इंटरनेशनल फिल्म 7 Dogs में Salman Khan का कैमियो बना तूफान, मिस्र प्रीमियर में पोस्टरों में छाए भाईजान
इंटरनेशनल एक्शन थ्रिलर ‘7 डॉग्स’ में सलमान खान का छोटा कैमियो फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा में है. मिस्र प्रीमियर में लगे विशाल पोस्टर, थिएटर रिएक्शन और वायरल वीडियो ने मेगास्टार के ग्लोबल स्टारडम को फिर साबित कर दिया.
हाल ही में एक इंटरनेशनल फिल्म ने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) की वजह से खूब सुर्खियां बटोरी. फिल्म के नाम है '7 डॉग्स' (7 Dogs). थिएटर में फिल्म शुरू होने से पहले ही सलमान खान की वजह से चारों तरफ चर्चा छा गई थी. मिस्र में हुए इस फिल्म के ग्रैंड प्रीमियर ने सबका ध्यान खींच लिया. शुक्रवार को मिस्र में फिल्म का प्रीमियर रखा गया था. वहां लगे ग्रैंड पोस्टरों से लेकर स्क्रीन पर फिल्म की छोटी-छोटी झलकियां दिखने तक, पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. फिल्म में लीड रोल में मिस्र के फेमस एक्टर करीम अब्देल अजीज और अहमद एज़ हैं. साथ ही संजय दत्त और हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस मोनिका बेलुची भी फिल्म में नजर आएंगी. लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान की रही. सलमान खान खुद प्रीमियर में मौजूद नहीं थे, फिर भी उनकी अपीयरेंस हर जगह महसूस की जा रही थी.
वेन्यू पर उनके बहुत बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए थे. फैंस इन्हें देखकर बेहद खुश हो गए और कई लोगों ने इन पोस्टरों के साथ सेल्फी ली. सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा, 'फिल्म '7 डॉग्स' में सलमान खान का छोटा सा कैमियो है और देखिए... उनके लिए अलग से स्पेशल पोस्टर बनाया गया है. यही तो स्टारडम है, इसीलिए उन्हें मेगास्टार कहते हैं.' जब फिल्म की स्क्रीनिंग शुरू हुई तो थिएटर के अंदर का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो गया. इसमें सलमान खान एक नाई की दुकान वाले सीन में दिख रहे हैं. वे अंग्रेजी में डायलॉग बोलते हैं और लीड एक्टर उनके पास आते हैं. यह छोटा सा कैमियो देखकर दर्शक पूरी तरह दीवाने हो गए है.
फैंस का रिएक्शन
एक फैन ने लिखा, 'हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि सलमान खान को हम इतनी बड़ी इंटरनेशनल फिल्म में देखेंगे. उन्होंने अपना किरदार बहुत अच्छे से निभाया है.' दूसरे ने कहा, '7 डॉग्स में सलमान खान का बाप लेवल कैमियो है.' कई लोगों ने इसे 'रोंगटे खड़े कर देने वाला' पल बताया. एक यूजर ने पोस्ट किया, 'एक एंट्री और पूरा थिएटर धमाके से भर गया. साल का सबसे पैसा वसूल कैमियो.' दूसरे ने लिखा, 'सात कुत्ते, खूब अफरा-तफरी, और फिर एक आदमी आया और पूरा माहौल एक्साइटमेंट में बदल दिया. यही मेगास्टार और आम स्टार में फर्क है.'
फिल्म के बारे में
'7 डॉग्स' एक बड़ी बजट वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म है. इसे 'बैड बॉयज़' फेम डायरेक्टर जोड़ी आदिल अल अरबी और बिलाल फल्लाह ने निर्देशित किया है. फिल्म को सऊदी अरब का सपोर्ट भी मिला है. कहानी दो अलग-अलग दुनिया से आए दो पुरुषों के इर्द-गिर्द घूमती है. अहमद एज़ इंटरपोल अधिकारी की भूमिका में हैं, जबकि करीम अब्देल अजीज एक खतरनाक अपराधी सरगना बनकर नजर आएंगे. दोनों के रास्ते एक बड़े इंटरनेशनल क्राइसिस के दौरान टकराते हैं. फिल्म मध्य पूर्व की स्थिरता को प्रभावित करने वाले हथियारबंद मादक पदार्थों की कहानी दिखाती है. यह फिल्म भारत में 28 मई को रिलीज होने वाली है.
सलमान खान का शेड्यूल
सलमान खान इस समय काफी व्यस्त हैं. उनकी अगली फिल्म 'मातृभूमि' काफी चर्चा में है. पहले इसे 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से जाना जा रहा था, लेकिन अब नाम बदल दिया गया है. फिल्म में चीन और गलवान घाटी से जुड़े कुछ चीजों को हटा दिए गए हैं और रीशूट भी किए गए हैं. इसमें सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल का रोल निभा रहे हैं. उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी लीड रोल में हैं. फिल्म सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनी है और अपूर्वा लखिया इसे डायरेक्ट कर रही हैं. इसके अलावा, सलमान ने नयनतारा के साथ एक और बड़ी फिल्म की अनाउंसमेंट की है. यह फिल्म ईद 2027 पर रिलीज हो सकती है। अभी इसका नाम SVC63 रखा गया है और वामशी पेडिपल्ली इसे निर्देशित करेंगे. पिछली बार सलमान खान को रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' में एक पावरफुल योद्धा के कैमियो में देखा गया था, जिसकी भी लोगों ने खूब तारीफ की थी.




