Begin typing your search...

कौन है 9/11 आतंकी हमले का मास्टरमाइंड खालिद शेख मोहम्मद, जिसने दिया था लादेन को आइडिया, पाकिस्तान से ऐसे पकड़ा गया, अब आई ट्रायल की बारी

अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले के मास्टरमाइंड खालिद शेख मोहम्मद के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई साल 2028 में शुरू हो सकती है. खालिद को साल 2003 में पाकिस्तान से पकड़ा गया था.

Khalid Sheikh Mohammed 911 attacks
X

Khalid Sheikh Mohammed 911 attacks

( Image Source:  X/ @ConstitustionX, @KolHaolam )

अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड खालिद शेख मोहम्मद के खिलाफ मुकदमे की नई तारीख तय कर दी गई है. ग्वांतानामो बे में सैन्य न्यायाधीश लेफ्टिनेंट कर्नल माइकल श्रमा ने बुधवार, 26 अगस्त को आदेश दिया कि मोहम्मद और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही 5 जून 2028 से शुरू हो सकती है. इससे पहले जनवरी 2027 में मुकदमा शुरू करने की मांग की गई थी, लेकिन न्यायाधीश ने उस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था.

यह मामला अमेरिकी सैन्य आयोग प्रणाली में दो दशक से भी अधिक समय से पेंडिंग है. यदि तय कार्यक्रम के अनुसार 2028 में सुनवाई शुरू होती है, तो 9/11 हमलों को लगभग 27 साल बीत चुके होंगे. उन हमलों में करीब 3,000 लोगों की जान गई थी और इसके बाद अमेरिका ने आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज किया था.

क्या है खालिद शेख मोहम्मद पर आरोप?

खालिद शेख मोहम्मद पर 11 सितंबर 2001 के हमलों की साजिश का मुख्य सूत्रधार होने का आरोप है. रिपोर्ट के अनुसार, उसने अपहरण किए गए यात्री विमानों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की योजना पेश की थी. बाद में उसने अल-कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन के साथ मिलकर इस योजना को आगे बढ़ाया. अमेरिकी सरकार का आरोप है कि इसी साजिश ने आगे चलकर 9/11 हमलों का रूप लिया.

कितने विमानों का किया था अपहरण?

11 सितंबर 2001 को चार कमर्शियल विमानों का अपहरण किया गया था. इनमें से दो विमानों को न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की इमारतों से टकराया गया. एक अन्य विमान वॉशिंगटन डीसी के पास पेंटागन से जा टकराया, जबकि चौथा विमान यात्रियों द्वारा अपहरण करने वालो के खिलाफ विरोध किए जाने के बाद पेंसिल्वेनिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इन हमलों में करीब 3,000 लोगों की मौत हुई और इस घटना ने अमेरिका की सुरक्षा एवं विदेश नीति को लंबे समय तक प्रभावित किया.

कब पकड़ा गया था खालिद?

खालिद शेख मोहम्मद को 1 मार्च 2003 को पाकिस्तान के रावलपिंडी से गिरफ्तार किया गया था. गिरफ्तारी के बाद उसे अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के सीक्रेट हिरासत कार्यक्रम में करीब साढ़े तीन साल तक रखा गया. सितंबर 2006 में उसे क्यूबा स्थित ग्वांतानामो बे में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे की हिरासत सुविधा में ट्रांसफर किया गया. तब से वह अमेरिकी सैन्य आयोग की कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहा है.

कौन है खालिद शेख मोहम्मद?

खालिद शेख मोहम्मद का जन्म 14 अप्रैल 1965 को कुवैत में एक पाकिस्तानी परिवार में हुआ था. उसने अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. उसे ओसामा बिन लादेन के करीबी सहयोगियों में गिना जाता था. रिपोर्ट के मुताबिक वह अल-कायदा के प्रचार से जुड़े कामों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था.

खालिद शेख मोहम्मद का नाम 9/11 के अलावा कई अन्य बड़े आतंकी मामलों की जांच में भी सामने आया है. उस पर 1993 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए बम हमले की साजिश, बाली नाइटक्लब बमबारी और अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या से जुड़े मामलों में भी भूमिका होने के आरोप लगाए गए हैं.

अगला लेख