Shark Tank India 5 में The Binge Town ने ठुकराया अनुपम मित्तल का 8 करोड़ का ऑफर, क्यों की वरुण अलघ से डील?
Shark Tank India 5 में अनुपम मित्तल ने 8 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल ऑफर दिया, लेकिन The Binge Town के फाउंडर्स ने इसे ठुकरा दिया. आखिर क्यों चुना गया छोटा डील और क्या है इस प्राइवेट थिएटर स्टार्टअप की असली स्ट्रैटेजी?
रियलिटी शो 'शार्क टैंक इंडिया' (Shark Tank India 5) के सीजन 5 में एक बहुत ही रोमांचक और हैरान करने वाला एपिसोड आया था, जिसमें अनुपम मित्तल ने अब तक का सबसे बड़ा इन्वेस्ट ऑफर रखा, लेकिन आखिरकार वो डील उनके हाथ से निकल गई. ये कहानी है 'द बिंज टाउन' नाम की कंपनी की, जो बेंगलुरु में बेस्ड है. दरअसल 'द बिंज टाउन' छोटे-छोटे प्राइवेट थिएटर बनाते हैं, जहां लोग अपने स्पेशल मौकों जैसे बर्थडे, एनिवर्सरी, डेट नाइट, सरप्राइज पार्टी, दोस्तों के साथ छोटी-मोटी सेलिब्रेशन या फैमिली गेट-टुगेदर मनाते हैं. ये थिएटर पूरी तरह प्राइवेट होते हैं बड़ी स्क्रीन, सराउंड साउंड सिस्टम, कम्फर्ट सोफा, कोई डिस्टर्बेंस नहीं बस आप और आपके लोग. साथ में खाना-पीना, डेकोरेशन और दूसरे कई ऑप्शन भी अवेलेबल कराते हैं.
इस कंपनी को सौमय, संकेत, यश, चेतन और बिष्णु ने 2022 में शुरू किया था. ये सभी लोग पहले इसी कंपनी के कस्टमर थे, बाद में इसमें पार्टनर बन गए. कंपनी ने सिर्फ 60 लाख रुपये से शुरुआत की थी और पहले दिन से ही प्रॉफिट में चल रही है. आज भारत के कई शहरों में इनके 17 लोकेशन हैं और कुल 64 प्राइवेट थिएटर चल रहे हैं. एक बेसिक पैकेज की कीमत 1999 रुपये से शुरू होती है. शार्क टैंक में ये लोग 2 करोड़ रुपये मांगने आए थे, बदले में सिर्फ 2% इक्विटी देने को तैयार थे यानी कंपनी का वैल्यूएशन 100 करोड़ रुपये रखा था.
क्या रहा जजों का रिएक्शन?
पिच के दौरान शार्क्स बहुत इम्प्रेस हुए. खासकर अनुपम मित्तल ने कहा, 'बड़े खिलाड़ी हो भैया' उन्होंने ये भी पूछा कि इतना अच्छा आइडिया कहां से आया? ये तो कमाल है. फाउंडर्स ने बताया कि उन्होंने 3 करोड़ रुपये का इन्वेस्ट अपने बिजनेस के मुनाफे से किया था, जो सुनकर नमिता थापर ने कहा, 'यही तो सबसे अच्छा तरीका है ग्रोथ का' अनुपम ने भी कहा कि शार्क टैंक की खूबसूरती यही है. ऐसे यूनिक बिजनेस आईडिया देखने को मिलते हैं, जिनके बारे में कभी सोचा भी नहीं था.
फाउंडर्स ने अपने नंबर्स भी शेयर किए, जो और भी कमाल के थे:
2022-23 में रेवेन्यू 44 लाख रुपये, EBITDA 27%
2023-24 में रेवेन्यू 5.7 करोड़ रुपये, EBITDA 11%
2024-25 में रेवेन्यू 21.3 करोड़ रुपये, EBITDA 14%
क्यों हैरान रह गए शार्क्स?
