27 जिलों में घना कोहरा का येलो अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर में मौसम रहेगा सुहावना; जानें अन्य राज्यों का हाल
देशभर में ठंड कम हो रही है लेकिन IMD ने कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. 27 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित होगी.
देशभर में इस समय सर्दी कम होती जा रही है और मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है. लोग अब ठंड से थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग ने 13 फरवरी को कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना बताई है. इनमें अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं. यहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, और हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
इसके अलावा, 16 और 17 फरवरी को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है. पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है.
27 जिलों में घना कोहरा
उत्तर भारत के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने का अलर्ट है. कुल 27 जिलों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे विजिबिलिटी बहुत कम हो जाएगी और लोगों को परेशानी हो सकती है. उत्तर प्रदेश में: मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, अमेठी, बाराबंकी, मैनपुरी, बहराइच, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, अयोध्या, प्रयागराज, गोरखपुर, शामली, सीतापुर और झांसी जैसे जिलों में कोहरा रहेगा.
- हरियाणा में: गुरुग्राम, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, हिसार, झज्जर और पानीपत.
- पंजाब में: लुधियाना, अमृतसर, फिरोजपुर, होशियारपुर, पटियाला और कपूरथला.
- कोहरे के कारण सुबह-सुबह गाड़ी चलाना मुश्किल हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतें.
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में 13 फरवरी को मौसम काफी अच्छा रहेगा. आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश बिल्कुल नहीं होगी. अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास. सुबह हल्की हवाएं 5 से 10 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं. दिन में गर्मी महसूस होगी, लेकिन रात में अभी भी ठंड रहेगी.
उत्तर प्रदेश-बिहार
यूपी में मौसम साफ-सुथरा रहेगा. कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, कुछ जिलों में घना कोहरा रहेगा, जैसे लखनऊ, कानपुर, मथुरा, अयोध्या, प्रयागराज, आगरा, गोरखपुर, गाजियाबाद और देवरिया. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है. दिन में काफी गर्मी लगेगी. बिहार में भी 13 फरवरी को आसमान साफ रहेगा बारिश नहीं होगी. लेकिन 10 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जैसे पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी. सुबह के समय कोहरे से सफर में दिक्कत आ सकती है.
राजस्थान और मध्यप्रदेश
राजस्थान में कल मौसम साफ रहेगा. ज्यादातर जगहों पर धूप निकलेगी. लेकिन 17 फरवरी को जयपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है. अभी कुछ जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहेगा, जैसे भरतपुर, अलवर, अजमेर, बारां, भीलवाड़ा और बीकानेर. जयपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रह सकता है. मध्य प्रदेश में 13 फरवरी को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. दिन में ठंड से काफी राहत मिलेगी. हालांकि, 16 फरवरी के बाद भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, सतना और छिंदवाड़ा जैसे जिलों में बादल छा सकते हैं और मौसम बदल सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल
उत्तराखंड में 13 फरवरी को मौसम ठीक रहेगा, लेकिन 16 फरवरी से मौसम बिगड़ सकता है. तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना है. नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और चमोली जैसे जिलों में असर दिखेगा. हिमाचल में कल मौसम साफ रहेगा. लेकिन 16 और 17 फरवरी को फिर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. कांगड़ा, शिमला और धर्मशाला जैसे इलाकों में अलर्ट है। सतर्क रहें.





