12 अगस्त को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, जानें किन राशियों को रहना होगा सबसे ज्यादा सतर्क
12 अगस्त 2026 को लगने वाला साल का अंतिम सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, लेकिन ज्योतिष के अनुसार इसका प्रभाव सभी राशियों पर माना जाता है. जानिए किन 5 राशियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
12 अगस्त 2026 को साल का अंतिम और दूसरा सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है. यह ग्रहण अमावस्या तिथि पर पड़ रहा है और खगोलीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा. इस दौरान चंद्रमा कुछ स्थानों पर सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा, जिससे दिन के समय भी कुछ देर के लिए अंधकार जैसा वातावरण दिखाई देगा. यह दुर्लभ खगोलीय घटना दुनिया भर के खगोल विज्ञान के शौकीनों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा.
इसकी पूर्ण दृश्यता उत्तरी यूरोप, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, रूस के कुछ हिस्सों और आर्कटिक क्षेत्र में रहेगी. चूंकि भारत में यह ग्रहण दृश्य नहीं होगा, इसलिए यहां इसका सूतक काल भी मान्य नहीं माना जाएगा. ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को आत्मबल, मान-सम्मान, नेतृत्व और ऊर्जा का कारक ग्रह माना गया है. ऐसे में सूर्य ग्रहण का प्रभाव सभी 12 राशियों पर किसी न किसी रूप में पड़ सकता है. लेकिन कुछ राशि वालों को इस सूर्य ग्रहण के कारण विपरीत असर देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं किन राशि वालों को सावधान रहना होगा.
इन 5 राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी
कर्क राशि
इस ग्रहण का प्रभाव कर्क राशि वालों के मानसिक और भावनात्मक पक्ष पर दिखाई दे सकता है. पारिवारिक या कार्यस्थल के मामलों में आवेश में आकर कोई निर्णय लेने से बचें. धैर्य और संयम बनाए रखना आपके लिए लाभदायक रहेगा.
सिंह राशि
सूर्य सिंह राशि के स्वामी ग्रह हैं, इसलिए इस राशि के जातकों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी जाती है. अहंकार या अत्यधिक आत्मविश्वास के कारण काम बिगड़ सकते हैं. कार्यस्थल पर सहयोगियों के साथ तालमेल बनाए रखें और बड़े निवेश से पहले अच्छी तरह विचार करें.
कन्या राशि
आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी. अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं और किसी को उधार दिया गया धन फंस सकता है. साथ ही विरोधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखना आपके हित में रहेगा.
वृश्चिक राशि
कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों या साझेदारों के साथ मतभेद की स्थिति बन सकती है. जल्दबाजी में नौकरी बदलने, नया व्यवसाय शुरू करने या किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल कर लें.
मकर राशि
मकर राशि वालों को स्वास्थ्य और आर्थिक मामलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए. पेट संबंधी परेशानियां या मानसिक तनाव बढ़ सकता है. निवेश करते समय जोखिम लेने से बचें और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी रखें.




