ये क्या फैशन है? फ्यूजन लुक पर ट्रोल हुईं Kiran Rao, यूजर्स बोले- पूरा परिवार कार्टून
'लगान' के 25 साल पूरे होने पर आयोजित ग्रैंड सेलिब्रेशन में किरण राव अपने बेटे आज़ाद के साथ पहुंचीं. साड़ी और ग्राफिक टी-शर्ट वाले उनके फ्यूजन लुक ने सोशल मीडिया पर तारीफ के साथ-साथ ट्रोलिंग भी बटोरी.
कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कमाई नहीं करतीं, बल्कि दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ जाती हैं. आमिर खान स्टारर और आशुतोष गोवारिकर निर्देशित मास्टरपीस फिल्म 'लगान' (Lagaan) भी एक ऐसी ही कल्ट क्लासिक फिल्म है. हाल ही में इस ऐतिहासिक फिल्म ने अपनी रिलीज के शानदार 25 साल पूरे कर लिए हैं. इस खास सिल्वर जुबली के मौके पर मायानगरी मुंबई में एक ग्रैंड सेलिब्रेशन किया गया, जहां फिल्म की स्टारकास्ट से लेकर बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां एक छत के नीचे नजर आईं.
इस हाई-प्रोफाइल पार्टी में सबकी निगाहें आमिर खान और उनके करीबियों पर टिकी थी. लेकिन जैसे ही आमिर की एक्स-वाइफ और मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर किरण राव (Kiran Rao) ने अपने बेटे आज़ाद राव खान के साथ रेड कार्पेट पर एंट्री ली, तो वहां मौजूद फोटोग्राफर्स के कैमरे तेजी से फ्लैश होने लगे. वजह थी किरण राव का बेहद अनोखा और लीक से हटकर चुना गया 'फ्यूजन लुक'. हालांकि, फैशन के साथ किया गया यह अनूठा एक्सपेरिमेंट सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग को हजम नहीं हुआ और देखते ही देखते किरण राव अपने इस पहनावे को लेकर इंटरनेट पर बुरी तरह ट्रोल हो गईं.
किरण के टी-शर्ट स्लोगन ने खींचा ध्यान
किरण राव हमेशा से ही बॉलीवुड के ग्लैमर स्टाइल को फॉलो करने के बजाए अपने यूनिक अंदाज के लिए जानी जाती है. इस खास शाम के लिए भी उन्होंने कुछ ऐसा ही चुना जो चर्चा का विषय बन गया. किरण ने इस इवेंट में ब्लाउज को पूरी तरह से अलविदा कहते हुए एक कूल ब्लैक ग्राफिक टी-शर्ट के साथ पिंक बॉर्डर वाली चेकर्ड साड़ी को पेयर किया था. इस लुक में सबसे मजेदार और ध्यान खींचने वाली चीज थी उनकी टी-शर्ट पर लिखा एक देसी स्लोगन- 'मिले तो संपर्क करो.' अपने इस लुक को पूरा करने के लिए किरण ने अपने सिग्नेचर शॉर्ट हेयस, ग्लासेस और अट्रैक्टिव झुमके कैरी किए हुए थे. रेड कार्पेट पर अपने बेटे आज़ाद के साथ मुस्कुराते हुए पोज देती किरण बेहद कॉन्फिडेंट नजर आ रही थी. किरण के इस अंदाज को 'इंडो-वेस्टर्न फ्यूजन' का एक बेहतरीन उदाहरण बताया.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
जैसे ही इस इवेंट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, इंटरनेट की जनता दो हिस्सों में बंट गई. एक तरफ जहां फैशन ब्लॉगर्स और उनके फैंस ने किरण के इस बिंदास और कूल अंदाज की जमकर तारीफ की, वहीं दूसरी तरफ नेटिजन्स ने उन्हें आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर उनके इस लुक को जमकर ट्रोल किया जा रहा है और लोग तरह-तरह के मीम्स और तीखे कमेंट्स शेयर कर रहे हैं.
ट्रोलर्स के कुछ चुनिंदा और तीखे कमेंट्स
एक यूजर ने उनके लुक पर हैरानी जताते हुए लिखा कि यह फैशन की समझ से बिल्कुल परे है. कुछ यूजर्स ने आमिर खान के पूरे परिवार की लाइफस्टाइल और उनके स्टाइल को निशाना बनाते हुए उन्हें 'कार्टून' तक कह डाला. एक अन्य ट्रोलर ने आमिर खान की पर्सनल लाइफ और उनकी शादियों पर तंज कसते हुए उनके टेस्ट पर ही सवाल उठा दिए और कहा, ''महिलाओं के मामले में आमिर का टेस्ट...'कुछ लोगों ने तो किरण राव की साड़ी के ड्रेपिंग स्टाइल का मजाक उड़ाते हुए इसे साड़ी से ज्यादा 'लुंगी' करार दे दिया. यहां तक कि एक यूजर ने मर्यादा की सीमा लांघते हुए इस लुक को अपनी भाषा में 'भिखारी लुक' तक कह डाला.
फैंस आए स्पोर्ट में
हालांकि किरण राव के सच्चे फैंस ने मोर्चा संभाला और ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया. फैंस ने तर्क दिया कि किसी भी महिला को इस बात के लिए जज या ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए कि उसने क्या पहना है. एक ने लिखा, 'किरण एक इंडिपेंडेंट डायरेक्टर और थिंकर हैं, वे किसी टिपिकल बॉलीवुड दिवा की तरह कपड़े क्यों पहनें? उनका यह अंदाज बेहद कूल और रिफ्रेशिंग है.' कई लोगों का कहना है कि उन्होंने जो पहना आखिर उसमें बुराई क्या है? हर किसी का अपना स्टाइल होता है.




