समय रैना के फोन में सेव है 1930 नंबर, CM फडणवीस के सामने Maha Cyber से अपने ‘पुराने नाते’ पर कॉमेडियन ने यूं ली चुटकी
CM फडणवीस के सामने सम्मान पाकर समय रैना ने Maha Cyber से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र किया. साथ ही, बताया कि वह अपने फोन में 1930 नंबर सेव करते हैं.
समय रैना एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. महाराष्ट्र साइबर के एक इवेंट में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सम्मान मिलने के बाद समय ने महाराष्ट्र साइबर से अपने पुराने कनेक्शन को लेकर ऐसी चुटकी ली कि उनका अंदाज चर्चा में आ गया. उन्होंने मजाक में बताया कि 1930 नंबर उन्होंने अपने फोन में सेव कर रखा है, क्योंकि उन्हें अक्सर वहां से कॉल आते हैं.
यहीं नहीं रुके समय रैना ने कहा कि महाराष्ट्र साइबर काफी एक्टिव है और चाहे आप कहीं भी हों, वह आपको पकड़ लेगा. इसके बाद उन्होंने अपने पुराने एक्सपीरियंस का जिक्र करते हुए कहा कि पहले साइबर सेल का एक अधिकारी कॉमेडियन के घर जाकर उसे वहां से ले गया था, लेकिन इस बार उसी जगह सम्मान मिल रहा है.
समय रैना ने क्या कहा?
इवेंट के दौरान महाराष्ट्र साइबर की ओर से ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म और ‘1930 महाराष्ट्र साइबर एन्थम’ लॉन्च किया गया. इस मौके पर साइबर जागरूकता अभियान में योगदान देने के लिए समय रैना को भी सम्मानित किया गया. सम्मान लेते हुए समय ने मजाकिया अंदाज में कहा, “सर, सम्मान के लिए धन्यवाद. महाराष्ट्र साइबर के साथ मेरा रिश्ता काफी पुराना है. उन्होंने इस बात के जरिए अपने और महाराष्ट्र साइबर के पुराने कनेक्शन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली.
क्यों समय ने सेव किया है 1930 नंबर
इसके बाद समय रैना ने 1930 हेल्पलाइन नंबर का जिक्र करते हुए मजाक में कहा, “1930 बहुत अच्छा नंबर है. मैंने इसे अपने फोन में सेव कर रखा है, क्योंकि मुझे अक्सर वहां से कॉल आते हैं.” समय की यह बात सुनकर साफ था कि वह अपने और महाराष्ट्र साइबर के पुराने कनेक्शन को लेकर मजाक कर रहे थे.
अपने अंदाज में की साइबर सेल की तारीफ
समय ने महाराष्ट्र साइबर की मुस्तैदी की तारीफ करते हुए कहा कि महाराष्ट्र साइबर सेल काफी एक्टिव है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि आप कहीं भी हों, यहां तक कि भारत से बाहर भी हों, साइबर सेल आपको पकड़ लेगा. समय ने इसे बहुत अच्छी बात बताया.
क्या था India’s Got Latent विवाद?
समय रैना का नाम पिछले साल ‘India’s Got Latent’ विवाद के कारण महाराष्ट्र साइबर की जांच से जुड़ा था. शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद बड़ा विवाद खड़ा हुआ था. इसके बाद समय समेत शो से जुड़े लोगों को कानूनी कार्रवाई और जांच का सामना करना पड़ा था.




