21वीं सदी की जंग: क्या यह ‘अघोषित विश्व युद्ध’ है? 20वीं सदी के वॉर से कैसे अलग
क्या दुनिया अघोषित विश्व युद्ध की ओर बढ़ रही है? जानिए 21वीं सदी की जंग 20वीं सदी के विश्व युद्धों से कैसे अलग है, हाइब्रिड वॉर, टेक्नोलॉजी और ग्लोबल इम्पैक्ट का पूरा विश्लेषण.
दुनिया एक बार फिर 28 फरवरी 2026 के बाद से ऐसे दौर में खड़ी है, जहां युद्ध की परिभाषा बदलती नजर आ रही है. कहीं सीधी लड़ाई नहीं, लेकिन हर जगह टकराव है. कहीं मिसाइलें, कहीं साइबर हमले, तो कहीं आर्थिक प्रतिबंध. ऐसे में बड़ा सवाल उठता है, क्या 21वीं सदी की जंग एक “अघोषित विश्व युद्ध” का रूप ले चुकी है? और अगर हां, तो यह 20वीं सदी के पारंपरिक युद्धों से कितनी अलग है? इसके जवाब में दिल्ली विश्वविद्यालय के अग्रसेन कॉलेज में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर सुबोध कुमार का कहना है, "आज का संघर्ष सिर्फ सीमाओं पर नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था, तकनीक, विचारधारा और वैश्विक प्रभाव के स्तर पर लड़ा जा रहा है, जो इसे 20वीं सदी के विश्व युद्धों से कहीं ज्यादा जटिल बना दिया है. "
क्या 21वीं सदी की जंग ‘अघोषित विश्व युद्ध’ जैसी है?
राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर सुबोध कुमार के अनुसार, आज के वैश्विक संघर्षों को एक “मल्टी-लेयर वॉर” के रूप में समझना होगा. रूस यूक्रेन (Russia-Ukraine War), इजरायल-हमास (Israel-Hamas वॉर) और मिडिल ईस्ट यानी ईरान, अमेरिका और इजरायल वॉर में बढ़ती तनातनी, अलग-अलग घटनाएं नहीं, बल्कि एक बड़े वैश्विक टकराव के हिस्से हैं.
उनका मानना है कि यह पारंपरिक अर्थों में विश्व युद्ध नहीं है, क्योंकि इसकी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसमें कई बड़ी शक्तियां प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं. यही वजह है कि इसे “अघोषित विश्व युद्ध” जैसा माना जा रहा है, जहां लड़ाई कई मोर्चों पर एक साथ चल रही हैं.
क्या यह नया ‘धर्म + रणनीति’ मॉडल है?
प्रोफेसर सुबोध कुमार मिडिल ईस्ट के मौजूदा संघर्ष को पारंपरिक युद्ध से अलग बताते हैं. उनके अनुसार, ईरान, इजरायल, और अमेरिका के बीच चल रहा टकराव सिर्फ भू-राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक और धार्मिक आयाम भी रखता है.
उनका तर्क है कि अमेरिका का ईरान से सीधा भौगोलिक टकराव नहीं है, लेकिन वह अपने रणनीतिक हितों के कारण इजरायल के समर्थन में खड़ा है. यह “धर्म, सुरक्षा और संसाधन” तीनों का कॉकटेल है. इजरायल के लिए यह अस्तित्व का सवाल है, जबकि अमेरिका इसे अपने वैश्विक प्रभाव और सुरक्षा से जोड़कर देखता है. वहीं, ईरान इसे खुद के संप्रभुता की रक्षा का अंतिमत विकल्प मान रहा है.
ऊर्जा और अर्थव्यवस्था बन चुकी है युद्ध का नया हथियार?
डीयू के प्रोफेसर के अनुसार आज के संघर्ष के दौर में ऊर्जा संसाधन सबसे बड़ा हथियार बन चुके हैं. Strait of Hormuz जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर नियंत्रण का सीधा असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है.
