हूटर बजाती कार का वीडियो बनाना पड़ा भारी? नोएडा में महिला पत्रकार से बदसलूकी, चाबी छीनी और गला दबाने का आरोप
नोएडा में हूटर बजाती कार का वीडियो बनाने पर महिला पत्रकार से बदसलूकी और मारपीट की कोशिश का आरोप है. पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया.
नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के पर्थला ब्रिज के पास हूटर बजाती कार का वीडियो बनाने पर एक महिला पत्रकार के साथ अभद्रता और मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोप है कि कार सवार तीन युवकों ने महिला पत्रकार की गाड़ी की चाबी छीन ली और वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया.
विरोध करने पर आरोपियों ने गला दबाने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
हुटर बजाने के लेकर हुआ विवाद
पीड़िता महिला पत्रकार नोएडा के सेक्टर-122 में रहती हैं और एक निजी न्यूज चैनल में संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. पीड़ित महिला पत्रकार के शिकायत के मुताबिक, घटना के समय वह रात करीब 10:15 पर CNG पंप पर गैस भरवाने के लिए खड़ी थीं. इसी दौरान एक कार लगातार दो हूटर बजाते हुए आसपास चक्कर लगा रही थी. इस पर उन्होंने अपनी गाड़ी आगे बढ़ाकर कार का वीडियो बनाना शुरू कर दिया.
महिला पत्रकार के आरोपों में क्या-क्या?
महिला पत्रकार का आरोप है कि वीडियो बनाने के बाद कार से तीन युवक उतरे और उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली. आरोपियों ने वीडियो डिलीट करने के लिए कहा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. शिकायत के अनुसार, युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनके गले को दबाने की कोशिश की. एक युवक के नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है.
वीडियो डिलीट करने के लिए हो खूब मचाया उत्पाद
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उनकी गाड़ी की खिड़की से हाथ अंदर डालकर उनका गला पकड़ने और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की. उन्होंने किसी तरह विरोध कर अपना फोन बचाया. आरोप है कि गाड़ी में बैठने के बाद भी युवक उन्हें परेशान करते रहे और वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाते रहे.
महिला पत्रकार के मुताबिक, आरोपियों ने बीच सड़क पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारी को फोन किया और चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस समझने के बावजूद महिला पत्रकार से बदसलूकी, दबंगों की इतनी हिम्मत कैसे?
पीड़ित महिला महिला पत्रकार ने बताया कि उनकी गाड़ी में सीट पर कपड़ा था जिसे देख युवकों ने कहा कि लगता है ये पुलिस में है लेकिन उसके बावजूद उन्होंने उसके बत्तमीजी की, आखिरी ऐसे दबंगों के इतनी हिम्मत कहा से आती है कि पुलिस समझने के बाद इस तरह मारने का प्रयास कर रहे थे और कह रहे थे कि वो जेल जाने से नहीं डरते पहले भी जेल जा चुके है.
वही थाना प्रभारी सेक्टर-113 ने बताया कि पर्थला के पास हूटर बजाती कार का वीडियो बनाने को लेकर महिला पत्रकार और कार सवार तीन युवकों के बीच हॉट टॉक हुई थी. महिला पत्रकार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.




