बंगाल में पहली बार सत्ता, असम में लगाई हैट्रिक, तमिलनाडु-केरल और पुडुचेरी में BJP का कैसा प्रदर्शन?
4 मई को पूरे देश की नजरें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनावी नतीजों पर टिकी हैं. इस बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आंधी देखने को मिली है.
Assembly Election Results 2026 BJP
Assembly Election Results 2026: 4 मई को पूरे देश की नजरें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनावी नतीजों पर टिकी हैं. इस बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आंधी देखने को मिली है. जिसने ममता बनर्जी की टीएमसी को हिलाकर रख दिया है. शुरुआती रुझानों में भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली लेकिन जैसे-जैसे रुझान सामने आते रहे वैसे-वैसे बंगाल भगवामय होता दिखा.
इसके अलावा असम में भी भाजपा की एक तरफा आंधी देखने को मिली है. जहां भाजपा जीत की हैट्रिक लगाती दिख रही है. हालांकि तमिलनाडु-केरल और पुडुचेरी में भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहा, चलिए हम आपको बताते हैं.
बंगाल में कितनी सीट?
पश्चिन बंगाल में इस बार भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार बनाती हुई दिख रही है. 15 साल के बाद ममता बनर्जी की कुर्सी जाने वाली है. खबर लिखे जाने तक भाजपा ने इलेक्शन कमिशन के आंकड़ों के मुताबिक 192 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली थी. ये पहली बार देखने को मिल रहा है जब बंगाल में भाजपा को अकेले इतनी मिल रही हो. अब बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है. ऐसे में देखने वाली बात होगी कि बंगाल का नया सीएम कौन बनेगा?
असम में जीत की हैट्रिक
असम में लगभग भाजपा की जीत तय हो चुकी है. खबर लिखे जाने तक भाजपा 79 सीटों पर आगे चल रही थी. जबकि सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत है. साल 2016 में पहली बार असम में भाजपा की सरकार बनी थी. उस वक्त सरबानंद सोनोवाल के नेतृत्व में भाजपा ने सरकार बनाई थी. इसके बाद साल 2021 में भाजपा ने हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में दूसरी बार असम में सरकार बनाई थी. वहीं अब एकबार फिर से भाजपा असम में सरकार बनाने के लिए तैयार है.
तमिलनाडु में कैसा प्रदर्शन?
तमिलनाडु में इस बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. एक्टर विजय थलापति की पार्टी TVK पहली बार चुनाव लड़ी और नतीजे देखकर हर कोई हैरान रह गया. इस बार TVK की आंधी में DMK और AIADMK जैसी पार्टी उड़ती हुई दिखाई दी. वहीं भाजपा का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा. खबर लिखे जाने तक भाजपा तमिलनाडु में महज 1 ही सीट पर आगे चल रही थी. भाजपा ने यहां 27 सीटों पर चुनाव लड़ा. तमिलनाडु में भाजपा का गठबंधन AIADMK के साथ है.
केरल में कैसा प्रदर्शन?
भाजपा ने केरल में सभी 140 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे, यहां बिना किसी गठबंधन के भाजपा ने चुनाव लड़ा लेकिन पार्टी का हाल बेहद बुरा देखने को मिला. खबर लिखे जाने तक भाजपा केरल में 3 सीटों पर आगे चल रही थी. जबकि कांग्रेस केरल में 61 सीटों पर आगे चल रही थी.
पुडुचेरी में कैसा प्रदर्शन?
पुडुचेरी में भाजपा का गठबंधन AINRC और AIADMK के साथ है. वहीं इस बार भाजपा 9 सीटों पर अपने खुद के उम्मीदवार उतारे. खबर लिखे जाने तक यहां भाजपा 2 सीटों पर आगे चल रही थी. इसके अलावा उनके गठबंधन वाली AINRC 9 और AIADMK 1 सीट पर आगे चल रही थी.




