Begin typing your search...

सरकार बदलती है, सिस्टम नहीं! PM से ज्यादा अहम हैं ये 25 संस्थाएं, जिनके बिना एक दिन भी नहीं चल सकता देश

सरकार बदल सकती है, लेकिन देश का सिस्टम नहीं रुकता. जानिए PMO, RBI, सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, सेना समेत 25 संस्थाएं, जिनके दम पर चलता है भारत.

Government Changes System Doesnt Permanent Government India
X

देश की राजनीति में इन दिनों दल-बदल, सत्ता परिवर्तन, गठबंधन की टूट-फूट और सरकारों को लेकर लगातार खींचतान देखने को मिल रही है. इन दिनों डीप स्टेट का खतरा भी सुर्खियों में रहता है. ऐसे माहौल में अक्सर यह सवाल उठता है कि अगर सरकार बदल जाए या राजनीतिक संकट गहरा जाए, तो क्या देश का कामकाज भी ठप पड़ जाएगा? इसका जवाब है- नहीं. भारत का प्रशासन केवल प्रधानमंत्री, मंत्रियों या राजनीतिक दलों के भरोसे नहीं चलता, बल्कि एक मजबूत संवैधानिक और संस्थागत ढांचे पर टिका है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय, गृह और वित्त मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट, सेना, खुफिया एजेंसियां और अखिल भारतीय सेवाओं जैसी संस्थाएं सरकार बदलने के बावजूद लगातार काम करती रहती हैं. यही कारण है कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन देश का सिस्टम बिना रुके चलता रहता है.

दरअसल, देश में हर पांच साल में चुनाव होते हैं. जनता सरकार चुनती है, प्रधानमंत्री और मंत्री बदलते हैं, नीतियां बदलती हैं, लेकिन एक चीज कभी नहीं बदलती- देश को चलाने वाला प्रशासनिक और संस्थागत ढांचा यानी स्थायी सरकार. यही वजह है कि दुनिया के राजनीतिक विशेषज्ञ इसे "Permanent Government" भी कहते हैं. जहां तक Shadow Government की बात है कि यह शब्द भारत के संवैधानिक ढांचे के लिए सही नहीं है, लेकिन आम भाषा में इसका इस्तेमाल उन संस्थाओं के लिए किया जाता है जो सरकार बदलने के बावजूद लगातार काम करती रहती हैं.

देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर रुपए की कीमत तय करने तक, चुनाव कराने से लेकर आतंकवाद से लड़ने तक और बजट बनाने से लेकर सुप्रीम कोर्ट में संविधान की रक्षा तक- भारत की पूरी व्यवस्था करीब दो दर्जन प्रमुख संस्थाओं के कंधों पर टिकी है. यही संस्थाएं सुनिश्चित करती हैं कि किसी सरकार के जाने या आने से शासन व्यवस्था कभी ठप न पड़े.

आखिर सरकार बदलने पर भी देश क्यों नहीं रुकता?

इसे आप ऐसे समझें. अगर आज केंद्र सरकार बदल जाए. क्या अगले दिन बैंक बंद हो जाएंगे? क्या सेना सीमाओं से हट जाएगी? क्या ट्रेनें रुक जाएंगी? क्या अदालतें काम करना बंद कर देंगी? जवाब है- नहीं.

इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि भारत का शासन केवल राजनीतिक नेतृत्व नहीं, बल्कि एक मजबूत संवैधानिक और प्रशासनिक ढांचा चलाता है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय, गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), चुनाव आयोग, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG), सुप्रीम कोर्ट, सेना, खुफिया एजेंसियां और अखिल भारतीय सेवाएं (IAS, IPS, IFS) जैसी संस्थाएं सरकार बदलने के बावजूद अपने संवैधानिक दायित्वों के अनुसार काम करती रहती हैं.

इन 25 संस्थाओं को क्यों कहा जाता है सिस्टम का बैकबोन?

इन संस्थाओं की भूमिका अलग-अलग है, लेकिन लक्ष्य एक ही है- देश को बिना रुकावट चलाना. कोई संस्था कानून-व्यवस्था संभालती है, कोई अर्थव्यवस्था को स्थिर रखती है, कोई राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करती है, तो कोई सरकार के खर्च का ऑडिट करती है. यदि इनमें से कुछ प्रमुख संस्थाएं अचानक काम करना बंद कर दें, तो प्रशासनिक निर्णय, सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय लेन-देन और सरकारी योजनाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं.

यही कारण है कि इन्हें भारत के प्रशासनिक ढांचे की "रीढ़" यानी बैकबोन कहा जाता है. ये संस्थाएं केवल सरकार की मदद नहीं करतीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और शासन व्यवस्था की निरंतरता भी बनाए रखती हैं.

