45 की उम्र में पहली बार मां बनेंगी Sambhavna Seth, 7 बार IVF फेल, अब लेना पड़ा ये फैसला
संभावना सेठ ने 45 की उम्र में सरोगेसी के जरिए मां बनने की खुशखबरी शेयर की है. 7 IVF और मिसकैरेज के दर्द के बाद आखिरकार उनका सपना सच होने जा रहा है.
लंबे समय से मां बनने का सपना देख रही संभावना सेठ (Sambhavna Seth) का सपना सच हो गया है. एक्ट्रेस ने अपने पति और एक्टर अविनाश द्विवेदी के साथ अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही हैं. गुरुवार को एक्ट्रेस ने अपने इंस्टा हैंडल पर इस खुशख़बरी को शेयर को किया. संभावना सेठ, जो अपने हिट गानों और बिग बॉस सीजन 2 में अपनी दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारा और इमोशनल पोस्ट करते हुए लिखा, 'हम प्रेग्नेंट हैं! हमारी सबसे खूबसूरत कहानी अब प्यार, उम्मीद और सरोगेसी के रास्ते आगे बढ़ रही है. काउंटडाउन शुरू हो गया है.'
यह खुशखबरी इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले साल दिसंबर 2024 में संभावना को बहुत बड़ा दुख झेलना पड़ा था. उस समय उनकी प्रेगनेंसी के तीसरे महीने में मिसकैरेज हो गया था. कई बार आईवीएफ (IVF) की कोशिशों के बाद जब आखिरकार प्रेगनेंसी संभव हुई, तो कपल बहुत खुश थे. लेकिन उन्होंने अपना बच्चा खो दिया था. संभावना ने उस समय डॉक्टरों पर मेडिकल लापरवाही का आरोप भी लगाया था. उन्होंने कहा था कि उनके लक्षणों को डॉक्टरों ने गंभीरता से नहीं लिया, जिसकी वजह से यह दुखद घटना हुई. हालांकि 45 की उम्र में उनका मां बनना भी किसी मैजिक से कम नहीं है. वहीं यह कपल अपनी शादी के 9 साल बाद पहले बच्चे का स्वागत कर रहा है.
सेलेब्स दे रहे बधाई
संभावना के को-एक्टर्स से लेकर उनके फैंस जानते है वह कितने सालों से मां बनने सपना अपने दिल में लिए बैठी थी. संभावना ने कई बार जिक्र किया था कि उन्हें मां न बन पाने के लिए ताने दिए गए. लेकिन अब उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग चुका है और अब हर कोई उनके लिए खुश है. दीपिका सिंह ने कहा, 'बहुत-बहुत बधाई! आप दोनों के लिए मुझे बहुत खुशी है.' कॉमेडियन भारती ने कहा, 'बहुत-बहुत मुबारक.' उनके अलावा भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे, सुनीता आहूजा समेत फैंस ने संभावना और अविनाश पर प्यार लुटाया.
आईवीएफ की कितनी कोशिशें की?
एक इंटरव्यू में संभावना ने बताया कि उन्होंने कुल 7 बार IVF की प्रक्रिया करवाई. मिसकैरेज होने से पहले उन्होंने प्रेगनेंसी के दौरान एक खूबसूरत फोटोशूट भी करवाया था. हॉटरफ्लाई को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'मैंने कई बार मिसकैरेज झेला है. इन सालों में मैंने 7 बार आईवीएफ करवाया. शादी से पहले भी मैंने अपने एग्स फ्रीज करवाया था, जिस पर करीब 1.5 लाख रुपये खर्च हुए थे. मैंने भविष्य की सोचकर ये कदम उठाया था. लेकिन आखिरकार सब भगवान की मर्जी पर निर्भर करता है.'
संभावना की लंबी और मुश्किल यात्रा
भावना सेठ अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में हमेशा खुलकर बात करती रही हैं. उन्होंने कई बार बताया है कि उन्हें बच्चा कितना चाहते थे. पिछले साल एक व्लॉग में इस जोड़े ने अपने मिसकैरेज की पूरी कहानी शेयर की थी. अविनाश द्विवेदी ने बताया था कि लंबे समय से वे इस मुश्किल दौर से गुजर रहे थे. जब प्रेग्नेंट हुई तो उन्हें बहुत उम्मीद जगी थी. उन्होंने कहा, 'बच्चे की धड़कन साफ सुनाई दे रही थी, लेकिन बाद के स्कैन में डॉक्टरों को कुछ भी नहीं मिला. कोई भी ये नहीं बता पाया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ.' व्लॉग में संभावना इमोशनल होकर रोते हुए बताती हैं कि प्रेगनेंसी के दौरान उन्हें तीन महीने में 65 इंजेक्शन लगवाने पड़े थे. ये इंजेक्शन बहुत दर्दनाक थे. फिर भी उन्होंने अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश और सावधानी बरती.
एक्ट्रेस का वर्क फ्रंट
प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो संभावना सेठ को आखिरी बार साल 2019 के टीवी शो 'गुड़िया हमारी सभी पे भारी' में देखा गया था. इसके अलावा उन्होंने भोजपुरी फिल्म 'निरहुआ चलल लंदन' में भी एक खास भूमिका निभाई थी. जिन लोगों को नहीं पता, उन्हें बता दें कि संभावना सबसे पहले साल 2008 में बिग बॉस सीजन 2 में नजर आई थीं. उसके बाद साल 2015 में वे बिग बॉस हल्ला बोल में दोबारा आईं और फाइनल तक पहुंचीं.




