Begin typing your search...

बैलेट बॉक्स से कोर्टरूम तक: Bengal में सियासी संग्राम नौकरशाही से judiciary तक फैली, नया चेहरा क्या?

मालदा हिंसा और न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के बाद बंगाल में चुनावी लड़ाई अब अदालत, जांच एजेंसियों और वोटर लिस्ट तक पहुंच गई है.

Bengal Politics Malda Violence Case
X

पश्चिम बंगाल की राजनीति में अब लड़ाई सिर्फ चुनाव जीतने-हारने तक सीमित नहीं रह गई. पहले जहां राजनीतिक टकराव का केंद्र रैलियां, पोस्टर, बूथ कैप्चरिंग और वोटिंग हुआ करती थी, वहीं अब अदालतें, जांच एजेंसियां और प्रशासनिक संस्थाएं भी इस संघर्ष का हिस्सा बनती दिख रही हैं. मालदा में न्यायिक अधिकारियों को घंटों तक बंधक बनाए जाने की घटना ने यह सवाल और बड़ा कर दिया है कि क्या बंगाल की राजनीति अब “संवैधानिक संस्थाओं की लड़ाई” में बदल चुकी है?

क्या था मालदा का पूरा मामला?

1 अप्रैल 2026 को मालदा के मोथाबाड़ी इलाके में “स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)” के तहत वोटर लिस्ट संशोधन का काम चल रहा था. इसी दौरान इलाके में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं, जिससे खास समुदाय प्रभावित हो रहा है.

हालात तब बिगड़े जब सात न्यायिक अधिकारियों को भीड़ ने घेर लिया. इनमें तीन महिला अधिकारी भी शामिल थीं. अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव हुआ, तोड़फोड़ की गई और उन्हें 9 घंटों तक बाहर नहीं निकलने दिया गया. इस घटना ने सिर्फ कानून-व्यवस्था पर ही नहीं, बल्कि न्यायपालिका की सुरक्षा और प्रशासन की भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए.

सुप्रीम कोर्ट क्यों हुआ सख्त?

घटना की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत संज्ञान लिया और पश्चिम बंगाल सरकार को कड़ी फटकार लगाई. अदालत ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी थी, लेकिन पूरी प्रशासनिक मशीनरी इस मामले में विफल नजर आई.

कोर्ट ने इसे “न्यायपालिका को डराने की सुनियोजित कोशिश” बताया. चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने यहां तक कहा कि अगर न्यायिक अधिकारियों को ही सुरक्षित माहौल नहीं मिलेगा तो आम जनता का कानून व्यवस्था और न्यायपालिका पर भरोसा कमजोर होगा. अदालत ने यह भी नाराजगी जताई कि कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुजॉय पॉल के फोन तक का जवाब नहीं दिया गया.

बाद में सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच NIA को सौंपते हुए केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश भी दिए. इससे साफ संकेत गया कि अदालत इस मामले को सिर्फ स्थानीय हिंसा नहीं, बल्कि संस्थागत चुनौती के तौर पर देख रही है.

लेटेस्ट अपडेट क्या?

इस मामले में अब जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है. NIA ने कई इलाकों में छापेमारी कर अब तक 65 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मंगलवार को भी 14-15 लोगों को हिरासत में लिया गया. इससे पहले AIMIM से जुड़े नेता मोफक्केरुल इस्लाम को कथित “मास्टरमाइंड” बताते हुए गिरफ्तार किया गया था. जांच एजेंसियों का दावा है कि विरोध प्रदर्शन अचानक नहीं भड़का, बल्कि इसे संगठित तरीके से हिंसक बनाया गया था.

चुनावी तैयारी से क्यों जोड़कर देखा जा रहा मामला?

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह सिर्फ हिंसा या कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है. बंगाल में वोटर लिस्ट, नागरिकता, NRC, घुसपैठ और सीमावर्ती जिलों की जनसांख्यिकी लंबे समय से चुनावी राजनीति के बड़े मुद्दे रहे हैं.

हाल के महीनों में मालदा और मुर्शिदाबाद में कथित अवैध प्रवासियों के लिए “होल्डिंग सेंटर” बनाए जाने की खबरों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है. बीजेपी इस मुद्दे को “लोकतंत्र और न्यायपालिका पर हमला” बताकर चुनावी नैरेटिव तैयार कर रही है, जबकि ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस केंद्र सरकार और एजेंसियों पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं.

बंगाल की राजनीति का नया चेहरा क्या है?

बंगाल में अब राजनीतिक लड़ाई सिर्फ जनता के वोट तक सीमित नहीं दिख रही. अदालत, चुनाव आयोग, जांच एजेंसियां और प्रशासनिक ढांचा - सभी राजनीतिक संघर्ष के केंद्र में आते नजर आ रहे हैं. यही वजह है कि मालदा की घटना को सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों से पहले और बाद की राजनीति का संकेत माना जा रहा है.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में बंगाल की राजनीति में “सड़क की लड़ाई” से ज्यादा “संस्थाओं की लड़ाई” देखने को मिल सकती है. और यही इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है.

Politics
अगला लेख