वॉर के बीच दुबई में फंसी Sonal Chauha और PV Sindhu, भारत वापसी के लिए पीएम मोदी से मांगी मदद
ईरान और इज़राइल के बीच तेज हुए मिसाइल हमलों के बाद दुबई समेत कई खाड़ी देशों में हवाई सेवाएं रोक दी गई हैं. एक्ट्रेस सोनल चौहान और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने भारत सरकार से मदद मांगी है.
मध्य पूर्व में तनाव बहुत बढ़ गया है. इज़राइल और अमेरिका ने ईरान पर बड़े मिसाइल हमले किए हैं. इसके जवाब में ईरान ने भी मिसाइलों से हमला किया है. इन हमलों के कारण खाड़ी इलाके में बहुत सारे देशों का हवाई क्षेत्र बंद हो गया है. ईरान, इराक, कुवैत, बहरीन, इज़राइल और कुछ अन्य जगहों पर हवाई यात्रा पूरी तरह रोक दी गई है. दुबई जैसे बड़े हवाई अड्डे पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम एयरपोर्ट दोनों बंद हैं. इससे हजारों यात्री फंस गए हैं. कई भारतीय नागरिक भी वहां अटक गए हैं. बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान भी दुबई में फंसी हुई हैं. वे भारत वापस आने के लिए उड़ान भरना चाहती थीं, लेकिन सभी फ्लाइट्स कैंसल होने से वे नहीं आ पा रही हैं. सोनल ने सोशल मीडिया पर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मदद मांगी है.
सोनल चौहान ने मांगी मदद
उन्होंने लिखा है, 'माननीय प्रधानमंत्री @narendramodiji, मैं अभी दुबई में फंसी हुई हूं यहां संकट चल रहा है. उड़ानें रद्द हो गई हैं और भारत लौटने का कोई साफ रास्ता नहीं दिख रहा. मैं सरकार से मार्गदर्शन और सहायता चाहती हूं ताकि सुरक्षित घर लौट सकूं. MEA इंडिया और इंडिया इन दुबई को भी टैग किया है. किसी भी तरह की मदद के लिए बहुत-बहुत आभारी रहूंगी.'
पीवी सिंधु भी फंसी
सोनल चौहान के अलावा, भारत की मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं. वे इंग्लैंड के एक टूर्नामेंट के लिए जा रही थीं, लेकिन फ्लाइट्स बंद होने से वे रुक गई हैं. सिंधु ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि वे सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति बहुत तनावपूर्ण और डरावनी है. पीवी सिंधु ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा, 'यह मुश्किल बढ़ती जा रही है, और स्थिति हर घंटे और भी डरावनी होती जा रही है. कुछ घंटे पहले, एयरपोर्ट पर हम जहां छिपे हुए थे, उसके पास एक धमाका हुआ. मेरे कोच को जल्दी से उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। यह हम सभी के लिए बहुत टेंशन वाला और डरावना पल था. दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ और दुबई अथॉरिटीज़ की लगातार कोशिशों की वजह से अब हम सब सुरक्षित हैं. दुबई में इंडियन हाई कमीशन को भी उनके ज़बरदस्त सपोर्ट और हमें सुरक्षित रखने में लगातार मदद के लिए खास धन्यवाद. फिलहाल, हम थोड़ा आराम करने और उम्मीद बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि हम चीज़ों के ठीक होने का इंतज़ार कर रहे हैं.
दुबई में यात्रा पूरी तरह ठप
रॉयटर्स जैसी बड़ी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, इन हमलों के बाद इलाके में बड़े विस्फोट हुए हैं. कतर का दोहा जहां अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य अड्डा है, अबू धाबी और दुबई में भी विस्फोटों की खबरें आई हैं. कई जगहों पर मिसाइलें गिरी हैं, जिससे हवाई यात्रा पूरी तरह ठप हो गई है. यह स्थिति बहुत गंभीर है. हजारों लोग एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे हैं. भारतीय सरकार से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और वापस लाने के लिए जल्दी से कदम उठाने की उम्मीद है. सबके लिए शांति और सुरक्षा की कामना है.




