सोनम वांगचुक को जानते नहीं थे... आमिर ने चतुर के दावे को बताया गलतफहमी, सोशल एक्टिविस्ट को लेकर कही ये बात
सोनम वांगचुक को लेकर आमिर खान ने चुप्पी तोड़ी है. एक्टर ने बताया कि फिल्म का किरदार उन पर आधारित नहीं था. यह लोगों की गलतफहमी है और वह चाहते हैं कि सोनम अपना अनशन जल्दी खत्म कर दें.
आमिर ने सोनम वांगचुक को लेकर क्या बताया
आमिर खान ने आखिरकार सोनम वांगचुक को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ दी है. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह सवाल उठ रहा था कि 3 इडियट्स के 'फुनसुख वांगडू' किरदार को सोनम वांगचुक से जोड़कर देखा जाता है, जबकि एक्टर ओमी वैद्य ने भी अपने एक वीडियो में इसी ओर इशारा किया था. अब आमिर ने इस पूरे विवाद पर अपनी बात रखते हुए साफ कर दिया कि यह सिर्फ एक गलतफहमी है.
आमिर खान ने कहा कि जब 3 इडियट्स बन रही थी, तब न वह, न डायरेक्टर राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक को जानते थे. हालांकि, उन्होंने सोनम वांगचुक के सामाजिक कार्यों की खुलकर सराहना की और उनकी हेल्थ को लेकर चिंता जताते हुए अनशन खत्म करने की अपील भी की.
किस पर आधारित था '3 इडियट्स' का किरदार?
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट में बातचीत के दौरान आमिर खान से सोनम वांगचुक और उनके अनशन को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि 3 इडियट्स के मुख्य किरदार को लेकर जो धारणा बनी हुई है, वह सही नहीं है. आमिर ने कहा कि 'नहीं, यह सच नहीं है. यह एक गलतफहमी है. जब हम यह फिल्म बना रहे थे, तब मैं श्री सोनम वांगचुक को जानता भी नहीं था. मैंने हाल ही में चतुर (ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने ऐसा कहा था. लेकिन वह गलत हैं. शायद चतुर ऐसा सोचते हों, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि न राजू (राजकुमार हिरानी), न अभिजात जोशी और न ही मैं, हममें से कोई भी उस समय सोनम वांगचुक को नहीं जानता था.'
सोनम वांगचुक को लेकर क्या बोले आमिर?
हालांकि, आमिर खान ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक के काम का सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि उनका कनेक्शन 3 इडियट्स के किरदार से जोड़ा जाए. सोनम जो काम कर रहे हैं, वह बेहद अच्छा है. उनका सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि उन्हें 3 इडियट्स के किरदार का आधार माना जाए. इसके आगे आमिर ने यह भी कहा कि 'सोनम वांगचुक खुद भी पहले बता चुके हैं कि फिल्म का यह किरदार उन पर आधारित नहीं था.'
अनशन खत्म करने की भी अपील की
सोनम वांगचुक की सेहत पर चिंता जताते हुए आमिर खान ने कहा कि 'हम सभी उनके हेल्थ और लाइफ को लेकर चिंतित हैं. हम उम्मीद करते हैं कि सब कुछ अच्छे तरीके से खत्म हो. हम चाहते हैं कि वह अपना अनशन खत्म करें और अपना ध्यान रखें.'
किन-किन सितारों ने किया रिएक्ट?
आमिर खान से पहले 3 इडियट्स में 'चतुर' का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने एक इमोशनल वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि वह नहीं चाहते कि "फुनसुख वांगडू" की मौत हो. इसके अलावा इमरान खान, अदिति राव हैदरी, सोनाक्षी सिन्हा, आयुष शर्मा, फातिमा सना शेख और विवेक ओबेरॉय समेत कई बॉलीवुड कलाकार भी सोनम वांगचुक के सपोर्ट में उतरे हैं.




