भोलू शाहपुरिया कौन, जिसने सिंगर अंकित बालियान की करवाई हत्या... किस गाने को लेकर था विवाद- पोस्ट आई सामने
हरयाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए भोलू शाहपुरिया ने एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की है. जिसमें बताया लिखा गया कि क्यों आखिर अंकित बालियान का मर्डर किया गया है?
Singer Ankit Baliyan
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद सनसनी फैल गई है. बुधवार शाम जिम से बाहर निकलते वक्त चार अज्ञात हमलावरों ने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटनास्थल से करीब 20 खोखे मिलने की बात सामने आई है. पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है. मामले में अब एक नया मोड़ आया है. भोलू शाहपुरिया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है.
भोलू को गोगी गैंग से जुड़ा बताया जाता है और उसके लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क से संबंध होने की बात भी सामने आई है. पोस्ट में अंकित पर गैंग के विरोधियों का साथ देने और गोगी से जुड़ी घटना पर गाना बनाने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की पुलिस द्वारा स्वतंत्र रूप से पुष्टि किया जाना बाकी है.
हत्या से पहले अंकित पोस्ट में क्या था?
हत्या से कुछ समय पहले अंकित बालियान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा किया था. वीडियो में वह कार के अंदर बैठकर हत्या से जुड़े एक गाने को गाते नजर आए थे. इस गाने की पंक्तियां थीं, 'मर्डर मार दे सड़क के ऊपर' अब पुलिस इस वीडियो समेत अंकित की हालिया सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या से पहले उन्हें किसी तरह की धमकी या विवाद का सामना करना पड़ा था या नहीं.
भोलू शाहपुरिया ने पोस्ट में क्या लिखा?
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अंकित गैंग के दुश्मनों का साथ दे रहे थे. पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित ने गोगी भाई से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था. पोस्ट में आगे धमकी देते हुए कहा गया कि जो भी उनके दुश्मनों का साथ देगा, उसका भी यही अंजाम होगा. आगे लिखा गया कि "ये सिर्फ़ शुरुआत है, सबकी बारी आएगी."
कौन है भोलू शाहपुरिया?
भोलू शाहपुरिया को हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला संदिग्ध अपराधी बताया जाता है. उसके संबंध गोगी गैंग और लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े होने के दावे सामने आते रहे हैं. वह सोशल मीडिया पर इन आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों को अपना करीबी बताता रहा है. हालांकि, किसी व्यक्ति के सोशल मीडिया दावे को उसकी आपराधिक भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं माना जा सकता. इस मामले में गोगी गैंग का नाम सामने आने की वजह कुख्यात गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी से जुड़ी पुरानी घटना बताई जा रही है.
दिल्ली के अलीपुर निवासी जितेंद्र गोगी की 24 सितंबर 2021 को रोहिणी कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. आरोप के मुताबिक, टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शूटर वकीलों के भेष में अदालत परिसर में पहुंचे थे और उन्होंने गोगी को निशाना बनाया था. भोलू शाहपुरिया की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, अंकित बालियान ने इसी घटना को लेकर एक गाना बनाया था, जिसका नाम "भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" था. इसी गाने को लेकर गोगी गैंग अंकित से नाराज था.