क्यों जरूरी है इन संस्थाओं को समझना?

अमूमन लोगों का ध्यान केवल प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्रियों पर रहता है, लेकिन असल में नीतियों को जमीन पर उतारने का काम नौकरशाही, सुरक्षा एजेंसियां, नियामक संस्थाएं और संवैधानिक निकाय करते हैं. यही संस्थाएं सरकार को जवाबदेह भी बनाती हैं और यह तय करती हैं कि संविधान के दायरे में रहकर शासन चलता रहे.

भारत जैसे 140 करोड़ से अधिक आबादी वाले लोकतंत्र में सरकारें बदल सकती हैं, लेकिन सिस्टम नहीं रुकता. इसलिए जानिए, वे 25 संस्थाएं, जिनके बिना भारत सरकार का रोजमर्रा का कामकाज चलाना बेहद मुश्किल हो सकता है.

1. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO)

प्रधानमंत्री कार्यालय भारत सरकार का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र है. प्रधानमंत्री को नीति निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा, विभिन्न मंत्रालयों के समन्वय और बड़े फैसलों में यही कार्यालय सहायता देता है. सभी प्रमुख सरकारी फाइलें और राष्ट्रीय महत्व के निर्णय यहीं से मॉनिटर होते हैं. PMO के बिना सरकार की निर्णय प्रक्रिया काफी धीमी पड़ सकती है.

2. कैबिनेट सचिवालय

कैबिनेट सचिवालय सभी मंत्रालयों के बीच तालमेल स्थापित करता है. कैबिनेट बैठकों का एजेंडा तैयार करना, फैसलों को लागू कराना और विभिन्न विभागों की निगरानी, इसकी जिम्मेदारियों में शामिल हैं. यही संस्था सुनिश्चित करती है कि सरकार इकाई के रूप में काम करे. कैबिनेट सचिव भारत का सबसे वरिष्ठ नौकरशाह होता है वो सचिवालय का प्रमुख होता है. वह सभी सचिवों का प्रमुख होता है और प्रशासनिक मशीनरी को दिशा देता है. किसी भी राष्ट्रीय संकट में सभी मंत्रालयों के बीच तालमेल स्थापित करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी कैबिनेट सचिव की ही होती है.

4. गृह मंत्रालय (MHA)

देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सीमा प्रबंधन, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, केंद्र शासित प्रदेश और आपदा प्रबंधन गृह मंत्रालय के अधीन आते हैं. आतंकवाद से लेकर दंगों और राष्ट्रीय सुरक्षा तक हर महत्वपूर्ण निर्णय में इसकी केंद्रीय भूमिका होती है.

5. रक्षा मंत्रालय

भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना का प्रशासन, रक्षा खरीद, सैन्य नीति और राष्ट्रीय रक्षा रणनीति रक्षा मंत्रालय तय करता है. युद्ध, सीमा सुरक्षा और सेना का मॉडर्नाइजेशन इसी मंत्रालय के जरिए संचालित होते हैं.

6. वित्त मंत्रालय

देश का बजट, कर नीति, सरकारी खर्च, आर्थिक प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन वित्त मंत्रालय संभालता है. यदि यह मंत्रालय काम न करे तो सरकार वेतन, योजनाएं और विकास कार्य तक नहीं चला पाएगी.

7. विदेश मंत्रालय (MEA)

भारत के अन्य देशों से संबंध, कूटनीति, विदेश नीति, दूतावासों का संचालन और अंतरराष्ट्रीय समझौते विदेश मंत्रालय के जरिए संचालित होते हैं. विदेशों में फंसे भारतीयों की सहायता भी यही मंत्रालय करता है.

8. न्यायपालिका (Supreme Court)

भारत की न्यायपालिका संविधान की अंतिम संरक्षक है. सरकार के फैसलों की संवैधानिक समीक्षा, नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा और कानून की व्याख्या न्यायपालिका ही करती है. लोकतंत्र के संतुलन और जवाबदेही का सबसे बड़ा आधार यही संस्था है.

9. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI)

RBI भारत का सेंट्रल बैंक है. मुद्रा जारी करना, महंगाई नियंत्रित करना, बैंकिंग व्यवस्था की निगरानी और मौद्रिक नीति तय करना इसकी जिम्मेदारी है. आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में इसकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है.

10. नीति आयोग

नीति आयोग सरकार का प्रमुख नीति और रणनीतिक सलाहकार संस्थान है. यह राज्यों के साथ मिलकर विकास योजनाएं तैयार करता है, भविष्य की आर्थिक नीतियों पर सुझाव देता है और विभिन्न क्षेत्रों में सुधार की रणनीति बनाता है.