ईरान द्वारा ऊर्जा सप्लाई को प्रभावित करने की रणनीति यह दिखाती है कि अब युद्ध सिर्फ सैन्य ताकत से नहीं, बल्कि आर्थिक दबाव से भी लड़ा जाता है. इससे दुनिया के कई देश बिना सीधे युद्ध में शामिल हुए भी, उसके असर में आ जाते हैं. जैसे महंगाई, बेरोजगारी और सप्लाई चेन संकट आदि.
घोषित और अघोषित विश्व युद्ध में क्या फर्क है?
घोषित विश्व युद्ध, जैसे World War II, में शामिल देशों ने औपचारिक रूप से 'युद्ध' की घोषणा की थी. उस समय दुनिया दो गुटों में बंट गई थी. इसमें मोर्चे तय होते हैं, सेनाएं आमने-सामने होती हैं और युद्ध का स्वरूप स्पष्ट होता है.
इसके विपरीत, अघोषित विश्व युद्ध में कोई औपचारिक घोषणा नहीं होती. इसमें देश सीधे लड़ने के बजाय प्रॉक्सी वॉर, साइबर अटैक, आर्थिक प्रतिबंध तकनीक और राजनीतिक दबाव के जरिए संघर्ष करते हैं. यह युद्ध “दिखता कम है, लेकिन असर ज्यादा करता है.”
20वीं और 21वीं सदी के युद्ध में क्या बुनियादी अंतर है?
1. पारंपरिक बनाम हाइब्रिड वॉरफेयर : 20वीं सदी के युद्ध सैनिकों और हथियारों के जरिए लड़े जाते थे. आज की जंग हाइब्रिड है, जहां सैन्य ताकत के साथ साइबर और सूचना युद्ध भी शामिल है.
4. प्रत्यक्ष बनाम प्रॉक्सी युद्ध : अब बड़ी शक्तियां सीधे टकराने के बजाय छोटे देशों या संगठनों के जरिए अपनी लड़ाई लड़ती हैं.
द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका किस अलायंस में था?
द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका Allied Powers (मित्र राष्ट्र) का हिस्सा था. इस गठबंधन का मकसद धुरी राष्ट्रों को हराना था. मित्र राष्ट्र प्रमुख देश अमेरिका, ब्रिटेन, तत्कालीन यूएसएसआर यानी रूस, चीन और फ्रांस शामिल थे.
Axis Powers में कौन-कौन शामिल थे?
मित्र राष्ट्रों के खिलाफ Axis Powers (धुरी राष्ट्र) में शामिल देशों में जर्मनी, इटली और जाना थे. इन देशों का नेतृत्व क्रमशः हिटलर, बेनितो मुसोलिनी और हिरोहितो कर रहे थे.
क्या इतिहास खुद को दोहरा रहा है?
प्रोफेसर सुबोध कुमार के अनुसार, आज की स्थिति पहले से ज्यादा जटिल है. प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका की एंट्री बाद में हुई थी, लेकिन आज वह शुरुआत से ही कई संघर्षों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.
आज का युद्ध केवल सीमाओं या क्षेत्रों पर कब्जे के लिए नहीं, बल्कि प्रभाव, संसाधनों और वैचारिक वर्चस्व के लिए लड़ा जा रहा है. यही कारण है कि यह संघर्ष अधिक व्यापक और खतरनाक बनता जा रहा है.
क्या हम ‘अघोषित वैश्विक संघर्ष’ के दौर में हैं?
21वीं सदी की जंगें भले पारंपरिक विश्व युद्ध जैसी न दिखें, लेकिन उनका प्रभाव कहीं ज्यादा व्यापक है. यह युद्ध सिर्फ हथियारों से नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था, तकनीक और विचारधारा के स्तर पर लड़ा जा रहा है.
इसलिए यह कहना गलत नहीं होगा कि दुनिया एक ऐसे दौर में प्रवेश कर चुकी है, जहां युद्ध घोषित नहीं होते, लेकिन उनका असर हर देश और हर व्यक्ति महसूस करता है. यही वजह है कि 21वीं सदी के इस दौर को कई विशेषज्ञ “अघोषित विश्व युद्ध” का नाम दे रहे हैं, जहां लड़ाई दिखती कम है, लेकिन चल हर जगह रही है.




