'फर्जी' एक्ट्रेस Regina Cassandra का बॉलीवुड पर आरोप, बोलीं- जानबूझकर मुझे बेज्ज़त किया जाता है
रेगिना कैसेंड्रा ने खुलासा किया कि बॉलीवुड में उन्हें स्टीरियोटाइप रोल और अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा. हालांकि मुश्किलों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और सकारात्मक सोच से खुद को साबित किया.
एक्ट्रेस रेगिना कैसेंड्रा (Regina Cassandra) आजकल तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में बहुत नाम कमा रही हैं. वे एक ऐसी टैलेंटेड एक्ट्रेस हैं जो अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में आसानी से काम कर लेती हैं. लेकिन जब उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की, तो उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. बॉलीवुड में उन्हें कुछ लोगों से बहुत बुरा और अपमानजनक व्यवहार मिला, जिसकी वजह से वे काफी दुखी हुईं.
रेगिना ने बॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' से शुरुआत की थी. इसके बाद वे अक्षय कुमार की फिल्म 'केसरी चैप्टर 2' और सनी देओल की फिल्म 'जाट' में भी नजर आईं. हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में उन्होंने खुलकर बताया कि बॉलीवुड में शुरुआती दिनों में उनके साथ भेदभाव हुआ. लोगों ने उन्हें सिर्फ एक खास तरह की भूमिकाओं में ही बांधकर रखा, जैसे कि साउथ इंडियन लड़की की स्टीरियोटाइप वाली भूमिकाएं. इससे उन्हें बॉलीवुड में ढलने में काफी समय लगा.
क्या है कहना है रेगिना का?
रेगिना ने कहा कि वे चेन्नई की रहने वाली हैं और उनकी हिंदी बहुत अच्छी है. ज्यादातर साउथ इंडियन एक्टर्स की तुलना में उनकी हिंदी कहीं बेहतर है. वे हिंदी को पढ़ भी सकती हैं, लिख भी सकती हैं और बोल भी बहुत अच्छे से बोलती हैं. उन्होंने अब तक जितनी भी हिंदी फिल्मों में काम किया है, उसमें उनकी अपनी असली आवाज ही इस्तेमाल हुई है. उन्होंने कभी डबिंग नहीं कराई. वे हमेशा कोशिश करती हैं कि जो भी रोल मिले, उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएं. लेकिन इसके बावजूद, बॉलीवुड में कुछ लोगों ने उनके साथ बहुत गलत व्यवहार किया.
कैसा रहा से पर व्यवहार?
रेगिना ने बताया, 'बहुत से लोगों ने मेरे साथ अपमानजनक तरीके से बात की, सिर्फ शब्दों से ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार से भी. मुझे ऐसा लगता था कि मुझे जानबूझकर नीचा दिखाया जा रहा है. कोई भी आसानी से समझ सकता था कि मेरे साथ ऐसा किया जा रहा है.' इस वजह से उत्तर भारत में काम करते समय उन्हें थोड़ी झिझक महसूस होती थी. वे कहती हैं कि ऐसा हर बार नहीं होता, लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है. फिर भी रेगिना बहुत पॉजिटिव और खुशमिजाज इंसान हैं.
फिर भी रहती है पॉजिटिव
वे कहती हैं कि उनका स्वभाव बहुत प्यार करने वाला और स्नेहशील है. जहां भी वे जाती हैं, वहां जल्दी ही घर जैसा माहौल बना लेती हैं. वे किसी भी इंडस्ट्री में काम करें, लोगों के साथ अच्छे रिश्ते बना लेती हैं और सब उन्हें पसंद करने लगते हैं. वे मानती हैं कि समय के साथ चीजें बदल रही हैं और अब बॉलीवुड भी ज्यादा खुले दिल से लोगों को स्वीकार कर रहा है.





