दिल्ली-NCR में फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी, 16 फरवरी से बदलेगा मौसम, IMD ने दी आंधी-बारिश की चेतावनी
दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में फरवरी के बीच ही मार्च जैसी गर्मी महसूस हो रही है. IMD के अनुसार 16 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे 18-19 फरवरी को आंधी और बारिश की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर और पूरे उत्तर भारत में अब मौसम में बड़ा बदलाव आ गया है. फरवरी का महीना अभी चल रहा है, लेकिन दिन के समय तेज धूप निकल रही है और ऐसा लग रहा है जैसे मार्च या गर्मियों की शुरुआत हो गई हो. दिन भर गर्मी का अहसास हो रहा है, और शाम को भी अब पहले जैसी ठंडक बहुत कम महसूस होती है. सिर्फ सुबह के समय हल्की-हल्की धुंध छाई रहती है और थोड़ी-बहुत ठंडक बाकी रह जाती है. आज वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने वाला है.
दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, धूप अच्छी खासी निकलेगी और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है. सुबह थोड़ा ठंडा महसूस होगा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, गर्मी बढ़ती जाएगी. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे आसपास के इलाकों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है. कल यानी 14 फरवरी को भी तेज धूप रहेगी, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस होगी. बारिश न होने की वजह से हवा में प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ने लगा है. लोग अब गर्म कपड़े कम पहन रहे हैं, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंडक के लिए हल्का स्वेटर या शॉल जरूरी हो सकता है.
18-19 फरवरी तक बदलेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) आ रहा है. यह हरियाणा, पंजाब और पहाड़ी राज्यों (जैसे हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर) के मौसम को प्रभावित करेगा. इसके असर से 18-19 फरवरी के आसपास दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है. यह बदलाव अचानक आएगा, इसलिए उन दिनों सावधानी बरतनी होगी.
कैसा रहेगा पहाड़ों पर मौसम?
पहाड़ी इलाकों में अभी भी सर्दी बरकरार है. उत्तराखंड में अगले 1-2 दिनों तक मौसम बदलता रहेगा. चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में आसमान बादलों से ढका रहेगा. वहां हल्की बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है और हो सकती है. बेमौसम बारिश और बर्फ से तापमान में गिरावट आई है, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है. मैदानी इलाकों में कोहरा और शीतलहर का अलर्ट जारी है, इसलिए सुबह के समय सड़कों पर सावधानी से चलें. हिमालयी क्षेत्रों में 14 से 16 फरवरी तक छिटपुट बादल रहेंगे और हल्की बरसात या बर्फबारी जारी रह सकती है, जिससे वहां ठंड का अहसास बना रहेगा.
बिहार में अभी ठंड
दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिमी हिस्सों में भी अब गर्मी का अहसास शुरू हो गया है बिहार में मौसम स्थिर है. अगले 24 घंटों में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा. किसी भी जिले में बारिश होने की संभावना नहीं है. हालांकि, कई जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है. पटना, सारण, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा और भागलपुर जैसे जिलों में कोहरे की चेतावनी है. पटना में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.





