Welcome 4 में फिर गूंजेगा मजनू भाई और उदय शेट्टी का धमाल! नाना पाटेकर, अनिल कपूर और परेश रावल की वापसी तय
कॉमेडी की सुपरहिट फ्रेंचाइजी 'वेलकम' का चौथा भाग चर्चा में है. खबर है कि नाना पाटेकर, अनिल कपूर और परेश रावल अपने पुराने आइकॉनिक किरदारों के साथ फिर दर्शकों को हंसाने लौट सकते हैं.
Welcome 4 : वेलकम, वेलकम! यह वो मशहूर कॉमेडी फ्रेंचाइजी है जो अपने बेमिसाल कॉमेडी, मजेदार किरदारों और पागलपन भरी कहानियों के लिए जानी जाती है. पहली फिल्म 'वेलकम' साल 2007 में आई थी. इसमें अक्षय कुमार, नाना पाटेकर, अनिल कपूर, परेश रावल जैसे सितारों ने कमाल किया था. उदय शेट्टी (नाना पाटेकर) और मजनू भाई (अनिल कपूर) के किरदार तो आज भी लोगों की जुबान पर हैं. फिर 2015 में दूसरी फिल्म 'वेलकम बैक' आई, जिसमें जॉन अब्राहम और श्रुति हासन लीड रोल में थे. इसमें भी पुराने किरदारों की वापसी हुई और खूब हंसी-मजाक हुआ.
अब बात चल रही है 'वेलकम 4' की! खबरों के अनुसार, फिल्म के निर्माता फिरोज एन. नाडियाडवाला और उनकी टीम ने इसकी स्क्रिप्ट पर काम तेज कर दिया है. यह स्क्रिप्ट अब काफी एडवांस्ड लेवल पर पहुंच गई है. सबसे अच्छी खबर यह है कि पुराने पसंदीदा कलाकार वापस आ रहे हैं- नाना पाटेकर (उदय शेट्टी), अनिल कपूर (मजनू भाई) और परेश रावल (डॉ. घुंघरू). फिल्म की कहानी पूरी तरह नई होगी, लेकिन इन तीनों आइकॉनिक किरदारों को इसमें बहुत सहज तरीके से शामिल किया जाएगा.
IMDB
'वेलकम यूनिवर्स' की जान
फिल्म में ढेर सारी कॉमेडी, ग्लैमर और कुछ एक्शन भी होगा. निर्माता बड़े-बड़े सितारों को भी इसमें लेने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि मस्ती का लेवल और ऊपर चला जाए. सुनील शेट्टी ने इस खबर पर बहुत खुशी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'अराजकता के समय में कुछ खबरें बस सही लगती हैं. 'वेलकम यूनिवर्स' की जान नाना, अनिल और परेश वापस आ गए हैं. इतनी प्रतिभा से पागलपन कोई नहीं कर सकता. लड़कों को उनकी सही जगह पर देखकर बहुत खुशी हो रही है. #Welcome4' यह सुनकर हर फैन की तरह सुनील भाई की यह प्रतिक्रिया हम सबकी प्रतिक्रिया बन गई है.
IMDB
'वेलकम टू द जंगल'
फ़िलहाल 'वेलकम टू द जंगल' की चर्चा जोरों पर है. यह फिल्म अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, दिशा पटानी, आफताब शिवदासानी, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ और 30 से ज्यादा सितारों के साथ बन रही है. इसे पहले कई बार टाला गया था, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट फाइनल हो गई है 26 जून 2026. परेश रावल इस फिल्म में भी हैं, लेकिन उनका किरदार अलग है. अक्षय कुमार ने पिछले साल क्रिसमस पर बताया था कि यह उनका सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है और टीम दिन-रात मेहनत कर रही है. वे इसे दर्शकों के लिए एकदम खास तोहफा बनाना चाहते हैं. फिलहाल 'वेलकम 4' की कोई आधिकारिक रिलीज डेट घोषित नहीं हुई है, लेकिन खबरें बताती हैं कि यह 2027 में आ सकती है.