इस साल अब तक 13.7 करोड़ का रेवेन्यू हो चुका है, और पूरे साल का अनुमान 27 करोड़ से ज्यादा है, कर पहले 11% प्रॉफिट के साथ. ये सुनकर सभी शार्क्स हैरान रह गए. लेकिन कुछ शार्क्स को स्केल करने में दिक्कत दिखी. विनीता सिंह ने कहा कि ये बिजनेस रेस्तरां जैसा है- शुरू में अच्छा चलता है, लेकिन बाद में लोग बोर हो सकते हैं, कस्टमर कम हो सकते हैं. ऑपरेशनल खर्च ज्यादा है, स्केल करना मुश्किल. इसलिए वो बाहर हो गईं. नमिता थापर ने फ्रेंचाइजी मॉडल में क्वालिटी कंट्रोल की चिंता जताई और बाहर हो गईं.
फाउंडर्स ने इस वजह से छोड़ी बड़ी डील
कुणाल बहल ने भी कहा कि बिजनेस अच्छा है, लेकिन मार्केट का साइज लिमिटेड लगता है, आगे कैसे बढ़ेगा समझ नहीं आ रहा, इसलिए वो भी बाहर. फिर अनुपम मित्तल ने बात आगे बढ़ाई. उन्होंने कहा कि अगर ये लोग बड़े इवेंट्स या शादियों की प्लानिंग की तरफ भी जाएं, तो 1000 करोड़ का बिजनेस आसानी से हो सकता है. लेकिन फाउंडर्स ने कहा कि अभी वो प्लेटफॉर्म मॉडल पर ही फोकस करना चाहते हैं, बड़े इवेंट्स में नहीं जाना चाहते. अनुपम ने कहा कि वो Shaadi.com के साथ इसे जोड़ना चाहते थे, लेकिन फाउंडर तैयार नहीं दिखे फिर भी अनुपम बहुत एक्साइटेड थे. उन्होंने कहा, 'मैं ऐसे ही बिजनेस की तलाश में था' और फिर सबसे बड़ा ऑफर दिया 8 करोड़ रुपये के बदले 26% इक्विटी यानी कंपनी का वैल्यूएशन करीब 30.77 करोड़ रुपये. ये शार्क टैंक के इतिहास में किसी एक शार्क का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल ऑफर था.
8 करोड़ का बड़ा ऑफर ठुकरा दिया
दूसरी तरफ वरुण अलघ ने ऑफर दिया 1 करोड़ रुपये के बदले 2.5% इक्विटी + 1 करोड़ रुपये का लोन 15% ब्याज पर (4 साल में चुकाना) कुल 2 करोड़ का पैकेज. फाउंडर्स ने दोनों को काउंटर ऑफर दिए, लेकिन अनुपम ने साफ कहा कि उनका ऑफर फाइनल है, क्योंकि ये स्ट्रैटेजिक डील है. वरुण ने भी ज्यादा नहीं बदला. आखिरकार फाउंडर्स ने वरुण अलाघ का ऑफर चुन लिया कुल 2 करोड़ रुपये (1 करोड़ इक्विटी + 1 करोड़ लोन). अनुपम मित्तल का 8 करोड़ का बड़ा ऑफर ठुकरा दिया गया. ये फैसला इसलिए लिया क्योंकि वरुण का ऑफर उनके मौजूदा ग्रोथ प्लान (नए शहरों में एक्सपैंड, फ्रेंचाइजी बढ़ाना, टियर-2/3 मार्केट में जाना) से ज्यादा मैच करता था. अनुपम का ऑफर बड़ा था, लेकिन ज्यादा इक्विटी मांग रहा था और स्ट्रैटेजिक चेंजेस की बात कर रहा था, जो अभी फाउंडर्स नहीं चाहते थे. बिंज टाउन ने एपिसोड में वरुण और उनकी पत्नी ग़ज़ल के लिए शार्क टैंक सेट पर ही एक रोमांटिक प्राइवेट डेट का स्पेशल सेटअप करके सबको इम्प्रेस भी किया था.