11. चुनाव आयोग

भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है. लोकसभा, विधानसभा, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव इसी संस्था की निगरानी में कराए जाते हैं.

12. नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG)

CAG सरकारी खर्च का ऑडिट करता है. सरकार ने जनता का पैसा कहां और कैसे खर्च किया, इसकी निष्पक्ष जांच यही संस्था करती है. कई बड़े घोटाले CAG की रिपोर्टों से उजागर हुए हैं.

13. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC)

IAS, IPS, IFS व अन्य 26 से ज्यादा अखिल भारतीय सेवाओं के लिए देश की शीर्ष सिविल सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन UPSC करता है. यही संस्था प्रशासनिक व्यवस्था के लिए योग्य और निष्पक्ष अधिकारियों की भर्ती सुनिश्चित करती है.

14. केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC)

केंद्रीय सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार की रोकथाम और सतर्कता व्यवस्था की निगरानी CVC करता है. यह विभिन्न मंत्रालयों और सार्वजनिक उपक्रमों में पारदर्शिता बढ़ाने का कार्य करता है.

15. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI)

CBI देश की प्रमुख जांच एजेंसी है. भ्रष्टाचार, बैंक घोटाले, आर्थिक अपराध और कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों की जांच यही एजेंसी करती है. कई मामलों में सुप्रीम कोर्ट भी CBI जांच का आदेश देता है.

16. प्रवर्तन निदेशालय (ED)

मनी लॉन्ड्रिंग, विदेशी मुद्रा उल्लंघन और अवैध वित्तीय लेन-देन की जांच ED करती है. आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में यह सरकार की प्रमुख जांच एजेंसी मानी जाती है.

17. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA)

आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों की जांच NIA करती है. यह देशभर में अधिकार क्षेत्र रखने वाली विशेष केंद्रीय एजेंसी है.

18. इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB)

IB भारत की सबसे पुरानी खुफिया एजेंसी है. इसका मुख्य कार्य देश के भीतर आतंकी गतिविधियों, जासूसी और आंतरिक सुरक्षा संबंधी खतरों की जानकारी जुटाना है.

19. रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW)

RAW भारत की विदेशी खुफिया एजेंसी है. यह विदेशों में भारत की सुरक्षा से जुड़े खतरों, आतंकवादी संगठनों और रणनीतिक गतिविधियों पर नजर रखती है.

20. राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS)

राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, रणनीतिक मामलों और रक्षा नीति पर विशेषज्ञ सलाह देता है. लंबी अवधि की सुरक्षा रणनीति तैयार करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है.

21. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO)

यह संस्था देश को सैन्य रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए अत्याधुनिक हथियारों, मिसाइलों और रक्षा प्रणालियों का अनुसंधान और विकास करती है.

22. भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI)

यह संस्था भारत के पूंजी और शेयर बाजारों की नियामक है. यह निवेशकों के हितों की रक्षा करती है और बाजार में धोखाधड़ी को रोकती है.

23. भारतीय खाद्य निगम (FCI)

खाने पीनी की चीजों की खरीद और भंडारण का काम सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम होता है. यह संस्था देश में खाद्य सुरक्षा को बनाए रखती है.

24. दूरसंचार विभाग (DoT)

यह देश में टेलीकम्युनिकेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्पेक्ट्रम आवंटन और डिजिटल कनेक्टिविटी को नियंत्रित करता है, जो आधुनिक डिजिटल अर्थव्यवस्था की नींव है.

25. केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (CSO)

देश के आर्थिक विकास, मुद्रास्फीति, और राष्ट्रीय आय से जुड़े आधिकारिक आंकड़े यही संस्था जारी करती है. इन्हीं आंकड़ों पर सरकार अपनी नीतियां बनाती है.

कहने का मतलब यह है कि भारत केवल प्रधानमंत्री, मंत्रियों या संसद से नहीं चलता. इसके पीछे संवैधानिक संस्थाओं, प्रशासनिक सेवाओं, सुरक्षा एजेंसियों, आर्थिक नियामकों और न्यायपालिका का एक विशाल तंत्र लगातार काम करता है. सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन यही संस्थाएं प्रशासन में निरंतरता बनाए रखती हैं. इसलिए इन्हें भारत की Permanent Government कहा जाता है. ये संस्थाएं लोकतंत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता और सुशासन की रीढ़ हैं और इनके बिना आधुनिक भारतीय राज्य की कल्पना करना भी मुश्किल है.

स्टेट मिरर स्पेशलनरेंद्र मोदी
अगला लेख