The Vvaan Box Office Collection: क्या कमाल कर पा रही है सिद्धार्थ और तमन्ना भाटिया की फिल्म, 4 दिन में कितनी हुई कमाई?
The Vvaan को दर्शकों से अच्छी शुरुआत मिली है. फिल्म ने पहले वीकेंड में अच्छी कमाई की, लेकिन सोमवार को कलेक्शन थोड़ा कम हो गया. अब फिल्म 50 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने की कोशिश में है.
वीकेंड पर छाई द व्वां
The Vvaan ने रिलीज के बाद पहले वीकेंड में अच्छी कमाई की है. सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की इस फिल्म ने शुक्रवार से रविवार तक लगातार बेहतर प्रदर्शन किया. रविवार को फिल्म की कमाई सबसे ज्यादा रही और कुल कलेक्शन भी तेजी से बढ़ा.
हालांकि सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली. इसके बावजूद The Vvaan चार दिनों में 38 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी है. अब फिल्म की नजर 50 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है और आने वाले दिनों की कमाई से साफ होगा कि यह लक्ष्य कितनी जल्दी पूरा होता है.
क्या सोमवार को धीमी हुई कमाई?
फिल्म ने शुक्रवार को करीब 8 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी. शनिवार को कमाई बढ़कर 11.25 करोड़ और रविवार को 14.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. यानी पहले वीकेंड में फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली. लेकिन सोमवार आते ही इसका असर कम हुआ और कलेक्शन 5.25 करोड़ रुपये पर आ गया.अब फिल्म के सामने असली चुनौती वीकडेज की है. आने वाले दिनों में इसकी कमाई यह तय करेगी कि फिल्म अपने पहले हफ्ते का सफर कितनी मजबूती से पूरा करती है.
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ऋषि नाम के शख्स का किरदार निभाया है, जो अपनी पत्नी ममता यानी तमन्ना भाटिया के साथ बिहार स्थित अपने पुश्तैनी गांव लौटता है. ऋषि का इरादा ज्यादा दिन गांव में रहने का नहीं है. वह अपनी जमीन बेचकर शहर वापस जाना चाहता है.लेकिन गांव में एक ऐसा नियम है, जिसे ऋषि अंधविश्वास मानता है.गांव के पास एक जंगल है जंहा सूर्यास्त के बाद जाना मना है . ऋषि इस बात को लेकर सीरियस नहीं होता.
क्या जंगल में खुलता है बड़ा राज?
ऋषि की सोच तब बदल जाती है, जब वह रात में जंगल में पहुंचकर अनजाने में एक पुराने रहस्यमयी बंधन को तोड़ देता है. इसके बाद गांव में अजीब घटनाएं शुरू हो जाती हैं. कहानी का संबंध वन देवी की पुरानी मान्यता से जुड़ता है.अब ऋषि उस जंगल और उससे जुड़े रहस्य की तह तक जाने की कोशिश करता है. जमीन बेचने के लिए गांव आया उसका सफर धीरे-धीरे एक ऐसे राज में बदल जाता है, जो कई पीढ़ियों से छिपा हुआ था.
कैसी है The Vvaan?
फिल्म में लोककथा और फैंटेसी को मिलाने की कोशिश की गई है, जो कुछ जगह अच्छी लगती है. इसके डायलॉग और कलाकारों का काम भी पसंद आता है. हालांकि कहानी हर जगह एक जैसी तेज नहीं रहती. कुछ मजाक और गाने कहानी को थोड़ा कमजोर करते हैं. अब आने वाले दिनों में देखना होगा कि फिल्म दर्शकों को कितनी पसंद आती है.




