उसके पीछे कुछ लोग थे! Sanchita Ugale डेथ केस में अब तक क्या-क्या आया सामने? भाई-पिता ने किस पर लगाए आरोप
टीवी एक्ट्रेस संचिता उगाले की संदिग्ध मौत ने मनोरंजन जगत को झकझोर दिया है. परिवार का आरोप है कि इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों की कथित मानसिक प्रताड़ना और दबाव ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया.
'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने वाली यंग एक्ट्रेस संचिता उगाले (Sanchita Ugale) के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. रविवार शाम मुंबई के पास नालासोपारा स्थित उनके आवास पर उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन संचिता के परिवार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने इस पूरी घटना को एक नया और बेहद संवेदनशील मोड़ दे दिया है. एक्ट्रेस की मौत के बाद उनके चचेरे भाई आकाश सतीश उगाले ने मीडिया के सामने आकर जो दावे किए हैं, उसने एक बार फिर मायानगरी के 'कास्टिंग काउच' और 'मानसिक उत्पीड़न' जैसे मुद्दों को हवा दे दी है.
बंद कमरे के अंदर का वो खौफनाक मंजर
बीते रविवार, 14 जून की शाम की है. पुलिस और समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच नालासोपारा पूर्व के अचोले गांव स्थित साई संतोषी बिल्डिंग की है, जहां संचिता अपने परिवार के साथ रहती थी. काफी देर से संचिता के बेडरूम का दरवाजा अंदर से नहीं खुला, तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी. बार-बार आवाज देने और खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो दरवाजा तोड़ा गया. अंदर का मंजर देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. संचिता अपने बेडरूम में छत के पंखे से बंधी साड़ी के फंदे पर लटकी हुई पाई गईं. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें फंदे से नीचे उतारा और तुरंत वसई-विरार नगर निगम के नजदीकी अस्पताल ले गए. हालांकि, तकदीर को कुछ और ही मंजूर था. डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद संचिता को मृत घोषित कर दिया.
भाई का सनसनीखेज दावा
संचिता की मौत के बाद सोमवार को उनके चचेरे भाई आकाश सतीश उगाले ने मीडिया के सामने आकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए. आकाश का सीधे तौर पर आरोप है कि संचिता डिप्रेशन से गुजर रही थी और इसके पीछे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ही कुछ लोग लोग थे. आकाश ने मीडिया इंटरेक्शन में बताया, 'यह इंडस्ट्री बाहर से जितनी अच्छी दिखती है, अंदर से उतनी ही डरावनी है. यह लोगों को इस कदर डराती और धमकाती है कि वे टूट जाते हैं. मेरी बहन के साथ भी यही हुआ. उसे मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया जा रहा था. कास्टिंग काउच से जुड़े कुछ लोग उसे लगातार परेशान कर रहे थे, जिसने उसे अंदर से पूरी तरह खोखला कर दिया था.'
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से तुलना
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब आकाश उगाले ने अपनी बहन की मौत की तुलना दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से कर दी. गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत का शव भी 14 जून 2020 को बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में मिला था, जिसे जांच एजेंसियों ने आत्महत्या करार दिया था. इत्तेफाक देखिए कि संचिता ने भी मौत के लिए 14 जून की ही तारीख को चुना. आकाश ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि संचिता का एक सीक्रेट इंस्टाग्राम अकाउंट भी था. जिसपर एक रील अपलोड करते हुए कैप्शन में लिखा था- अगेन 14 जून.' आकाश ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गुप्त इंस्टाग्राम आईडी और उस पर पोस्ट की गई रील की बारीकी से साइबर जांच की जानी चाहिए.
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
संचिता उगाले की मौत के बाद स्थानीय अचोले पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हरकत में आई. अचोले पुलिस स्टेशन के एपीआई (API) विनोद बाग ने मीडियाकर्मियों को आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया, '15 जून को मृतका के पिता माचिंदा उगाले द्वारा दी गई लिखित शिकायत को आधार बनाया गया है. अचोले पुलिस ने भारतीय सिविल सेवा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR - Accidental Death Report) का मामला दर्ज किया है. पुलिस फिलहाल संचिता के फोन रिकॉर्ड्स, उनके दोस्तों और करीबियों के बयानों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि वे इस कथित आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजह और उन 'कास्टिंग' से जुड़े लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिन पर प्रताड़ना का आरोप लगा है.




