Begin typing your search...

सोनम वांगचुक का आमिर खान पर तंज, ‘शायद हुआ शॉर्ट-टर्म मेमोरी लॉस’... ‘3 इडियट्स’ के रैंचो विवाद पर अब क्या बोले एक्टिविस्ट?

आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने एक्टर के उस बयान पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने वांगचुक से मुलाकात से इनकार किया था. वांगचुक ने ‘गजनी’ का जिक्र करते हुए आमिर पर तंज कसा और कहा कि शायद उन्हें मुलाकात याद नहीं रही.

सोनम वांगचुक का आमिर खान पर तंज, ‘शायद हुआ शॉर्ट-टर्म मेमोरी लॉस’... ‘3 इडियट्स’ के रैंचो विवाद पर अब क्या बोले एक्टिविस्ट?
X

आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ एक बार फिर चर्चा में है. एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने आमिर खान के उस बयान पर मजेदार अंदाज में पलटवार किया है, जिसमें एक्टर ने कहा था कि फिल्म बनाते समय वह वांगचुक को जानते तक नहीं थे. वांगचुक लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि फिल्म के रैंचो किरदार के पीछे उनके जीवन और काम की प्रेरणा रही है.

प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने आमिर खान की फिल्म ‘गजनी’ के किरदार का हवाला देते हुए अभिनेता पर चुटकी ली. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे कई वीडियो देखे हैं, जिनमें आमिर उनके भाषण को ‘गजनी’ वाले लुक में देख रहे थे.

वांगचुक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद आमिर अपने किरदार में इतने डूब गए थे कि उन्हें उनसे हुई मुलाकात याद ही नहीं रही. उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों के बीच काफी विस्तार से बातचीत हुई थी और कई मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ था.

‘3 इडियट्स’ को अपनी कहानी नहीं मानते वांगचुक

सोनम वांगचुक ने यह भी साफ किया कि वह ‘3 इडियट्स’ को अपनी जिंदगी की कहानी या बायोपिक नहीं मानते. उनका कहना है कि फिल्म और उनके जीवन के बीच समानता विचारों और प्रेरणा के स्तर पर है.उनके मुताबिक, बातचीत के दौरान आमिर खान ने शायद उनके कुछ विचार सुने होंगे और बाद में वे किसी रूप में फिल्म की कहानी का हिस्सा बन गए. हालांकि, वांगचुक ने यह संभावना भी जताई कि फिल्म के लेखकों को शायद इन विचारों के वास्तविक सोर्स की जानकारी नहीं रही हो.

आमिर ने दावे को बताया था गलतफहमी

दूसरी ओर, आमिर खान ने ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट में बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक के इस दावे को खारिज कर दिया था. एक्टर ने कहा था कि ‘3 इडियट्स’ बनाते समय वह वांगचुक के बारे में नहीं जानते थे. उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी भी उनसे परिचित नहीं थे.

आमिर ने हालांकि वांगचुक के काम की तारीफ करते हुए कहा था कि उनके काम का सम्मान करने के लिए उन्हें ‘3 इडियट्स’ के किरदार से जोड़ना जरूरी नहीं है. अब वांगचुक के ताजा बयान के बाद फिल्म के रैंचो किरदार की प्रेरणा को लेकर पुरानी बहस फिर सुर्खियों में आ गई है.

अगला लेख