Begin typing your search...

दिल्ली में पारा 31°C तक, कश्मीर में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड! जानें देशभर का ताजा मौसम अपडेट

दिल्ली में तापमान 31°C तक पहुंच सकता है, जबकि श्रीनगर में फरवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ. तमिलनाडु, बंगाल और मध्य प्रदेश में हल्की बारिश और बदलते मौसम का अनुमान.

india weather update delhi 31c kashmir record heat imd alert
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 23 Feb 2026 7:52 AM IST

सर्दियों का मौसम अब धीरे-धीरे जा रहा है, लेकिन गर्मियां अभी पूरी तरह से नहीं आई हैं. सुबह-शाम ठंड महसूस होती है, रात में कंबल की जरूरत पड़ती है. लेकिन दिन में कंबल ओढ़ने पर पसीना आने लगता है. ऊनी कपड़े पहनने पर बहुत गर्मी लगती है. जबकि कॉटन के कपड़े पहनने पर ठंड महसूस होती है. मौसम का ये मिजाज आजकल काफी अजीब और बदलता हुआ है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज तापमान में अच्छी खासी बढ़ोतरी होने वाली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज का अधिकतम तापमान करीब 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री के आसपास रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप तेज निकलेगी. अभी कोई खास मौसम चेतावनी नहीं जारी की गई है. अच्छी बात ये है कि तेज हवाओं की वजह से प्रदूषण के कण हवा में फैल गए हैं, जिससे हवा की क्वालिटी (AQI) में थोड़ा सुधार हुआ है. लेकिन जैसे ही हवा की रफ्तार कम होगी, प्रदूषण फिर से बढ़ सकता है.

मध्य प्रदेश का हाल

मध्य प्रदेश में मौसम थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला बना हुआ है. कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश हुई है, जिसकी वजह से तापमान में कभी बढ़ोतरी तो कभी कमी देखी जा रही है. लेकिन आज कोई बड़ी मौसम चेतावनी नहीं है. सुबह और शाम को हल्की ठंडक रहेगी, यानी हल्का ठंडा-ठंडा सा महसूस होगा, लेकिन दिन में तेज धूप निकलेगी और मौसम गर्म हो जाएगा. कई इलाकों में तापमान 30-33 डिग्री तक पहुंच सकता है. अगर आप बाहर काम करते हैं तो दिन में पानी ज्यादा पिएं और छाता या कैप साथ रखें.

तमिलनाडु और पुडुचेरी

दक्षिण भारत में मौसम थोड़ा अलग मिजाज दिखा रहा है. मौसम विभाग ने 23 से 25 फरवरी तक तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है. खासकर तटीय इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है. मछुआरों को सलाह दी गई है कि तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण समुद्र में न जाएं. मौसम विभाग की टीमें समुद्र और मौसम की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं. अगर कोई आपदा जैसी स्थिति बने तो राहत दल तैयार रहेंगे.

श्रीनगर (कश्मीर)

श्रीनगर में इस फरवरी में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है. तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो फरवरी के लिए अब तक का सबसे ऊंचा रिकॉर्ड है. इससे पहले 2016 में 20.6 डिग्री का रिकॉर्ड था. इतना गर्म मौसम फरवरी में होना किसानों, बागवानों और कृषि विशेषज्ञों के लिए चिंता की बात है. सर्दियों में कम बर्फबारी और कम बारिश हुई है, जिससे गर्मियों में पानी की कमी, पेयजल संकट और खेतों में सिंचाई के लिए पानी न मिलने का डर है. कश्मीर में अभी सर्दी कमजोर पड़ रही है, लेकिन आगे क्या होगा, ये देखना होगा.

पश्चिम बंगाल

बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. जिसकी वजह से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है. कोलकाता के मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों के साथ उत्तर बंगाल में भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. लेकिन अच्छी बात ये है कि बारिश भारी नहीं होगी. सिर्फ हल्की से मध्यम स्तर की रहेगी. कोई भारी वर्षा का अलर्ट नहीं है. यहां मौसम में थोड़ी नमी और बारिश से गर्मी से राहत मिल सकती है.

मौसम
अगला लेख