Vikrant Massey ने फिल्मों से क्यों लिया था ब्रेक? बेटे वरदान को लेकर छलका दर्द, इंटरव्यू में किया खुलासा
दिसंबर 2024 में विक्रांत मैसी के फिल्मों से ब्रेक की खबर ने फैंस को चौंका दिया था. अब एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि यह फैसला बेटे वरदान और मानसिक तनाव की वजह से लिया गया.
दिसंबर 2024 में बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) ने अचानक फिल्मों से ब्रेक लेने की घोषणा कर दी. '12वीं फेल' जैसी सुपरहिट फिल्म के बाद उनकी पॉपुलैरिटी पीक पर थी, इसलिए यह खबर सुनकर हर कोई हैरान रह गया. लोगों को लगा कि शायद वे पूरी तरह से एक्टिंग छोड़ रहे हैं या रिटायर हो रहे हैं. लेकिन बाद में एक इंटरव्यू में विक्रांत ने साफ किया कि ऐसा बिल्कुल नहीं है. वे सिर्फ थोड़ा आराम करना चाहते थे. यह सब तब शुरू हुआ जब विक्रांत ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट डाली. लेकिन वहां वर्ड्स लिमिट्स होने की वजह से उनकी पूरी बात लोगों को ठीक से समझ नहीं आई. बहुत से लोग गलतफहमी में पड़ गए.
विक्रांत ने टाइम्स नाउ चैनल को दिए एक खास इंटरव्यू में कहा, 'X पर जितने कम शब्द मिलते हैं, उसमें मैंने सब कुछ लिखने की कोशिश की, लेकिन फिर भी बात पूरी तरह नहीं पहुंची. लोग गलत मतलब निकालने लगे. मैं बस थोड़ा ब्रेक लेना चाहता था क्योंकि मैं बहुत तनाव में था.' विक्रांत ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में एक्टर को सिर्फ शूटिंग के घंटे ही नहीं गिनते, बल्कि इमोशनल मेहनत भी बहुत होती है. एक ही साल में उन्होंने चार फिल्में कीं, जैसे '12वीं फेल' और 'साबरमती रिपोर्ट'. इनमें जटिल रोल थे, जो मानसिक रूप से बहुत थका देने वाले थे. 16-16 घंटे की शिफ्टें चलती थी. उन्हें लगा कि उनकी एक्टिंग अब पहले जैसी फ्रेश और अच्छी नहीं रह गई है. इसलिए उन्होंने खुद को बेहतर बनाने के लिए ब्रेक लिया, ताकि नए सिरे से काम शुरू कर सकें.
बेटे वरदान को लेकर क्या कहा
लेकिन सबसे दिल छू लेने वाली बात विक्रांत ने अपने परिवार के बारे में कही. उनके बेटे वरदान का जन्म उसी समय हुआ था जब वे लगातार शूटिंग में व्यस्त थे. विक्रांत को बहुत अफसोस हुआ कि वे अपने बेटे के साथ नहीं रह पाए. उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने पहली बार 'पापा' कहा, पहला दांत निकला, पहला कदम रखा लेकिन ये सारे पल वे मिस कर गए. उनकी पत्नी शीतल ठाकुर ने सिर्फ वीडियो भेजे, जिन्हें देखकर विक्रांत रो पड़े.
बेटे की वीडियो देखकर रो पड़े
उन्होंने कहा, 'सफलता का क्या फायदा, अगर आप उन छोटे-छोटे पलों को नहीं जी पाओगे जिनके लिए आप इतनी मेहनत करते हो? मेरे बेटे की यादों में मैं सिर्फ वीडियो के जरिए हूं. ये बहुत दर्दनाक है.' इस एहसास ने उन्हें इतना झकझोर दिया कि उन्होंने फैसला किया. काम तो बाद में भी मिल जाएगा, लेकिन बच्चे के बचपन के ये साल कभी वापस नहीं आएंगे. इसलिए उन्होंने लगभग सात महीने का ब्रेक लिया और पति व पिता बनने पर पूरा ध्यान दिया. अच्छी खबर ये है कि ब्रेक के बाद भी विक्रांत का काम चल रहा है. उनके फैंस अब एक्साइटमेंट से उनकी नई फिल्म का इंतजार कर रहे हैं. विशाल भारद्वाज की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'ओ' रोमियो' 13 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है, जिसमें विक्रांत नजर आएंगे. साथ ही, वे नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मुसाफिर कैफे' में पहले बार प्रोड्यूसर के रूप में भी काम कर रहे हैं. विक्रांत इसे अपने करियर का एक नया और रोमांचक चरण बता रहे हैं.





