Begin typing your search...

80 से हुए 400 शो और अब 100 से भी कम... अम्मा-बूबू की फिल्म Pyre के साथ क्या हो रहा, भावुक हुए Vinod Kapri, 2 मिनट 43 सेकंड में क्या कहा?

फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने अपनी फिल्म 'पायर' के थिएटर शोज कम किए जाने पर नाराजगी जताई है. उन्होंने दावा किया कि फिल्म के 400 से ज्यादा शोज घटकर 100 से भी कम रह गए हैं. दिल्ली में भी शोज 66 से घटकर 16 हो गए. विनोद ने डिस्ट्रीब्यूटर्स से फिल्म को निष्पक्ष मौका देने की अपील की है.

80 से हुए 400 शो और अब 100 से भी कम... अम्मा-बूबू की फिल्म Pyre के साथ क्या हो रहा, भावुक हुए Vinod Kapri, 2 मिनट 43 सेकंड में क्या कहा?
X

फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने अपनी फिल्म 'पायर' के थिएटर शोज कम किए जाने पर नाराजगी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर फिल्म को मिल रहे दर्शकों के प्यार और थिएटर में शोज की संख्या घटाए जाने को लेकर अपनी बात रखी. विनोद का आरोप है कि एक बड़ी फिल्म को जगह देने के लिए उनकी फिल्म के ज्यादातर शोज कम कर दिए गए हैं.

विनोद कापड़ी ने वीडियो की शुरुआत में सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि वह यह वीडियो नहीं बनाना चाहते थे, लेकिन मजबूरी में उन्हें अपनी बात रखनी पड़ रही है. उन्होंने बताया कि जब 'पायर' रिलीज हुई थी, तब उन्होंने शुरुआत में फिल्म को सीमित रिलीज दिया था. देशभर में इसके करीब 80 शोज और स्क्रीन रखे गए थे. हालांकि, दर्शकों के प्यार की वजह से महज 3-4 दिनों में फिल्म के शोज बढ़कर 400 से ज्यादा हो गए.

लेकिन पिछले दो दिनों में फिल्म के शोज में अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली. विनोद के मुताबिक, अब देशभर में फिल्म के 100 शोज भी नहीं बचे हैं. उन्होंने बताया कि थिएटर और डिस्ट्रीब्यूटर्स से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि थिएटर मालिकों को कथित तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि एक फिल्म के अलावा दूसरी कोई फिल्म न चलाई जाए.

दूसरों की फिल्म बंद करवाकर अपनी फिल्म चलाने से क्या मिलेगा?

विनोद कापड़ी ने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी दूसरी फिल्म को बंद करवाकर अपनी फिल्म चलाने से क्या हासिल होगा? उन्होंने पूछा कि क्या इसे सत्य की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत या मर्यादा कहा जा सकता है? उन्होंने कहा कि जिस मर्यादा की बात की जाती है, उसके उलट एक छोटी फिल्म को थिएटर में मौका तक नहीं दिया जा रहा है.

फिल्ममेकर ने बताया कि 'पायर' करीब 2 से ढाई करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म है. इसमें गैर-पेशेवर कलाकारों ने काम किया है. उन्होंने दावा किया कि फिल्म देखकर दर्शक थिएटर में भावुक हो रहे हैं. ऐसे में फिल्म को उचित मौका मिलना चाहिए. उन्होंने सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स से अपील की कि 'पायर' और 'अम्मा-बूबू' के साथ इस तरह का व्यवहार न किया जाए. उन्होंने कहा कि अगर दूसरी फिल्मों में लोगों ने पैसा लगाया है, तो उन्होंने भी अपनी पूरी मेहनत और भावनाओं के साथ यह फिल्म बनाई है. इसलिए उन्हें भी निष्पक्ष मौका मिलना चाहिए.

दिल्ली में 66 से घटकर 16 रह गए शोज

विनोद कापड़ी ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि दिल्ली में 'पायर' के शोज की संख्या 66 से घटकर सिर्फ 16 रह गई है. उन्होंने कहा कि छोटी दिवाली की छुट्टी के बाद भी फिल्म की टीम हिम्मत नहीं हारेगी. उनके मुताबिक, 'अम्मा-बूबू' की लव स्टोरी किसी के आगे नहीं झुकेगी. टीम फिर से वापसी करने के लिए संघर्ष करेगी, क्योंकि यह दर्शकों की फिल्म है और उनका प्यार ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है.

आखिर में विनोद कापड़ी ने दिल्ली समेत पूरे देश के दर्शकों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में 'पायर' के साथ खड़े रहने और 'अम्मा-बूबू' को प्यार देने के लिए वह दर्शकों के आभारी हैं.

अगला लेख