Begin typing your search...

सलमान खान की फिल्म पर फिर विवाद! ‘काला हिरण’ पर लीगल नोटिस, निर्देशक बोले- सच दिखाएंगे तो बवाल होगा

1998 के चर्चित ब्लैक बक केस से प्रेरित फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के निर्माताओं को नोटिस भेजा है, जबकि निर्देशक ने दावा किया है कि फिल्म केवल सार्वजनिक तथ्यों पर आधारित है.

सलमान खान की फिल्म पर फिर विवाद! ‘काला हिरण’ पर लीगल नोटिस, निर्देशक बोले- सच दिखाएंगे तो बवाल होगा
X
मोहम्मद रज़ा
By: मोहम्मद रज़ा4 Mins Read

Published on: 2 Jun 2026 4:52 PM

फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ की घोषणा के बाद से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. 1998 के चर्चित ब्लैक बक केस की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही इस फिल्म को लेकर अब नया कानूनी मोड़ सामने आया है. अभिनेता सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के निर्माता और निर्देशक को कानूनी नोटिस भेजा है. नोटिस में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री हटाने की मांग की गई है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं होने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसी विवाद के बीच फिल्म के निर्देशक भारत एस श्रीनेत ने 'स्टेट मिरर' से बातचीत में खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि 'जब आप सच बोलते हैं तो विवाद होना तय है. उदयपुर फाइल्स पर भी विवाद हुआ था. सच से डर उन्हें लगता है जो उसमें कहीं ना कहीं फंसे हुए होते हैं और नहीं चाहते कि सच्चाई सामने आए.'

क्या बोले फिल्म निर्देशक?

निर्देशक ने बताया कि फिल्म का पोस्टर लॉन्च किया जा चुका है और 20 जून को इसका टीजर रिलीज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि फिल्म को बेहद मेहनत और समर्पण के साथ बनाया गया है और इसकी रिलीज डेट भी जल्द घोषित की जाएगी. भारत एस श्रीनेत ने कहा कि फिल्म बनाने का मकसद बिश्नोई समाज के संघर्ष और विरासत को दिखाना है. उनके मुताबिक, “यह एक बैटल ऑफ लेगेसी है. बिश्नोई समाज ने वनस्पति और जीवों की रक्षा के लिए किस तरह बलिदान दिए, यह फिल्म उसी भावना को सामने लाती है.”

उन्होंने दावा किया कि फिल्म बनाने से पहले मुख्य गवाह पूनम चंद्र बिश्नोई सहित संबंधित गवाहों से NOC ली गई है. निर्देशक ने कहा, “हम विक्टिम के साथ खड़े हैं और इस घटना पर फिल्म के माध्यम से प्रकाश डालने की कोशिश कर रहे हैं.' फिल्म की कहानी को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें वही बातें दिखाई गई हैं जो पब्लिक डोमेन में मौजूद हैं. “हमने किसी का महिमामंडन नहीं किया है. जो सच है, वही दिखाया जाएगा. यह डॉक्यूमेंट्री नहीं बल्कि फीचर फिल्म है.'

क्या फिल्म ‘काला हिरण में लॉरेंस बिश्नोई का भी किरदान है?

जब निर्देशक से लॉरेंस बिश्नोई के किरदार को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिल्म में 1998 से लेकर 2024 तक की घटनाओं को दर्शाया गया है. उन्होंने बताया कि फिल्म में एक किरदार ‘लॉयन विश्रोई’ नाम से दिखाया गया है, जो कथित तौर पर घटना से प्रभावित होकर मुख्य किरदार के लिए खतरा बनता है. हालांकि उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का ग्लोरिफिकेशन नहीं किया गया है.

मामला न्यायालय में होने के बावजूद फिल्म बनाने पर पूछे गए सवाल पर निर्देशक ने कहा कि “न्यायालय सर्वोच्च है और वही तय करेगा कि फिल्म रिलीज होगी या नहीं. बड़े मामलों से लेकर छोटे विवाद तक सभी अदालत में ही होते हैं. अगर किसी को लगता है कि जानवर की जिंदगी की कोई कीमत नहीं होती, तो यह गलत है.” उधर फिल्म के निर्माता अमित जानी ने भी सलमान खान की टीम की तरफ से भेजे गए नोटिस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नोटिस शेयर करते हुए लिखा कि “नोटिस भेजकर काला हिरण मूवी से जुड़े लोगों को धमकाने लगे हैं सलमान खान.”

अमित जानी इससे पहले भी कई विवादित विषयों पर आधारित फिल्मों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. वह कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म का निर्माण कर चुके हैं. अब ‘काला हिरण’ को लेकर शुरू हुए इस कानूनी विवाद के बाद फिल्म की रिलीज और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है. बता दें कि 30 मई को फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज किया गया था. निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म वास्तविक घटनाओं और कानूनी संघर्षों से प्रेरित है तथा इसे इंटरनेशनल और हॉलीवुड स्टाइल ट्रीटमेंट के साथ तैयार किया गया है. फिल्म का टीजर 20 जून को रिलीज करने की बात निर्देशक ने कही है.

अगला लेख