कभी डांस-तो कभी रोते...कौन हैं पाकिस्तानी शो Tamasha के Dr. Zee Khan, जिनकी रील से भर गया सोशल मीडिया
पाकिस्तानी शो Tamasha 5 में अपने अलग-अलग रंग दिखाकर चर्चा में आए Dr. Zee Khan का असली नाम सिकंदर जमान खान है. MBBS डॉक्टर होने के साथ वह एक्टर, होस्ट और डिजिटल क्रिएटर भी हैं, जिनके मजेदार अंदाज ने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा है.
सोशल मीडिया पर इन दिनों पाकिस्तानी शो Tamasha 5 शो काफी वायरल हो रहा है. खासतौर पर शो के कंटेस्टेंट Dr. Zee Khan इंटरनेट पर छाए हुए हैं. शो में कभी वह घर में डांस करते नजर आ रहे, तो कभी किसी बात पर इमोशनल होकर रो पड़ते हैं, तो कभी अपने मजेदार अंदाज से बाकी कंटेस्टेंट्स को हैरान कर देते हैं. उनके यही बदलते रंग दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं और उनकी छोटी-छोटी क्लिप्स रील्स में लगातार घूम रही हैं.
Dr. Zee का अंदाज उनके डायलॉग्स में भी साफ नजर आता है. शो में वह खुद को मजेदार अंदाज में “मैं आवाम की जान हूं, मैं डॉक्टर जी खान हूं” कहते हैं. वहीं घरवालों के बीच बातचीत के दौरान उनका “चाची चबूतरी” वाला जुमला भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच चुका है. जी खान MBBS डॉक्टर हैं. साथ ही, वह एक एक्टर, होस्ट और डिजिटल क्रिएटर भी हैं, जिनकी सोशल मीडिया पर जमकर फैन फॉलोइंग है.
कौन हैं Dr. Zee Khan?
Dr. Zee Khan को आज भले ही लोग ‘Tamasha 5’ के चर्चित कंटेस्टेंट के तौर पर जान रहे हों, लेकिन कैमरे के सामने उनका सफर काफी पहले शुरू हो चुका था. उनका असली नाम सिकंदर जमान खान है. मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने डॉक्टर के तौर पर करियर बनाया, लेकिन एक्टिंग और मनोरंजन की दुनिया का शौक भी साथ नहीं छोड़ा.
डॉ जी खान ने कौन-सा शो जीता?
साल 2006 में उन्होंने पाकिस्तान के एक Indus Reality शो में हिस्सा लिया और वहां अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाते हुए शो जीता. इसके बाद धीरे-धीरे उनका कनेक्शन टीवी और टेलीफिल्म्स से भी बढ़ता गया.
Tamasha में क्यों हो रही चर्चा?
‘Tamasha Season 5’ में एंट्री के बाद Dr. Zee का एक अलग ही अंदाज देखने को मिल रहा है. कभी वह किसी कंटेस्टेंट से बहस करते दिखाई देते हैं तो कभी अपने एक्सप्रेशन और बातों से माहौल हल्का कर देते हैं. एसरा आयशा समेत दूसरे घरवालों के साथ उनकी नोकझोंक के वीडियो भी चर्चा में रहे हैं. उनकी यही बेबाकी सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कंटेंट का हिस्सा बन रही है.
‘आवाम की जान हूं’ से ‘चाची चबूतरी’ तक
Dr. Zee के कुछ डायलॉग और उनके बोलने का अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. वह खुद को मजेदार अंदाज में पेश करते हुए कहते हैं ‘मैं आवाम की जान हूं. मैं डॉक्टर जी खान हूं'. इसके अलावा, शो में उनका एक और अंदाज तब देखने को मिलता है, जब वह कहते हैं कि एक समय पर एक ही शख्स बोले और इसी दौरान ‘चाची चबूतरी’ जैसे मजेदार शब्द भी इस्तेमाल करते हैं.
कहां देख सकते हैं तमाशा 5’ शो?
अगर Dr. Zee Khan का अंदाज आपको भी पसंद आ रहा है और आप ‘Tamasha Season 5’ का एक भी एपिसोड मिस नहीं करना चाहते, तो शो को टीवी पर ARY Digital के जरिए देखा जा सकता है. वहीं जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन इस रियलिटी शो को फॉलो करना चाहते हैं, वे ARY के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसके एपिसोड देख सकते हैं. इसके अलावा शो से जुड़े कई पल सोशल मीडिया पर भी चर्चा में बने हुए हैं.




