टूटने वाली है बादशाह की दूसरी शादी? Wife ईशा के Insta पोस्ट को लेकर कैसी-कैसी अफवाहें? देखिए Glamour अंदाज
रैपर बादशाह की पत्नी ईशा रिखी की एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद उनकी दूसरी शादी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. ईशा ने लिखा कि वह लंबे समय तक डर की वजह से चुप रहीं, लेकिन अब दिखावा नहीं कर सकतीं.
मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका कोई नया गाना या म्यूजिक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी दूसरी पत्नी ईशा रिखी की सोशल मीडिया पोस्ट है. ईशा ने हाल ही में एक भावुक संदेश शेयर किया है जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैल गई है.
पोस्ट में उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक डर के कारण चुप रहने की बात कही. पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, अब तक न तो बादशाह और न ही ईशा रिखी ने अपने रिश्ते की मौजूदा स्थिति या तलाक को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि की है. इसलिए फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को तथ्य नहीं माना जा सकता.
ईशा रिखी की पोस्ट ने क्यों खींचा सबका ध्यान?
ईशा रिखी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लंबा नोट साझा किया. उन्होंने लिखा कि कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं, जिनके निशान बाहर दिखाई नहीं देते. उन्होंने कहा कि वह काफी समय तक इसलिए चुप रहीं क्योंकि उन्हें डर था कि उनके पति के पास इतना प्रभाव, शक्ति और संसाधन हैं कि उनके सामने उनकी आवाज नहीं सुनी जाएगी.
ईशा ने यह भी लिखा कि चुप रहना उनकी पसंद नहीं, बल्कि खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश थी. अब उन्होंने डर की जगह हिम्मत चुनने का फैसला किया है. उन्होंने यह भी कहा कि वह अभी पूरी कहानी बताने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन अब यह दिखावा भी नहीं करना चाहतीं कि सब कुछ ठीक है. यही बातें सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही हैं और उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
क्या पोस्ट में तलाक का इशारा था?
ईशा रिखी ने अपनी पोस्ट में कहीं भी सीधे तौर पर तलाक या अलग होने का जिक्र नहीं किया. हालांकि, 'अब दिखावा नहीं कर सकती' और 'डर से चुप थी' जैसे शब्दों को लेकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने-अपने अनुमान लगाए. फिलहाल इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में यह कहना सही नहीं होगा कि दोनों के बीच तलाक तय हो चुका है.
दोस्तों ने किया खुलकर समर्थन
ईशा की पोस्ट वायरल होने के बाद उनके कई करीबी दोस्तों और शुभचिंतकों ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया. एक करीबी ने लिखा कि वह जानते हैं कि ईशा पिछले कुछ समय से किन परिस्थितियों से गुजर रही हैं और उन्होंने हर चुनौती का सामना आत्मसम्मान और ईमानदारी के साथ किया है. वहीं कुछ अन्य दोस्तों ने उन्हें मजबूत बने रहने और हिम्मत न हारने की सलाह दी. इन प्रतिक्रियाओं के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई.
कुछ दिन पहले शेयर की थीं रोमांटिक तस्वीरें
दिलचस्प बात यह है कि इस भावुक पोस्ट से कुछ समय पहले ही ईशा रिखी ने बादशाह के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे. उन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा था कि हर तूफान अपने साथ कोई न कोई सीख लेकर आता है और हर दुआ उम्मीद देती है. उनकी इस पोस्ट पर अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने भी कमेंट कर उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दी थी.
कब हुई थी बादशाह और ईशा रिखी की शादी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादशाह और ईशा रिखी ने मार्च 2026 में बेहद निजी समारोह में शादी की थी. शादी में सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. शुरुआत में दोनों ने अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया था. बाद में ईशा ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर शादी की पुष्टि की. एक प्रशंसक के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बादशाह को अपना "पति" भी बताया था. इसके अलावा उनकी मां ने भी सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा कर दोनों को शुभकामनाएं दी थीं.
कौन हैं ईशा रिखी?
ईशा रिखी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हैं. उन्होंने साल 2013 में फिल्म 'जट्ट बॉय पुट्ट जट्टां दे' से अभिनय की शुरुआत की. इसके बाद 'हैप्पी गो लक्की', 'बड़े चंगे ने मेरे यार कमीने', 'व्हॉट द जट्ट' और 'अरदास' जैसी फिल्मों में नजर आईं. पंजाबी सिनेमा में पहचान बनाने के बाद उन्होंने 2018 में फिल्म 'नवाबजादे' से बॉलीवुड में कदम रखा.
बादशाह की पहली शादी भी रही थी चर्चा में
ईशा रिखी से पहले बादशाह की शादी जैस्मिन मसीह से हुई थी. दोनों ने 2012 में विवाह किया था और 2017 में उनकी बेटी का जन्म हुआ. बाद में दोनों अलग हो गए. पहली शादी खत्म होने के कई साल बाद बादशाह ने ईशा रिखी के साथ नया जीवन शुरू किया.




