजर फोन में मौजूद संभावित डिजिटल जानकारी पर है. पुलिस के मुताबिक, फोन की स्क्रीन पर कई मिस्ड कॉल के नोटिफिकेशन भी दिखाई दे रहे थे. जांचकर्ता इन कॉल्स की जानकारी को भी घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं.

7. क्राइम ब्रांच परीक्षा हॉल के साथ-साथ आईआईटी बॉम्बे कैंपस और हॉस्टल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस इन फुटेज के जरिए साहिल की गतिविधियों का क्रम तैयार करना चाहती है. खासतौर पर यह देखा जा रहा है कि 18 सितंबर को परीक्षा हॉल से निकलने के बाद साहिल कहां गया और उसके बाद किन लोगों से उसका संपर्क हुआ.

8. पुलिस के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग का छात्र साहिल वाकोडे 18 सितंबर को परीक्षा हॉल से निकलकर अपने हॉस्टल के कमरे की ओर गया था. बाद में उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया.

अगला लेख