Begin typing your search...

Exclusive: तेरी सास तो विधवा थी, तेरे पति ने तो हजारों को विधवा कर दिया... कहानी अतर कौर की, उन्हीं की जुबानी

1984 के सिख विरोधी दंगों में पति समेत 15 अपनों को खोने वाली अतर कौर ने सोनिया गांधी की किताब पर गुस्सा जताया. सुनिए उनकी जुबानी, उस दर्दनाक कत्लेआम की कहानी.

Exclusive: तेरी सास तो विधवा थी, तेरे पति ने तो हजारों को विधवा कर दिया... कहानी अतर कौर की, उन्हीं की जुबानी
X

"तेरी एक विधवा सास थी, लेकिन तेरे पति ने तो हजारों को विधवा कर दिया. पूरी दिल्ली में सबको विधवा बनाकर छोड़ दिया." 1984 के सिख विरोधी दंगों में अपने पति समेत परिवार के 15 लोगों को खोने वाली अतर कौर का यह दर्द सोनिया गांधी की किताब को लेकर छलक पड़ा. सोनिया की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में राजीव गांधी को नेक और दयालु इंसान बताए जाने पर अतर कौर का जख्म एक बार फिर हरा गो गया. वह भड़क उठीं. स्टेट मिरर से बातचीत में वह फफककर रो पड़ीं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनके परिवार को उजाड़ दिया. 41 साल बाद भी वह उस कत्लेआम का दर्द नहीं भुला पाई हैं. पढ़िए अतर कौर का दर्द, उन्हीं के शब्दों में.

दंगाई नहीं, उन्हें हत्यारे कह

अतर कौर ने कहा, "दंगाई मत कहो उन्हें, हत्यारे कहो. कांग्रेस ने 1984 में नरसंहार को अंजाम दिलाने का काम किया था. सिखों को मारने आई भीड़ नारे लगाती थी- 'खून के बदले खून लेंगे.'

जो सिखों पर बीती, उस समय की सरकार को सब पता था. हम पर क्या-क्या जुल्म नहीं ढाए गए, उन्हें सब पता है. राजीव गांधी ने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है. मैं सोनिया गांधी से पूछती हूं कि क्या सिर्फ सिखों के लिए पेड़ गिरा था? कांग्रेस ने हमारे साथ इतनी खराब हालत की, जिसे पूरी दुनिया जानती है.

हमने दस साल लगाकर घर बसाया था, सबकुछ उजड़ गया

अतर कौर ने अपने परिवार के उजड़ने का दर्द बताते हुए कहा, "देश के बंटवारे के बाद हम लोग कहां-कहां से भागकर त्रिलोकपुरी में आकर बसे थे. दिल्ली में बसने में हमें दस साल लग गए थे. हमारे घर में नौकर सोते थे. हमारे पास सबकुछ था. लेकिन 1984 के सिख दंगों में सिखों का सबकुछ छीन लिया गया.

त्रिलोकपुरी में बहू-बेटियों की इज्जत लूटी गई. हमारे घरों में सबकुछ था, लेकिन आज हमारी हालत देखो. सोनिया गांधी ने हमारी क्या हालत कर दी? वह कभी यहां आकर तो देखे कि हम किस हाल में जी रहे हैं.

Credit: state Mirror

उसने सबकी भेंट ले ली

अतर कौर ने रोते हुए कहा, "तेरी एक विधवा सास थी, काली माता थी, लेकिन एक विधवा हजारों को विधवा कर गई. पूरी दिल्ली में सबको विधवा बनाकर छोड़ दिया. उसने सरदारों की भेंट ले ली."

बाबरी मस्जिद गिरने पर आंसू आए, सिखों को जलाया गया तब कहां थीं?

सोनिया गांधी की किताब में बाबरी मस्जिद गिरने की घटना का जिक्र करते हुए उनके भावुक होने की बात पर अतर कौर ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "सोनिया बोलती है कि बाबरी मस्जिद गिरने पर उसकी आंखों में आंसू आ गए. जब तेरे आदमियों ने सरदारों पर पेट्रोल डालकर उन्हें जला दिया, गोला-बारूद फेंके, उस वक्त तू कहां थी? उस वक्त तेरी आंखों में आंसू क्यों नहीं आए?

