Begin typing your search...

राहुल का दिमाग-खरगे का जन्मदिन और प्रियंका की प्लानिंग, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने को ऐसे दिया अंजाम

NEET पेपर लीक के विरोध में पीएम आवास मार्च की योजना कांग्रेस सांसदों को आखिरी समय में बताई गई. सूत्रों के मुताबिक, कई सांसद इसे पहले मल्लिकार्जुन खरगे के जन्मदिन का कार्यक्रम समझ रहे थे. जानिए पूरी डिटेल

राहुल का दिमाग-खरगे का जन्मदिन और प्रियंका की प्लानिंग, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने को ऐसे दिया अंजाम
X
समी सिद्दीकी
Edited By: समी सिद्दीकी5 Mins Read

Updated on: 22 July 2026 10:18 AM IST

NEET पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च निकालने का फैसला कांग्रेस सांसदों को आखिरी समय में बताया गया था. सूत्रों के मुताबिक, सांसदों को पहले यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें विरोध प्रदर्शन में शामिल होना है. उन्हें लगा था कि वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के जन्मदिन के मौके पर उनके आवास बुलाए गए हैं.

यह प्रदर्शन Cockroach Janta Party (CJP) की ओर से संसद मार्च के एक दिन बाद आयोजित किया गया. मंगलवार को शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया.

करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन का अंत तब हुआ जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटा दिया.

स्पीकर से मुलाकात के बाद तेज हुई रणनीति

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, सुबह INDIA गठबंधन की बैठक के बाद राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की. उन्होंने NEET पेपर लीक मामले और सोमवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर संसद में चर्चा कराने की मांग की. राहुल गांधी ने उन छात्रों पर हुई कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया, जो सोमवार के प्रदर्शन में शामिल थे और पुलिस तथा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की लाठीचार्ज और आंसू गैस की कार्रवाई में घायल हुए थे.

दोपहर में लोकसभा की कार्यवाही दूसरी बार स्थगित होने के बाद राहुल गांधी राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे. वहां उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों से मुलाकात की. इसके बाद दोपहर 2 बजे लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई.

कैसे की धरने की प्लानिंग?

कांग्रेस सांसदों को दोपहर बाद 10, राजाजी मार्ग स्थित मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचने के लिए कहा गया. सूत्रों के मुताबिक, सांसदों को शुरुआत में लगा कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर बुलाया गया है.

करीब 50 सांसदों के पहुंचने के बाद उन्हें वास्तविक रणनीति बताई गई. इसके बाद मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में सांसद प्रधानमंत्री आवास की ओर पैदल मार्च के लिए निकल पड़े. प्रधानमंत्री का आवास वहां से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है.

करीब साढ़े तीन बजे कांग्रेस नेता और पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने लगे और धरने पर बैठ गए. करीब एक घंटे बाद केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह राहुल गांधी से मिलने पहुंचे. दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन प्रदर्शन समाप्त कराने को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी.

इसके बाद मौके पर सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई. शाम करीब साढ़े छह बजे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे. इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने प्रदर्शन खत्म कराने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी.

नेताओं को कब हिरासत में लिया गया?

शाम 7 बजे तक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव समेत सभी प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया गया. राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बाद में मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं और प्रियंका गांधी से मुलाकात की. इसके बाद रात करीब 9 बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को रिहा कर दिया गया.

INDIA गठबंधन में आज बड़ा फैसला?

सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह 10 बजे INDIA गठबंधन की बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा. बैठक में NEET पेपर लीक के मुद्दे और CJP तथा कांग्रेस के प्रदर्शनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति भी तैयार की जाएगी.

अगला लेख