Drishyam 3 की होगी रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग, पहले 3 दिन में इतने करोड़ कमा सकती है अजय देवगन की फिल्म
अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग को लेकर ट्रेड एनालिस्ट ने बड़े अनुमान लगाए हैं. रमेश बाला और सुमित काडेल के मुताबिक, फिल्म की शुरुआत दमदार हो सकती है और यह अजय देवगन की पिछली बड़ी रिलीज ‘सिंघम अगेन’ का एडवांस बुकिंग रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है.
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म की रिलीज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और इससे पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग को लेकर ट्रेड एनालिस्ट के अनुमान सामने आ गए हैं. रमेश बाला और सुमित काडेल का मानना है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी शुरुआत कर सकती है.
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने NDTV को बताया कि ‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. उनके मुताबिक, फिल्म की एडवांस सेल से अब तक करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है. उनका कहना है कि ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइज़ी की लोकप्रियता और दर्शकों के बीच बनी यादें फिल्म की बुकिंग को रफ्तार दे रही हैं. बाला के मुताबिक, जैसे-जैसे रिलीज के करीब और स्क्रीन और शो बढ़ेंगे, एडवांस बुकिंग में भी तेजी देखने को मिल सकती है.
सिंघम अगेन का रिकॉर्ड टूटने का अनुमान
सुमित काडेल ने भी फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर बड़ा अनुमान लगाया है. उनके अनुसार, नेशनल चेन यानी PVR INOX और सिनेपोलिस में ‘दृश्यम 3’ की बुकिंग काफी मजबूत है.उन्होंने उम्मीद जताई है कि फिल्म अजय देवगन की ‘सिंघम अगेन’ का एडवांस बुकिंग रिकॉर्ड पार कर सकती है. ‘सिंघम अगेन’ के लिए नेशनल चेन में पहले दिन के करीब 2.27 लाख टिकट बिके थे. सुमित काडेल का अनुमान है कि ‘दृश्यम 3’ 2.50 लाख से 3 लाख टिकट तक पहुंच सकती है.
50-60 करोड़ तक हो सकती है ओपनिंग
फिल्म की रिलीज 2 अक्टूबर को हो रही है, जो नेशनल हॉलिडे का दिन है.इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी भी है. ऐसे में फिल्म को लगातार तीन दिन का फायदा मिलने की उम्मीद है.रमेश बाला ने मौजूदा एडवांस बुकिंग को देखते हुए ‘दृश्यम 3’ की पहले दिन की कमाई 50 से 55 करोड़ रुपये नेट के बीच रहने का अनुमान लगाया है. वहीं, सुमित काडेल का अनुमान इससे थोड़ा ज्यादा है. उन्होंने कहा है कि फिल्म 45-50 करोड़ रुपये से शुरुआत कर सकती है और टिकटों की ज्यादा कीमत और छुट्टी का फायदा मिलने पर यह आंकड़ा 55-60 करोड़ रुपये नेट तक पहुंच सकता है.
ओपनिंग वीकेंड को लेकर भी बड़े अनुमान
ट्रेड एनालिस्ट ने फिल्म के शुरुआती वीकेंड को लेकर भी अनुमान लगाए हैं. रमेश बाला के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ पहले तीन दिनों में करीब 140-160 करोड़ रुपये नेट कमा सकती है. वहीं सुमित काडेल ने फिल्म के लिए 160-170 करोड़ रुपये नेट तक का अनुमान लगाया है, लेकिन यह दर्शकों के रिस्पॉन्स पर निर्भर करेगा.
रमेश बाला का कहना है कि फिल्म की फ्रैंचाइज़ी वैल्यू और रिलीज डेट दोनों इसके पक्ष में हैं. हालांकि, आखिरकार फिल्म की कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि दर्शकों को इसकी कहानी, स्क्रीनप्ले और कलाकारों की परफॉर्मेंस कैसी लगती है. ‘फिल्म में अजय देवगन के अलावा, श्रेया सरन, जयदीप अहलावत, रजत कपूर, तब्बू स्टार कास्ट के रूप में शामिल है.