हमारे बच्चे मार दिए गए, महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए गए, उनकी इज्जत लूटी गई. उस समय तेरी आंखों में आंसू क्यों नहीं आए? तूने दिल्ली में सिखों की हालत खराब कर दी. दिल्ली के सिखों का सबकुछ बर्बाद कर दिया. कांग्रेस की पुलिस थी. सभी को जिंदा जला दिया गया. दंगाई कहते थे कि बस मर जाओ.

इस घटना को हुए 40 से 41 साल हो गए. जब तीन से चार हजार सिख मारे गए, तब सोनिया गांधी को याद नहीं आया? अब किताब छपवाकर हमारे जख्मों को फिर से ताजा कर रही है. तू भी हमारी तरह तड़पेगी सोनिया गांधी."

राजीव गांधी दयालु नहीं थे, उन्होंने ही सबकुछ कराया

स्टेट मिरर की ओर से जब अतर कौर से पूछा गया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में राजीव गांधी को अच्छा और दयालु इंसान बताया है, तो उन्होंने कहा, "कुछ नहीं, दयालु नहीं था वो. उसी ने सबकुछ कराया. दंगाइयों के पास बारूद कहां से आया? कहां से मारने वाले बंदे आ गए?

उनकी पुलिस कहती थी कि घरों में बैठ जाओ, कुछ नहीं होगा. घरों में बैठ जाओ. दिल्ली में उस समय क्या हालत हुई थी, यह हम जानते हैं. हमें सब पता है कि हमारे साथ क्या-क्या हुआ था."

Credit: state Mirror

मेरे परिवार के 15 लोगों को मार दिया, पति और तीन चाचा भी नहीं बचे

अतर कौर ने बताया कि 1984 के दंगों में उन्होंने अपने परिवार के 15 लोगों को खो दिया. उन्होंने कहा, "मेरे परिवार के 15 बंदे मार दिए. मेरे पति और तीन चाचा को मार दिया. चाचा के बेटे, जीजा, मामा और ससुर को भी मार दिया. मेरे ननदोई को गुरुद्वारे में जिंदा जला दिया.

त्रिलोकपुरी में हम लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया गया. फिर हम लोग तिलक विहार आ गए. सोनिया, तूने जितने जख्म दिए, मेरे आंसू बहे, उसे भगवान ने सुनी. राजीव गांधी का क्या है, जैसा तूने किया, वैसा ही हुआ."

राहुल और प्रियंका के साथ तिलक विहार आकर देखो हमारा दर्द

अतर कौर ने सोनिया गांधी से अपील करते हुए कहा कि अब कत्लेआम की विधवाओं के जख्मों को और हरा न किया जाए. उन्होंने कहा, "अब कत्लेआम की विधवाओं के जख्मों को और हरा मत कर. तेरा भी यही हाल होगा. तू सोएगी नहीं. तेरा कोई नहीं बचेगा. तिलक विहार अपने बेटे राहुल और प्रियंका के साथ आकर देख, हमारी क्या हालत है.

हमने अपने परिवार खोए हैं. हमारे पति, बच्चे और रिश्तेदार मारे गए. हमारा सबकुछ छिन गया. इतने साल बीत गए, लेकिन हमारा दर्द आज भी वैसा ही है. हम उस समय को कैसे भूल जाएं? सोनिया गांधी को यहां आकर देखना चाहिए कि 1984 के दंगों में अपनों को खोने वाली विधवाएं आज किस हालत में जिंदगी गुजार रही हैं."

दरअसल, 1984 के सिख विरोधी दंगों का दर्द आज भी उन परिवारों के दिलों में जिंदा है, जिन्होंने उस कत्लेआम में अपनों को खोया था. कुछ दिनों पहले सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' प्रकाशित हुई. इस किताब में 1984 के दंगों को लेकर लिखी गई बातों ने एक बार फिर पीड़ित परिवारों के जख्म हरे कर दिए हैं. दिल्ली में दंगा पीड़ितों को सात अलग-अलग स्थानों पर बसाया गया था. इनमें सबसे ज्यादा परिवार पश्चिमी दिल्ली के तिलक विहार में रहते हैं. तिलक विहार की इन्हीं विधवाओं में शामिल हैं अतर कौर, जिन्होंने 1984 के दंगों में अपने पति समेत परिवार के 15 लोगों को खो दिया था.

स्टेट मिरर स्पेशलसोनिया गांधी
अगला लेख