Kumkum Bhagya फेम टीवी एक्ट्रेस Sanchita Ugale का निधन, 30 साल की एक्ट्रेस ने किया सुसाइड
'कुमकुम भाग्य' फेम एक्ट्रेस संचिता उगाले का 15 जून को निधन हो गया। महज 30 साल की उम्र में उनके जाने की खबर ने टीवी इंडस्ट्री और फैंस को गहरा झटका दिया है.
अपनी मासूम मुस्कान और बेहतरीन अदाकारी से लाखों दिलों को जीतने वाली यंग एक्ट्रेस संचिता उगाले (Sanchita Ugale) अब हमारे बीच नहीं रहीं. महज 30 साल की उम्र में संचिता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है. 15 जून की सुबह जब यह खबर गलियारों में फैली, तो किसी को भी इस बात पर यकीन नहीं हुआ. जो एक्ट्रेस कल तक सोशल मीडिया पर मुस्कुराते हुए रील शेयर कर रही थी, उसने अचानक ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया? जिससे पूरी टीवी इंडस्ट्री हैरान है और शोक व्यक्त कर रही है. संचिता को ज़ी टीवी के शो में 'दीया टंडन' के किरदार के लिए व्यापक रूप से पहचाना जाता था.
को-एक्टर ने किया कन्फर्म
संचिता के इस तरह अचानक चले जाने की खबर से उनके करीबी और को-एक्टर पूरी तरह टूट चुके हैं. 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' में उनकी को-स्टार रहीं मशहूर एक्ट्रेस ऋचा सोनी ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है. एक एंटरटेनमेंट पोर्टल को दिए इंटरव्यू में ऋचा ने बेहद इमोशनल होते हुए कहा, 'मुझे जब शुरुआत में सोशल मीडिया पर इसके मैसेज मिलने शुरू हुए, तो मुझे लगा कि यह कोई फेक न्यूज होगी. आखिर कोई इतनी जल्दी कैसे जा सकता है? हमने बहुत करीब रहकर साथ काम किया है, मैं उसे अच्छे से जानती थी. लेकिन जब हमारे शो की 'दादी' का मुझे फोन आया और उन्होंने रोते हुए इस बात की पुष्टि की, तब मुझे एहसास हुआ कि यह भयानक सच है. यह बेहद दुखद और झकझोर देने वाला है.'
इन टीवी शो में किया शानदार काम
संचिता उगाले ने बेहद कम समय में टेलीविजन जगत में अपनी एक खास पहचान बना ली थी. उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता ज़ी टीवी के सुपरहिट शो 'कुमकुम भाग्य' से मिली, जिसमें उन्होंने 'दीया टंडन' का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाई. इसके अलावा सोनी सब (Sony SAB) के लोकप्रिय धारावाहिक 'वागले की दुनिया' में 'रुचिता जेटली' के रूप में उनके एक्टिंग को दर्शकों ने काफी सराहा था. संचिता सिर्फ यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने दंगल टीवी के शोज और हाल ही में 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' में सौरभ बेदी के साथ मुख्य भूमिकाओं में काम कर अपनी वर्सेटाइल एक्टिंग का लोहा मनवाया था.
'छावा' और 'साइलेंस 2' जैसी फिल्मों में किया काम
संचिता का टैलेंट सिर्फ टीवी तक सीमित नहीं थी, वे धीरे-धीरे बॉलीवुड में भी अपने कदम जमा रही थी.साइलेंस 2 उन्होंने मनोज बाजपेयी की थ्रिलर फिल्म 'साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट' में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इसके साथ ही विक्की कौशल स्टारर एपिक ड्रामा फिल्म 'छावा' में संचिता ने 'तारा रानी' के बचपन का किरदार निभाया था.
मौत से कुछ घंटे पहले की रील
संचिता सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थीं और इंस्टाग्राम पर उनके 139K फॉलोअर्स हैं. उनके निधन से ठीक 18 घंटे पहले तक उनके अकाउंट से एक रील शेयर की गई थी. इस वीडियो में वह एक बेहद पॉपुलर हिंदी गाने पर मुस्कुराते हुए लिप-सिंक और डांस करती नजर आ रही हैं. उन्होंने कैप्शन में लिखा था, 'मैं नाचूं तू नाचा.' इस वीडियो को देखकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता था कि अंदर ही अंदर वह किस दौर से गुजर रही थी.
संचिता ने बयां किया था इंडस्ट्री का कड़वा सच
पिछले साल दिए एक इंटरव्यू में संचिता ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के उस कड़वे सच और संघर्ष को बयां किया था, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं. जब वह 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' की शूटिंग कर रही थीं, तब उन्होंने अपने काम और पर्सनल लाइफ के बीच के तनाव पर खुलकर बात की थी. संचिता ने कहा था, 'फिलहाल पर्सनल लाइफ को संभालना मेरे लिए बहुत मुश्किल हो रहा है. रोजाना 17 से 18 घंटे की शिफ्ट और फिर आने-जाने के सफर के बाद मुझे ठीक से सोने का समय भी नहीं मिल पाता. मैं अपनी हेल्थ का ख्याल नहीं रख पा रही हूं और न ही अपने परिवार या दोस्तों के साथ वक्त बिता पा रही हूं.' संचिता ने बताया था कि वह सेट पर ही थोड़ा-बहुत अच्छा खाना खाकर या वक्त मिलते ही झपकी लेकर काम चलाती थी. वह छोटे-छोटे तरीकों से अपने परिवार से फोन पर जुड़ी रहती थीं ताकि उन्हें अकेलापन महसूस न हो.'
लोअर-मिडल क्लास से उठकर बनाया था मुकाम
संचिता ने अपनी इस बातचीत में अपने पारिवारिक बैकग्राउंड का भी जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि वह एक बेहद साधारण लोअर-मिडिल क्लास परिवार से ताल्लुक रखती थी. जब उन्होंने ग्लैमर वर्ल्ड में आने और एक्ट्रेस बनने का सपना देखा, तो शुरुआत में उन्होंने डर के मारे अपने परिवार को कुछ नहीं बताया था. एक साधारण परिवार होने के नाते उन्हें शुरुआत में कोई सपोर्ट भी नहीं मिला. लेकिन संचिता ने हार नहीं मानी. जब उन्हें लगातार प्रोजेक्ट्स मिलने लगे और वह टीवी पर दिखने लगीं, तब उनके परिवार ने उनके हुनर को समझा और उनका पूरा साथ दिया.




