ICSE-ISC 10th-12th Result: आईसीएसई-आईएससी ने जारी किया 10वीं और 12वीं का रिजल्ट, जानें कैसे करें चेक
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन ने ICSE और ISC बोर्ड परीक्षा 2026 के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट और DigiLocker के जरिए अपनी 10वीं-12वीं की मार्कशीट आसानी से चेक और डाउनलोड कर सकते हैं.
देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन यानी Council for the Indian School Certificate Examinations आज 30 अप्रैल 2026 को ICSE और ISC बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे जारी करेगा. रिजल्ट सुबह 11 बजे घोषित किए जाएंगे. इसके बाद छात्र अपनी मार्कशीट ऑनलाइन चेक और डाउनलोड कर सकेंगे.
ICSE कक्षा 10 और ISC कक्षा 12 दोनों परीक्षाओं के परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे. रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल सकता है, इसलिए छात्रों को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी गई है.
कब हुई थीं परीक्षाएं?
इस साल ICSE यानी कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं. वहीं ISC यानी कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से 3 अप्रैल 2026 के बीच संपन्न हुई थीं. परीक्षा खत्म होने के बाद से ही छात्र और अभिभावक रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे.
पास होने के लिए कितने नंबर जरूरी?
बोर्ड द्वारा तय नियमों के अनुसार ICSE कक्षा 10 के छात्रों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है. वहीं ISC कक्षा 12 के छात्रों को पास होने के लिए न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक लाने होंगे. अगर कोई छात्र तय अंक प्राप्त नहीं कर पाता है तो उसे बोर्ड के नियमों के अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनानी होगी.
वेबसाइट से ऐसे डाउनलोड करें मार्कशीट
- छात्र अपना रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले CISCE की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जाएं.
- इसके बाद होमपेज पर दिखाई देने वाले ICSE Result 2026 या ISC Result 2026 लिंक पर क्लिक करें.
- अब छात्र को अपना UID, Index Number और स्क्रीन पर दिख रहा Captcha Code भरना होगा.
- जानकारी सबमिट करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा. छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैं.
DigiLocker पर भी मिलेगा रिजल्ट
- इस बार छात्र DigiLocker के जरिए भी अपनी डिजिटल मार्कशीट और सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे.
- DigiLocker भारत सरकार का एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां जरूरी दस्तावेज सुरक्षित तरीके से स्टोर किए जा सकते हैं.
- रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को DigiLocker ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा.
- इसके बाद UID और Index Number की मदद से वे अपनी मार्कशीट एक्सेस कर सकेंगे. इससे छात्रों को फिजिकल दस्तावेज संभालने की परेशानी भी कम होगी.




