Begin typing your search...

रातोंरात बनी इंडस्ट्री की सेंसेशन, लेकिन खूबसूरती बन गई दुश्मन! दाऊद इब्राहिम से तंग आकर छोड़ना पड़ा इस एक्ट्रेस को भारत!

1988 की हॉरर फिल्म 'वीराना' से मशहूर हुईं जैस्मिन धुनना अचानक इंडस्ट्री से गायब हो गईं. अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से लेकर अमेरिका में नई जिंदगी तक, उनकी कहानी आज भी रहस्य बनी हुई है.

jasmine dhunna veerana actress mystery underworld connection
X
( Image Source:  Create By AI )
रूपाली राय
By: रूपाली राय

Updated on: 13 Feb 2026 6:20 AM IST

जैस्मिन धुनना की कहानी बॉलीवुड के उन रहस्यमयी चेहरों में से एक है, जो रातोंरात स्टार बन गईं और फिर अचानक गायब हो गईं. लोग अक्सर कहते हैं कि कभी-कभी आपकी सबसे बड़ी ताकत ही आपके लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाती है. उनके साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उनकी खूबसूरती और अचानक मिली शोहरत ने उन्हें ऊंचाइयों पर पहुंचाया, लेकिन उसी ने उनके करियर को भी खत्म कर दिया. जैस्मिन ने बहुत कम उम्र में फिल्मों में कदम रखा था. महज 13 साल की उम्र में साल 1979 में उन्होंने विनोद खन्ना के साथ फिल्म 'सरकारी मेहमान' से डेब्यू किया.

उस समय विनोद खन्ना करीब 33 साल के थे. फिल्म नहीं चली और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई. कई साल बाद, जब वो 18 साल की हुईं, तो उन्होंने फिल्म 'डिवोर्स' में काम किया, लेकिन वो भी कोई खास सफलता नहीं दिला पाई. दो-दो फिल्में फ्लॉप होने के बाद उनका करियर अनिश्चित सा लगने लगा. कोई बड़ा ब्रेक नहीं मिल रहा था. फिर आया वो फैसला, जिसने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी. साल 1988 में उन्होंने रैमसे ब्रदर्स की हॉरर फिल्म 'वीराना' साइन की. उस जमाने में हॉरर फिल्मों को ज्यादातर लोग घटिया समझते थे. कोई बड़ी हीरोइन ऐसी फिल्में करने को तैयार नहीं होती थी. लेकिन जैस्मिन ने ये रिस्क लिया.

'वीराना' ने बदली किस्मत, बनीं हॉरर क्वीन

फिल्म में उन्होंने एक बेहद खूबसूरत, मोहक और कामुक चुड़ैल का रोल किया. उनकी आंखें, उनका अंदाज, बोल्ड सीन और स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी ने सबको हैरान कर दिया. रैमसे ब्रदर्स ने उन्हें बहुत खूबसूरती से पेश किया खास लाइटिंग, क्लोज-अप शॉट्स और उनकी आंखों पर फोकस. फिल्म कम बजट में बनी थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया. खासकर गांवों और छोटे शहरों में ये सुपरहिट रही.

क्या सच में अंडरवर्ल्ड से जुड़ा था जैस्मिन का नाम?

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, लेखक ध्रुव सोमानी, जो रैमसे ब्रदर्स पर काफी रिसर्च कर चुके हैं, ने एक इंटरव्यू में कहा था कि रैमसे ब्रदर्स ने ही जैस्मिन को रातोंरात स्टार बना दिया. फिल्म रिलीज होने के बाद गांवों में लोग अंधेरे में चलने से डरने लगे थे, खासकर जहां स्ट्रीट लाइट नहीं होती थी. जैस्मिन का चेहरा डर का प्रतीक बन गया. लेकिन जितनी तेजी से वो उभरीं, उतनी ही तेजी से वो गायब भी हो गई. 'वीराना' के बाद उन्होंने कोई फिल्म नहीं की. उनके अचानक गायब होने से तरह-तरह की अफवाहें फैल गईं. कुछ लोग कहते थे कि उन्हें अंडरवर्ल्ड ने अगवा कर लिया. कुछ का मानना था कि उनकी मौत हो गई. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चित बात ये थी कि दाऊद इब्राहिम जैसे बड़े गैंगस्टर उनके पीछे पड़ गए थे. कहा जाता है कि उनकी खूबसूरती से वो इतने प्रभावित हुए कि उन्हें धमकाने और परेशान करने लगे. जैस्मिन को अपनी जान का डर लगा और वो चुपचाप देश छोड़कर चली गईं.

क्या यही थी असली वजह?

कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया कि उनकी मां की मौत के बाद वो अवसाद में चली गई और फिल्मों से दूर हो गईं. एक समय रैमसे ब्रदर्स ने 'वीराना 2' बनाने की प्लानिंग की थी, लेकिन वो कभी नहीं बना और रैमसे भाइयों का भी निधन हो गया. उनके को-एक्टर हेमंत बिरजे ने कई बार इन अफवाहों को खारिज किया है. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया, 'मैं उनसे अक्सर बात करता हूं. वो बिल्कुल ठीक हैं और स्वस्थ हैं. वो अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी. 'वीराना' से उन्हें बड़ी शोहरत मिली, लेकिन फिर अचानक गायब हो गईं. कुछ समय पहले मैंने उनसे फोन पर बात की. उन्होंने मेरा हाल पूछा और कहा कि बाद में कॉल करेंगी. अगले दिन उन्होंने फोन किया और कहा कि 'हे, मैंने तुम्हारे लिए बहुत सारे कपड़े खरीदे हैं.' लेकिन हम कभी मिल नहीं पाए. वो अमेरिका में रहती हैं, लेकिन मुंबई भी आती-जाती रहती हैं. यहां वो वर्सोवा में रहती हैं लेकिन फिल्म के बारे में कभी बात नहीं करती. आज भी जब मैं किसी शो में जाता हूं, लोग मुझसे उनके बारे में पूछते हैं.'

आज भी क्यों बना हुआ है जैस्मिन धुनना का रहस्य?

कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो अब अमेरिका में एक सफल बिजनेसवुमन हैं. वो अपना बिजनेस चलाती हैं और फिल्म इंडस्ट्री से पूरी तरह दूर हैं. आज भी जैस्मिन धुनना बॉलीवुड के सबसे बड़े रहस्यों में से एक हैं. एक ऐसी एक्ट्रेस, जो सिर्फ एक फिल्म से इतनी मशहूर हो गईं कि लोग आज भी उन्हें याद करते हैं. क्या वजह थी उनकी गायब होने की? क्या सच में अंडरवर्ल्ड का डर था? या फिर वो बस शोहरत से थक गईं और निजी जिंदगी चुन लीं? ये सवाल आज भी अनसुलझे हैं. लेकिन उनकी कहानी हमें याद दिलाती है कि कभी-कभी चमक इतनी तेज होती है कि वो खुद को ही जला देती है.

bollywood
अगला लेख