'तुम सुरभि एकदम बैड वाइफ हो', Pati Patni aur Panga 2 पर मनोज तिवारी ने अपनी पत्नी को ऐसा क्यों कहा? क्या था टास्क
रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' में मनोज तिवारी और उनकी पत्नी सुरभि के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली. गांधी जी के तीन बंदरों से प्रेरित कुकिंग टास्क में दोनों को अलग-अलग चुनौतियां दी गईं, लेकिन तालमेल बिगड़ने से वे टास्क हार गए. इसी दौरान मनोज ने सुरभि को 'बैड वाइफ' कह दिया, जिस पर मुनव्वर फारूकी ने भी खूब मजे लिए.
रियलिटी शो पति पत्नी और पंगा में मनोज तिवारी और उनकी पत्नी सुरभि के बीच ऐसा मजेदार पल देखने को मिला, जिसने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया. शो में दोनों को खाना बनाने का एक टास्क दिया गया था. यह टास्क गांधी जी के तीन बंदरों से प्रेरित था, जिसमें मनोज तिवारी देख नहीं सकते थे, जबकि सुरभि सुन नहीं सकती थीं. वहीं, मनोज की मांग बोल नहीं सकती थीं. ऐसे में मनोज को खाना बनाना था और सुरभि को इशारों के जरिए उन्हें निर्देश देने थे. लेकिन दोनों के बीच तालमेल की कमी के चलते टास्क बिगड़ गया और वे इसे पूरा करने में नाकाम रहे.
टास्क के दौरान सुरभि के कानों में ईयरफोन लगाए गए थे. वह कहती हैं कि उन्हें कुछ सुनाई नहीं दे रहा है. इस पर मनोज तिवारी जवाब देते हैं कि उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा. इसके बाद सुरभि उन्हें तवा छूकर देखने के लिए कहती हैं, लेकिन मनोज ऐसा करने से मना कर देते हैं. वह कहते हैं, "अरे हम क्यों टच करें, तुम टच करो, जल रहा होगा."
टास्क के दौरान मनोज से पानी भी बर्तन के बाहर गिर जाता है. दोनों को समझ नहीं आता कि आखिर बनाना क्या है और खाना कैसे तैयार करना है. इस दौरान वे बार-बार कहते नजर आते हैं कि उन्हें पता ही नहीं है कि क्या हो रहा है. आखिरकार टास्क में नाकाम होने के बाद मनोज तिवारी झुंझलाकर पत्नी सुरभि से कहते हैं, "तुम बहुत बैड वाइफ हो."
मनोज की बात पर सुरभि ने दिया मजेदार जवाब
मनोज की इस बात पर सुरभि भी पीछे नहीं रहतीं. वह जवाब में कहती हैं, "पता है क्या, बार-बार रायता फैलाने से होता नहीं है साफ." दोनों के बीच हुई इस नोकझोंक को देखकर शो के होस्ट मुनव्वर फारूकी भी मनोज की 'बैड वाइफ' वाली बात पकड़ लेते हैं और इस पर मजे लेने लगते हैं.
हालांकि, मनोज तिवारी बाद में साफ करते हैं कि उन्होंने सुरभि को कुकिंग के मामले में बैड वाइफ कहा था. यानी उनका इशारा खाना बनाने के टास्क में दोनों के बीच हुए खराब तालमेल की ओर था. इस पूरे मजेदार वाकये को देखने के लिए दर्शकों को शो का यह एपिसोड देखना होगा.
क्या है 'पति पत्नी और पंगा' शो?
पति पत्नी और पंगा एक रियलिटी शो है, जिसमें सेलिब्रिटी जोड़ियां अपने रिश्ते, आपसी तालमेल और मजेदार टास्क के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करती हैं. शो को मुनव्वर फारूकी और सोनाली बेंद्रे होस्ट करते हैं. इसमें पति-पत्नी की जोड़ियां अलग-अलग चुनौतियों में हिस्सा लेती हैं और अपने रिश्ते की समझ और टीमवर्क दिखाती हैं.
शो में मनोज तिवारी और उनकी पत्नी सुरभि के अलावा कई चर्चित जोड़ियां भी शामिल हैं. इनमें दीपिकाऔर उनके पति रोहित, दिव्यंका-विवेक, अर्चना-परमीत, अर्जुन-नेहा, मनोज-सुरभि, रादिल-दिशा, शब्बीर-कांची शामिल है.




