Airbnb से गोवा में हर रात 40 हजार कमाने का था इरादा, फिर इस एक्ट्रेस का हुआ सच से सामना, अब इतनी हो रही कमाई
एक्ट्रेस और बिजनेसवुमन पारुल गुलाटी ने सोचा था कि गोवा में अपने Airbnb विला से उन्हें हर रात ₹40 हजार की कमाई होगी. लेकिन अब उन्होंने बताया है कि असली कमाई उनकी उम्मीद से काफी कम है.
हर कोई चाहता है कि उसका निवेश अच्छी कमाई करे, लेकिन कई बार असली कमाई उम्मीद से काफी कम होती है. ऐसा ही अनुभव एक्ट्रेस और बिजनेसवुमन पारुल गुलाटी के साथ हुआ. उन्होंने गोवा में अपना लग्जरी घर Airbnb पर किराए पर देकर हर रात ₹40 हजार कमाने की उम्मीद की थी.
लेकिन अब पारुल ने खुद बताया है कि उनका अनुमान गलत साबित हुआ. बढ़ते कम्पटीशन और बाजार की बदलती स्थिति की वजह से उन्हें अब पहले जितनी कमाई नहीं नहीं मिल रही है. उन्होंने खुलकर बताया कि फिलहाल उनके विला का किराया उनकी उम्मीद से काफी कम है.
क्या सच में ₹40,000 हर रात कमाती थी पारुल ?
साल 2024 में एक पॉडकास्ट के दौरान पारुल गुलाटी ने बताया था कि उन्होंने गोवा में एक घर खरीदा है, जिसे वह Airbnb पर किराए पर देंगी. उनका मानना था कि उनके 2BHK लग्जरी विला से हर रात करीब ₹40,000 से ₹45,000 तक की कमाई होगी. उन्हें भरोसा था कि इस इन्वेस्टमेंट से अच्छी इनकम होगी.
क्या अब भी हो रही है मोटी कमाई?
हाल ही में पारुल एक बार फिर उसी पॉडकास्ट में पहुंचीं, जहां उन्होंने माना कि उनका अनुमान सही नहीं निकला. गोवा के नेरुल इलाके में स्थित उनका 'मालकिन हाउस' (Malkin House) प्राइवेट पूल और गार्डन जैसी सुविधाओं से लैस है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उम्मीद के मुताबिक बुकिंग और किराया नहीं मिल रहा. फिलहाल इस विला का किराया करीब ₹11,000 एक रात रखा गया है, जो उनकी उम्मीद से काफी कम है.
कहां हुई सबसे बड़ी गलती?
instagram: @gulati06
instagram: @gulati06
पारुल ने बताया कि जब उन्होंने कमाई का अनुमान लगाया था, तब उन्होंने बाजार की बदलती स्थिति पर ध्यान नहीं दिया था. पिछले कुछ वर्षों में गोवा में लग्जरी विला और होमस्टे की संख्या तेजी से बढ़ी है. इसके अलावा उन्होंने पीक सीजन और ऑफ-सीजन के असर को भी सही तरीके से नहीं समझा. यही वजह रही कि उन्होंने गलत हिसाब लगा लिया था .
क्या गोवा में होमस्टे चलाना अब मुश्किल हो गया है?
पारुल गुलाटी का अनुभव केवल उनकी कहानी नहीं है, बल्कि गोवा के कई होमस्टे मालिकों की हकीकत भी दिखाता है. बढ़ते कम्पटीशन के कारण पहले जैसी कमाई करना आसान नहीं रह गया है. इसी बीच गोवा सरकार भी बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे होमस्टे को लेकर चिंता जता चुकी है. सरकार का कहना है कि ऐसे होमस्टे सुरक्षा, ट्रैकिंग और स्थानीय लोगों की सुविधाओं के लिए चुनौती बन रहे हैं. ऐसे में अब केवल अच्छा घर होना ही काफी नहीं, बल्कि सही कीमत, बेहतर सेवा और बढ़ते कम्पटीशन को समझना भी उतना ही जरूरी हो गया है.




