कभी पैसे बचाने के लिए सिर्फ पीती थीं पानी, 16 की उम्र में शुरू की एक्टिंग, ऐसी है Nushrratt Bharuccha की कहानी, परिवार और करियर
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा बाली में हादसे का शिकार हुईं हैं. वर्क कमिटमेंट के दौरान हुए इस हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई और उन्हें इलाज के लिए मुंबई लाया गया. नुसरत का फिल्मी सफर भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. आइए जानते हैं उनके परिवार, करियर, शौक और पसंदीदा खाने से जुड़ी खास बातें.
नुसरत भरूचा बाली में एक वर्क-कम-हॉलिडे ट्रिप पर थीं. इसी दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गईं और उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया. हादसे के बाद उन्हें बाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी टीम की ओर से जारी स्वास्थ्य अपडेट में बताया गया कि वह मेडिकल ऑब्जर्वेशन में थीं और डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन कर रहे थे. अब नुसरत को मुंबई लाया गया है जहां उनकी सर्जरी होगी.
नुसरत भरूचा का नाम आज बॉलीवुड की जानी-पहचानी एक्ट्रेसिस में लिया जाता है. लेकिन यहां तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा. 17 मई 1985 को मुंबई में नुसरत का जन्म हुआ. वह एक दाऊदी बोहरा परिवार से आती हैं. उनके पिता तनवीर भरूचा बिजनेसमैन हैं, जबकि मां तस्नीम भरूचा होममेकर हैं. नुसरत अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं. परिवार के साथ उनका रिश्ता काफी करीबी रहा है.
नुसरत ने मुंबई के लीलावतीबाई पोदार हाई स्कूल से पढ़ाई की और इसके बाद जय हिंद कॉलेज से ग्रेजुएशन किया. कॉलेज के दिनों में भी उनका झुकाव एक्टिंग और थिएटर से जुड़ी एक्टीविटी की तरफ था. वह कॉलेज में इवेंट्स आयोजित करने और नाटकों के बैकस्टेज प्रोडक्शन से भी जुड़ी थीं.
पैसे बचाने के लिए सिर्फ पानी पीकर करती थी गुजारा
उनकी जिंदगी में ऐसा दौर आया था जब परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी. एक दौर ऐसा आया, जिसने उन्हें पैसे की अहमियत समझाई. नुसरत ने बताया था कि कॉलेज के दिनों में उनके पिता को बिजनेस में बड़ा नुकसान हुआ था. उस समय वह खर्च को लेकर इतनी सावधान रहती थीं कि ट्रेन और बस से कॉलेज जाती थीं और उनका रोज का खर्च करीब 8 रुपये तक सीमित रहता था. कई बार दोस्तों के साथ बाहर खाने के दौरान वह पैसे बचाने के लिए सिर्फ पानी पीकर रह जाती थीं.
2002 में टीवी से शुरू हुआ करियर
नुसरत के एक्टिंग करियर की शुरुआत फिल्मों से नहीं, बल्कि टीवी से हुई. साल 2002 में महज 16 साल की उम्र में उन्हें जी टीवी के शो ‘किट्टी पार्टी’ में काम करने का मौका मिला. दिलचस्प बात यह है कि वह एक टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करने के इरादे से गई थीं, लेकिन वहां उन्हें एक्टिंग का मौका मिल गया. हालांकि करीब एक साल बाद उन्होंने शो छोड़ दिया.
इसके बाद साल 2006 में उन्होंने फिल्म ‘जय संतोषी मां’ से बॉलीवुड में कदम रखा. फिर 2009 में ‘कल किसने देखा’ में नजर आईं. साल 2010 में तेलुगु फिल्म ‘ताज महल’ और इसी साल दिबाकर बनर्जी की ‘लव सेक्स और धोखा’ में काम किया. ‘लव सेक्स और धोखा’ उनके करियर के अहम पड़ावों में शामिल रही.
‘प्यार का पंचनामा’ से मिली पहचान
साल 2011 में नुसरत को ‘प्यार का पंचनामा’ में काम करने का मौका मिला. इसके बाद ‘आकाश वाणी’ और फिर 2015 में ‘प्यार का पंचनामा 2’ आई. इस फिल्म ने उन्हें दर्शकों के बीच ज्यादा पहचान दिलाई. 2018 में ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ की सफलता के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ी. इसके बाद उन्होंने कॉमेडी के साथ हॉरर और गंभीर भूमिकाओं में भी काम किया. ‘छोरी’, ‘जनहित में जारी’, ‘अकेली’, ‘छोरी 2’ और ‘उफ्फ ये सियापा’ उनके अलग-अलग तरह के किरदारों को दिखाती हैं.
खाने-पीने और शौक का भी रखती हैं ध्यान
नुसरत को पढ़ना, डांस करना, फिल्में देखना और घूमना पसंद है. 2023 में उन्होंने ऑफ-रोडिंग को अपना नया पैशन बताया था और इसके लिए बाकायदा ट्रेनिंग भी ली थी.
खाने की बात करें तो नुसरत को मीठा बहुत पसंद है और चॉकलेट व डेजर्ट उनकी वीकनेस है. वह जूस भी काफी पसंद करती हैं. अपनी डाइट में वह फल, ओट्स और बादाम के दूध वाली स्मूदी, उपमा और साउथ इंडियन खाना पसंद करती थीं. वह हेल्दी स्नैक्स के तौर पर एवोकाडो, हम्मस और सीड क्रैकर्स लेती हैं. उन्होंने यह भी बताया था कि वह स्टफ्ड मशरूम टोफू और सोया थाई ब्रॉथ बनाना जानती हैं.
नुसरत की कहानी बताती है कि एक छोटे टीवी रोल से शुरू हुआ सफर धीरे-धीरे बॉलीवुड तक पहुंचा. आज वह अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम करने वाली अभिनेत्रियों में शामिल हैं. फिलहाल बाली हादसे के बाद उनका ध्यान इलाज और रिकवरी पर है. उनकी टीम ने भी लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है.
पहले भी हुई हादसों का शिकार. आइए जानते हैं कि यह घटनाएं कब हुई.
- अक्टूबर 2021 जनहित में जारी चंदेरी में फिल्म के गाने की शूटिंग के दौरान नुसरत के पैर में चोट लगी और एंकल स्प्रेन हो गया. डॉक्टरों ने 3-4 दिन आराम की सलाह दी.
- जनवरी 2023 छोरी 2 एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान नुसरत के चेहरे पर चोट लगी. उन्हें टांके भी लगे थे.
- अप्रैल 2023 अकेली एक रनिंग सीन करते समय वह संगमरमर की फर्श पर सिर के बल गिर गईं. चोट के बाद काफी देर तक दर्द में रहीं और डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी.
- सितंबर/अक्टूबर 2026 बाली में वर्क कमिटमेंट बाली में हुए हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया.




