एकदम चुप! Jr NTR ने मंच पर खोया आपा, फैंस लगाते रहे सीएम-सीएम के नारे; पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज
बेंगलुरु में KIMS सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के उद्घाटन में पहुंचे जूनियर एनटीआर को देखने हजारों फैंस इकट्ठा हो गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई और एस्केलेटर तक टूट गया. इवेंट के दौरान फैंस ने ‘CM-CM’ के नारे लगाए, जिस पर एक्टर ने मंच से लोगों से शांत रहने की अपील की.
तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर (Jr NTR) हाल ही में बेंगलुरु गए थे. वहां उन्होंने KIMS सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के नए हिस्से का उद्घाटन करने के लिए चीफ गेस्ट के तौर पर हिस्सा लिया. यह इवेंट बीते रविवार को हुआ, और जैसे ही जूनियर एनटीआर वहां पहुंचे, उनके लाखों फैंस ने अस्पताल के अंदर और बाहर भारी भीड़ लगा दी. लोग बस एक झलक पाने के लिए बहुत एक्साइटेड थे. इतनी ज्यादा भीड़ इकट्ठी हो गई कि सब कुछ अफरा-तफरी में बदल गया. अस्पताल के अंदर बहुत से लोग धक्का-मुक्की करने लगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ गई.
पुलिस को बीच में आना पड़ा और लाठीचार्ज करके भीड़ को काबू करना पड़ा. भीड़ इतनी ज्यादा थी कि अस्पताल के अंदर एक एस्केलेटर टूट गया. कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें दिख रहा है कि कैसे फैंस अस्पताल के अंदर घुसकर एनटीआर को देखने की कोशिश कर रहे थे. एक वीडियो में एक शख्स एस्केलेटर पर गिरता हुआ दिखा, और किसी ने उसे पकड़कर उठाया. एनटीआर की सुरक्षा टीम को बहुत मुश्किल से उनके लिए रास्ता बनाना पड़ा.
क्यों लगे CM के नारे ?
इवेंट के दौरान जब डॉ. गुरुवा रेड्डी ने मजाक में एनटीआर से पूछा कि '25 साल बाद आप कैसे दिखेंगे?', तो एनटीआर ने हंसते हुए जवाब दिया, '25 साल बाद मैं 67 साल का हो जाऊंगा'. यह सुनकर सभी लोगों ने तालियां बजाईं. लेकिन कुछ फैंस ने तुरंत "सीएम... सीएम..." के नारे लगाने शुरू कर दिए. 'सीएम" का मतलब मुख्यमंत्री. मतलब फैंस एनटीआर को भविष्य में आंध्र प्रदेश या तेलंगाना का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं. उनके दादा एनटी रामाराव (एनटीआर) भी एक बहुत बड़े सुपरस्टार थे और उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी बनाई थी, जिसके मुख्यमंत्री भी रहे थे. इसलिए उनके पोते जूनियर एनटीआर को भी लोग राजनीति में आते देखना चाहते हैं और उन्हें "सीएम एनटीआर" कहकर चीयर करते हैं.
क्यों आया सुपरस्टार को गुस्सा
नारे सुनकर एनटीआर थोड़े परेशान हो गए. उन्होंने मंच पर खड़े होकर भीड़ की तरफ देखा और गंभीर होकर तेलुगु में कहा, 'क्या आप सब कृपया शांत हो सकते हैं?. फिर अंग्रेजी में बोले, 'मैंने कहा शांत... शांत.' पहले तो लोग जोर-जोर से नारे लगाते रहे, लेकिन फिर धीरे-धीरे शांत हो गए. तब एनटीआर ने मुस्कुराकर कहा, 'गुड.' यह पूरा वीडियो रेडिट और दूसरे सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो गया. कुछ लोगों ने मजाक किया कि एनटीआर ऐसे बोल रहे थे जैसे कोई मालिक अपने कुत्ते से कह रहा हो 'शांत हो जा'.
फैंस ने क्या कहा?
कुछ ने कहा कि एनटीआर को थोड़ा एटीट्यूड है. लेकिन कई फैंस ने उनका बचाव किया. एक व्यक्ति ने लिखा, 'मैं खुद वहां था. लोग 'सीएम' चिल्ला रहे थे, इसलिए उन्होंने शांत रहने को कहा. पहले पूरी बात समझो.' इसके अलावा, एनटीआर ने अपने पुराने एक बहुत बड़े हादसे की बात भी की. साल 2009 में उनकी कार एक्सीडेंट हो गई थी. कार कई बार पलट गई और उन्हें बहुत गंभीर चोटें आई थीं. उस समय वे अपने दादा एनटी रामाराव की पार्टी तेलुगु देशम पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे. एनटीआर ने कहा कि डॉक्टरों की वजह से उनकी जान बची, और एक बार उन्हें लगा कि काश वे खुद डॉक्टर होते. जब उनसे पूछा गया कि किस तरह के डॉक्टर बनते, तो उन्होंने प्यार से कहा, 'मुझे छोटे बच्चे बहुत अच्छे लगते हैं, मैं बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) बनता.




